The Lallantop

'जवान' की एक्ट्रेस ने बताया, कैसे हालात में 'ज़िंदा बंदा' गाने की शूटिंग हुई थी?

गाने में पहले शाहरुख का फेमस पोज़ नहीं होने वाला था. फिर वो जुड़ा. कैसे, उसकी कहानी भी बताई है.

Advertisement
post-main-image
संजीता ने बताया कि सेट पर पहले दिन कैसा माहौल था.

हाल ही में खबर आई कि Jawan का दूसरा गाना ‘दिल तेरे नाम जोड़ियां’ जल्द ही आने वाला है. अरिजीत सिंह की आवाज़ के साथ इसे फिल्माया गया है शाहरुख और नयनतारा पर. इस गाने को लेकर अभी पूरी डिटेल्स बाहर आनी बाकी है. उस बीच ‘जवान’ की एक्ट्रेस ने ‘ज़िंदा बंदा’ की मेकिंग की कहानी रिवील की है. संजीता भट्टाचार्य फिल्म में शाहरुख की टीम का पार्ट हैं. ‘ज़िंदा बंदा’ में भी वो शाहरुख, सान्या मल्होत्रा और प्रियमणि के साथ डांस करती हुई दिखती हैं. संजीता ने इंडिया टुडे को ‘ज़िंदा बंदा’ के सेट पर पहले दिन के बारे में बताया,

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

वहां बहुत ज़्यादा धूल थी. बहुत ज़्यादा धुआं था. मुझे याद है मैं पहले दिन सेट पर गई और मैंने इतना बड़ा सेट पहले कभी नहीं देखा था. ये चेन्नई में था और मैं सेट पर पहुंची, अपनी कॉस्ट्यूम पहनी और देखा कि 1000 औरतों ने वही कॉस्ट्यूम पहनी हुई है. प्रियमणि आईं. फिर शाहरुख आए. 

संजीता ने आगे कहा,

Advertisement

हमें कोरियोग्राफी सिखा दी गई. हमें बस उसे याद कर के डांस करना था. एक मोमेंट था जहां शाहरुख सर ने अपनी बाहें फैलाने वाला जेस्चर किया और कहा कि मैं ये करूं क्या. कोरियोग्राफर, एटली सर समेत सभी लोगों का कहना था कि हां, हमें यही चाहिए. बस फिर हम सभी ने वो स्टेप किया. ‘ज़िंदा बंदा’ में एक मोमेंट है जहां शाहरुख बाहों वाला जेस्चर कर रहे हैं और उसके बाद हम सभी वो स्टेप कर रहे हैं. 

बता दें कि ‘जवान’ संजीता की पहली फिल्म है. इससे पहले वो Feels Like Ishq और The Broken News जैसी वेब सीरीज़ में काम कर चुकी हैं. एक्टिंग के साथ-साथ संजीता गाने लिखती और गाती भी हैं. अपने सिंगिंग शोज़ करती हैं. संजीता ने इंडिया टुडे से पिछली बातचीत में ‘जवान’ की कास्टिंग का किस्सा बताया था. उनका कहना था,

अगस्त 2021 में मुझे ‘जवान’ के लिए कास्ट किया गया. मैं तब एक म्यूज़िक गिग के लिए कोलकाता में थीं. मुझे फिल्म के कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा के ऑफिस से कॉल आया. उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या मैं जल्द ही मुंबई आने वाली हूं. मैंने जवाब दिया कि नहीं पर उनसे पूछा कि क्या हुआ. उन्होंने बताया कि वो लोग एक फिल्म के लिए कास्टिंग कर रहे हैं. उसके बारे में ज़्यादा बात नहीं कर सकते, पर जब भी आप मुंबई आएं तो ऑफिस आकर ऑडिशन दे दीजिएगा. 

Advertisement

संजीता बताती हैं कि उस कॉल के एक हफ्ते बाद उन्हें एक शो के लिए मुंबई जाना पड़ा. रिलैक्स होते हुए वो ऑडिशन देने भी पहुंच गईं. उनका कहना है कि चूंकि उन्हें प्रोजेक्ट के बारे में कुछ भी नहीं पता था, इस वजह से कोई प्रेशर भी महसूस नहीं हुआ. ऑडिशन के करीब हफ्ते भर बाद उन्हें मुकेश छाबड़ा के ऑफिस से कॉल आया. उन्होंने आगे बताया,

उन लोगों ने मुझे कहा कि आपको रोल के लिए लॉक कर लिया गया है. उन्होंने कहा कि अब तक प्रोजेक्ट का टाइटल तय नहीं हुआ है. लेकिन इसमें एक ए-लिस्टर है. मैंने पूछा कि ए-लिस्टर क्या होता है. मुझे ए-लिस्टर का मतलब नहीं पता था. उन्होंने जवाब दिया शाहरुख खान. मैंने जो सुना उस पर यकीन नहीं हुआ. एक महीने के बाद मैं ‘जवान’ के लिए शूटिंग कर रही थी.  

‘जवान’ में संजीता शाहरुख की कोर टीम का हिस्सा हैं. शाहरुख के कैरेक्टर की टीम महिला फाइटर्स से मिलकर बनी है. संजीता उसी टीम में हैं. उन्होंने बताया था कि रोल के लिए उन्हें कॉम्बैट ट्रेनिंग लेनी पड़ी थी. बंदूक ठीक से थामना, स्टंट करना, ऐसी तमाम चीज़ें सिखाई गईं.         
 

वीडियो: जवान के एंड क्रेडिट सॉन्ग रमैया वस्तावैया में शाहरुख खान के साथ पूरी स्टारकास्ट होगी

Advertisement