Yash Toxic ने Ramayana, King, Maatrubhumi को किस मामले में पछाड़ दिया है? क्या Ajay Devgn और Akshay Kumar स्टारर Golmaal 5 में Deepika Padukone भी नज़र आएंगी? क्या Shahrukh Khan Rajinikanth की Jailer 2 में कैमियो नहीं करेंगे? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
यश की 'टॉक्सिक' ने 'किंग', 'मातृभूमि', 'रामायण' सबको पछाड़ दिया!
स्केल में चाहे शाहरुख, सलमान और रणबीर की फिल्में बड़ी हों, मगर जनता के बीच 'टॉक्सिक' सबसे ज़्यादा पॉपुलर है.


# 'रामायण', 'किंग', 'मातृभूमि' से आगे यश की 'टॉक्सिक'
'रामायण', 'किंग', 'मातृभूमि' और 'टॉक्सिक'... ये इस साल आने वाली मोस्ट एंटिसिपेटेड फिल्में हैं. और स्केल के हिसाब से देखें, तो 'रामायण' सबसे बड़ी फिल्म भी है. देश ही नहीं दुनियाभर में इसके चर्चे हैं. मगर पब्लिक जिस फिल्म में सबसे ज्यादा रुचि दिखा रही है, वो है यश की 'टॉक्सिक'. बुक माय शो के आंकड़े तो यही कह रहे हैं. 'टॉक्सिक' ने 'रामायण', 'किंग', 'मातृभूमि', इन तीनों को पछाड़ दिया है. बुक माय शो पर 'टॉक्सिक' के लिए पांच लाख 34 हज़ार लोगों ने इंट्रेस्टेड ऑप्शन मार्क किया है. 'मातृभूमि' के लिए एक लाख 13 हज़ार, 'रामायण' के लिए 87 हज़ार 800 और 'किंग' के लिए 65 हज़ार 700 लोगों ने इंट्रेस्टेड ऑप्शन मार्क किया है. शाहरुख की 'किंग' यहां सबसे पीछे है. और 'टॉक्सिक' बहुत बड़े मारजिन से आगे चल रही है. सलमान की 'मातृभूमि' ही लाख के आंकड़े तक पहुंच सकी है. 'रामायण' और 'किंग' तो फिलहाल यहां तक भी नहीं पहुंच पाई हैं. हालांकि फिल्मों की असली परीक्षा तो टिकट खिड़की पर ही होती है. 'टॉक्सिक' 4 जून को रिलीज़ हो रही है. इसके रिलीज़ के बाद ही पता चलेगा कि फिल्म दर्शकों की नब्ज़ पकड़ पाती है या नहीं.
# 'दी कमबैक किंग' होगा ग्लेन पॉवेल की फिल्म का नाम
यूनिवर्सल स्टूडियोज़ की अगली फिल्म कॉमेडी जॉनर की है. ग्लेन पॉवेल और मैडलिन क्लाइन इसमें लीड रोल कर रहे हैं. 6 अप्रैल को स्टूडियो ने इस फिल्म का टाइटल अनाउंस किया. टाइटल है 'दी कमबैक किंग'. क्रिस्टीन मिलियोटी भी इसमें जरूरी किरदार में नज़र आएंगी. इसे जड एपटो डायरेक्ट कर रहे हैं. ये 5 फरवरी 2027 को रिलीज़ होगी.
# 'गोलमाल 5' में दीपिका पादुकोण की एंट्री!
'गोलमाल 5' में दीपिका पादुकोण के नज़र आने की ख़बरें हैं. X पेज ऑलवेज़ बॉलीवुड के मुताबिक दीपिका इसमें इंस्पेक्टर शक्ति शेट्टी के किरदार में दिखेंगी. ये वही कैरेक्टर है, जो दीपिका ने 'सिंघम अगेन' में प्ले किया था. रिपोर्ट के मुताबिक अक्षय कुमार का किरदार शक्ति शेट्टी की गिरफ्त से भाग जाता है. और फिर वो उसे अजय देवगन और उसके ग्रुप की मदद से पकड़ती है. कुल मिलाकर ये 'गोलमाल' और 'सिंघम' फ्रैंचाइज़ का क्रॉसओवर है. मगर फिलहाल मेकर्स ने ऐसी कोई घोषणा नहीं की है. वहीं वैरायटी इंडिया के मुताबिक 'गोलमाल 5' में कोई रोमैंटिक एंगल नहीं है. प्रियमणि फिल्म में हैं, मगर उनका कोई लव एंगल नहीं है.
