The Lallantop

कटरीना की 'मेरी क्रिसमस' की रिलीज़ डेट अनाउंस होते ही मेकर्स पर भड़क गए करण जौहर

करण जौहर ने बोला, अगर डिस्कस करके रिलीज़ डेट अनाउंस नहीं करनी, तो फिल्म इंडस्ट्री को बिरादरी बुलाना बेकार है. ऐसे काम नहीं चलेगा.

Advertisement
post-main-image
'मेरी क्रिसमस' का पोस्टर. दूसरी तरफ एक मौके पर नाराज़ करण जौहर.

Katrina Kaif और Vijay Sethupathi की नई फिल्म Merry Christmas की रिलीज़ डेट अनाउंस की गई. बताया गया कि 'बदलापुर' और 'अंधाधुन' वाले Sriram Raghavan की ये फिल्म 15 दिसंबर को सिनेमाघरों में लगेगी. 'मेरी क्रिसमस' की रिलीज़ डेट आते ही Karan Johar इस फिल्म के मेकर्स पर भड़क गए. उन्होंने थ्रेड पर पोस्ट करते हुए लिखा-

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

"फोन करने की जहमत उठाए बिना एक ही तारीख पर फिल्म क्लैश करना, स्टूडियोज़ और प्रोड्यूसर्स के लिए आगे बढ़ने का सही तरीका नहीं है. सिनेमाघरों के लिए इस मुश्किल और चुनौतीपूर्ण दौर में भी अगर हम साथ खड़े नहीं हुए, तो हमें फ्रेटरनिटी (बिरादरी) बुलाना बेकार है."

karam johar, thread,
करण जौहर के थ्रेड पोस्ट का स्क्रीनशॉट.

करण जौहर का गुस्सा इसलिए फूटा क्योंकि उसी तारीख पर उनके प्रोडक्शन की फिल्म 'योद्धा' भी सिनेमाघरों में रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड है. 'योद्धा' एक्शन फिल्म है, जिसमें सिद्धार्थ मल्होत्रा, दिशा पाटनी और राशि खन्ना जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. पहले ये फिल्म 7 जुलाई, 2023 को रिलीज़ होनी थी. फिर इसे आगे खिसकाकर 15 सितंबर किया गया. और 15 दिन पहले इस फिल्म की रिलीज़ डेट तीसरी बार बदली गई. अब 'योद्धा' 15 दिसंबर को थिएटर्स में उतरेगी.

Advertisement

पिछले दिनों 'जवान' और 'एनिमल' की रिलीज़ डेट बदली गई. 'जवान' 2 जून के लिए शेड्यूल्ड थी. अब वो 7 सितंबर को आ रही है. वहीं 'एनिमल' 11 अगस्त को रिलीज़ होनी थी. अब वो 1 दिसंबर को लग रही है. इन दो फिल्मों के फेर में पूरी इंडस्ट्री को अपना कैलेंडर दोबारा सेट करना पड़ा. इसलिए पिछले एक महीने में तकरीबन सभी बड़ी फिल्मों की रिलीज़ डेट बदली है.

करण जौहर, शाहरुख की 'जवान' के हफ्तेभर बाद अपनी फिल्म 'योद्धा' नहीं उतारना चाहते थे. इसलिए उन्होंने 'एनिमल' की नई रिलीज़ डेट का इंतज़ार किया. संदीप रेड्डी वांगा ने बताया कि 'एनिमल' 1 दिसंबर को आएगी. इसके कुछ ही घंटे बाद करण ने 'योद्धा' को 15 दिसंबर के लिए अनाउंस कर दिया.

Advertisement

अब मेरी क्रिसमस के मेकर्स ने उसी डेट पर अपनी फिल्म अनाउंस कर दी है. इसका मतलब साफ है. या तो करण जौहर, 'मेरी क्रिसमस' के साथ क्लैश को तैयार रहें, या फिर नई रिलीज़ डेट ढूंढें. जो कि बहुत मुश्किल है. क्योंकि इस साल की सारी डेट्स बुक हो चुकी हैं.

'मेरी क्रिसमस' थ्रिलर फिल्म है. इसे रमेश तौरानी की टिप्स फिल्म्स ने प्रोड्यूस किया है. इस फिल्म को दो भाषाओं में अलग-अलग सपोर्टिंग स्टारकास्ट के साथ शूट किया गया है. फिल्म के हिंदी वर्ज़न में कटरीना और विजय सेतुपति के साथ संजय कपूर, विनय पाठक, टिनू आनंद और प्रतिम कनन जैसे एक्टर्स दिखेंगे. 'मेरी क्रिसमस' के तमिल वर्ज़न में कटरीना और विजय के साथ राधिका शरतकुमार, शनमुगराजा, केविन जयबाबू और राजेश विलियम्स दिखाई देंगे. 

'योद्धा' को सागर आम्ब्रे और पुष्कर ओझा की जोड़ी ने डायरेक्ट किया है. दोनों ही फिल्में 15 दिसंबर को रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड हैं. दोनों के पास कमाई करने के लिए सिर्फ एक हफ्ते का समय होगा. क्योंकि 23 दिसंबर को शाहरुख खान और राजकुमार हिरानी की फिल्म 'डंकी' थिएटर्स में लगनी है.  

वीडियो: शाहरुख खान की जवान ने रणबीर कपूर की एनिमल के लिए साल की सबसे जबरदस्त रिलीज़ डेट छोड़ी थी

Advertisement