'लुका छुपी' को लेकर क्रिटिक्स की राय मिली-जुली सी है. बावजूद इसके जनता फिल्म को पसंद कर रही है. शुक्रवार को 8.01 करोड़ रुपए कमाने के बाद फिल्म ने शनिवार को 10.08 करोड़ रुपए और रविवार को 14.04 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया. अगर इन सब को जोड़ दें, तो 'लुका छुपी' सफल फिल्म लगने लगेगी. फिल्म ने तीन दिनों में 32.13 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. कृति तो कई बड़ी फिल्मों का हिस्सा रह चुकी हैं लेकिन 'लुका छुपी' कार्तिक आर्यन के करियर की सबसे बड़ी फिल्म बन गई है. उनकी पिछली फिल्म कामयाब फिल्में 'सोनू के टीटू की स्वीटी' ने पहले वीकेंड में 26.57 करोड़ रुपए और 'प्यार का पंचनामा 2' ने 22.75 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था. दूसरी ओर 'सोनचिड़िया' दर्शकों को मोहताज है. पहले दिन 1.20 करोड़ रुपए कमाने वाली इस फिल्म ने दूसरे दिन 1.50 करोड़ रुपए और संडे को 1.90 करोड़ रुपए कमाए. इन सब को जोड़कर बनता है 4.60 करोड़ रुपए. इन दिनों फिल्मों की कलेक्शन में अंतर की एक वजह इनका स्क्रीन काउंट भी हो सकता है. जहां 'लुका छुपी' इंडिया में 2100 और दुनियाभर में 2507 स्क्रीन्स पर रिलीज़ हुई है, वहीं 'सोनचिड़िया' देश में 720 और दुनियाभर में महज़ 940 स्क्रीन्स पर रिलीज़ हुई है.

अभिषेक चौबे डायरेक्टेड फिल्म 'सोनचिड़िया' में सुशांत सिंह राजपूत, मनोज बावजपेयी, रणवीर शॉरी, आशुतोष राणा और भूमि पेडनेकर जैसे एक्टर्स ने काम किया है.
इनसे पीछे जाने पर पता लगता है कि 'टोटल धमाल' ने मचाना अब भी ज़ारी रखा हुआ है. दो नई फिल्में 'सोन चिड़िया' और 'लुका छुपी' के सामने होने के बावजूद भी इसने पिछले तीन दिनों में 23.22 करोड़ रुपए कमाए हैं. जिससे इसका टोटल कलेक्शन 117.70 करोड़ रुपए पहुंच जाता है. 'गली बॉय' ने अब तक सिनेमाघरों से 132.93 करोड़ रुपए बटोर लिए हैं, तो 'उड़ी' का ड्रीम रन अब भी बदस्तूर ज़ारी है. विकी कौशल की ये फिल्म अब तक 239.69 करोड़ रुपए कमा चुकी है. जहां तक बात है नई नवेली रिलीज़ हुईं फिल्मों का, तो इनके पास कमाने के लिए ठीक-ठाक समय है. ऐसा इसलिए क्योंकि आने वाले दो हफ्तों में कोई बड़ी फिल्म रिलीज़ नहीं हो रही है. अगले हफ्ते जहां अमिताभ बच्चन और तापसी पन्नू की सस्पेंस थ्रिलर 'बदला' आ रही है, तो उसके अगले हफ्ते नवाजुद्दीन सिद्दीकी की रितेश बत्रा डायरेक्टेड 'फोटोग्राफ', अली फज़ल की 'मिलन टॉकीज़' और राकेश ओमप्रकाश मेहरा डायरेक्टेड सोशल ड्रामा 'मेरे प्यारे प्राइम मिनिस्टर' रिलीज़ होनी हैं.
वीडियो देखें: फिल्म रिव्यू- सोनचिड़िया





