# "रामायण में हम रावण को विलन की तरह नहीं दिखाएंगे"
'रामायण' का हर प्रसंग लोगों ने पढ़ा-सुना और स्क्रीन पर देखा है. मगर नितेश तिवारी की 'रामायण' में रावण को अलग रोशनी में दिखाया जाएगा. बीते दिनों अमेरिका में हुए प्रेस इवेंट में डायरेक्टर नितेश तिवारी ने बताया कि 'रामायण' में रावण के किरदार की कितनी परतें दिखाई जाएंगी. उन्होंने कहा,
"रावण की ज़िंदगी के कई पहलू थे. वो एक जबरदस्त योद्धा था. अच्छा संगीतकार था. स्कॉलर था. दयालु राजा था. साथ ही वो बहुत बड़ा शिव भक्त भी था. वो सिर्फ एक विलन नहीं था. उसमें कई खूबियां थीं. इसलिए हम रावण को सिर्फ विलन की तरह नहीं दिखाएंगे. रावण के चरित्र के सभी पहलू दिखाना ज़रूरी है. इनमें बड़ी सीख छिपी है. वो ये है कि आप में कितनी भी खूबियां क्यों न हों, पर यदि आप बदले की भावना और अहंकार तले चलते हैं, तो उसका परिणाम बुरा ही होगा."
# रजनीकांत की 'जेलर 2' में कैमियो नहीं करेंगे शाहरुख
रजनीकांत की 'जेलर 2' में शाहरुख खान कैमियो करने वाले थे. इसके लिए चंडीगढ़ की एक कार क्रशिंग फैक्ट्री में सेट भी तैयार हो गया था. मगर अब ख़बर है कि शाहरुख ने इस कैमियो के लिए इनकार कर दिया है. और वजह है 'किंग'. पिंकविला के मुताबिक शाहरुख 'किंग' से पहले कोई भी बिग स्क्रीन अपीयरेंस नहीं करना चाहते. चूंकि 'जेलर 2' 'किंग' से पहले आएगी, इसलिए शाहरुख ने कैमियो के लिए इनकार कर दिया है. वहीं, फिल्मफेयर और 123 तेलुगु की रिपोर्ट कहती है कि शाहरुख ने 'जेलर 2' के शूट के लिए पांच दिन दे दिए हैं. और वो फिल्म में पुलिस ऑफिसर के रोल में नज़र आएंगे. अब शाहरुख इस फिल्म में कैमियो कर रहे हैं या नहीं, ये तो वक्त ही बताएगा. हम याद दिला दें कि 'जेलर 2' अगस्त में रिलीज़ होगी और 'किंग 24' दिसंबर को आएगी.
# नोरा फ़तेही को NCW का आखिरी फ़रमान
कन्नड़ा फिल्म 'KD: द डेविल' के अश्लील गाने 'सरके चुनर तेरी' पर भारी विवाद हुआ. नेशनल ह्यूमन राइट्स कमिशन और नेशनल कमिशन फॉर विमन के नोटिस के बाद नोरा के खिलाफ़ फ़तवा भी जारी हुआ. इस मामले में 6 अप्रैल को एक्टर्स और मेकर्स को NCW के दफ्तर में प्रस्तुत होना था. PTI के मुताबिक राइटर रक़ीब आलम, डायेक्टर प्रेम और KVN प्रोडक्शंस के प्रतिनिधि तो यहां पहुंचे. मगर नोरा और संजय नदारद थे. नोरा की तरफ़ से उनके वक़ील मौजूद थे, लेकिन कमिशन ने ख़ुद नोरा को प्रस्तुत होने को कहा है. कमिशन की तरफ़ से उन्हें ये आखिरी मौक़ा दिया गया है. उन्हें 27 अप्रैल को कमिशन के सामने अपीयर होना होगा. वहीं संजय दत्त को 8 अप्रैल को प्रस्तुत होना होगा.
वीडियो: यश स्टारर 'टॉक्सिक' ने रिलीज से पहले ही कमाए 600 करोड़ रुपये?


















