Nitesh Tiwari की Ramayana में Ranbir Kapoor ट्रिपल रोल करने वाले हैं. एक राम, दूसरा परशुराम और तीसरा विष्णु के एक अन्य अवतार का. मगर फिल्म में एक ऐसे एक्टर भी हैं, जिन्होंने उनसे भी ज़्यादा रोल किए हैं. चर्चित टीवी एक्टर Chetan Hansraj ने 'रामायण' प्रोजेक्ट में सात अलग-अलग किरदार निभाए हैं. इनमें से एक तो रावण के नाना सुमाली का है. रोचक बात ये है कि फिल्म की कहानी राम या रावण नहीं, बल्कि उनके कैरेक्टर सुमाली से ही शुरू होगी.
जिस एक्टर से शुरू होगी रणबीर कपूर की 'रामायण', वो फिल्म में 7 किरदार निभाएंगे
यही एक्टर फिल्म में रावण के नाना सुमाली का रोल भी कर रहे हैं.


नवभारत पॉडकास्ट पर चेतन ने कन्फर्म किया कि वो ‘रामायण’ में रावण के नाना बनेंगे. उन्होंने बताया कि उनका किरदार काफी रोचक और पावरफुल है. इसके अलावा वो छह और रोल्स में दिखाई देंगे. उन्होंने उनके नाम फिलहाल रिवील नहीं बताए हैं. वैसे, इंटरव्यू के दौरान चेतन ने अपने किरदार को सुमाली की जगह माली बताया. 'रामायण' में माल्यवान, सुमाली और माली नाम के तीन राक्षस भाई बताए जाते हैं. इनमें से सुमाली रावण के नाना थे. इस हिसाब से चेतन के किरदार का नाम भी सुमाली होना चाहिए. ऐसे में उनका खुद को माली बताया जाना फिलहाल हम स्लिप ऑफ टंग मान रहे हैं.
'रामायण' में एक प्रसंग है, जहां माल्यवान, सुमाली और माली ने विश्वकर्मा को अपने लिए एक सुंदर नगर बनाने कहा था. ऐसे में विश्वकर्मा ने उन्हें लंका का पता दिया, जिसे उन्होंने शिव के लिए बनाया था. तीनों भाई वहां आराम से रहने लगे. मगर इससे ऋषि-मुनियों का जीना दूभर हो गया. तंग आकर मुनिगण भगवान विष्णु की शरण में गए. एक युद्ध में विष्णु ने माल्यवान और माली का वध कर दिया. इस वजह से सुमाली को पाताल लोक में जाकर छिपना पड़ा. सुमाली के जाने के बाद ऋषि विश्रवा के बेटे और धन के देवता कहे जाने वाले कुबेर, लंका के राजा बने.
सुमाली लंका को वापस पाने की जुगत में था. इसलिए उसने अपनी बेटी कैकसी की शादी ऋषि विश्रवा से करवा दी. रावण, कुंभकर्ण और विभीषण उनके ही बेटे हैं. इस रिश्ते की वजह से कुबेर और रावण सौतेले भाई बन गए. चेतन हंसराज ने अगस्त 2025 में मिनट्स ऑफ मसाला चैनल पर हुई बातचीत में बताया था कि 'रामायण' की कहानी उनके कैरेक्टर से ही शुरू होगी. उन्होंने इसे अपने करियर का सबसे बेहतरीन शूटिंग एक्सपीरियंस बताया था.
चेतन ने अपने किरदार के बारे में इससे ज़्यादा कुछ नहीं बताया. मगर अनुमान है कि फिल्म में लंका की बैकस्टोरी दिखाई जाएगी. साथ ही हम फिल्म के शुरुआती सीन्स में रावण और कुबेर की लड़ाई भी देखेंगे. रावण ने कुबेर से युद्ध जीतने के बाद ही लंका पर कब्जा किया था. पुष्पक विमान भी उसे तभी मिला था. अगर आपने रणबीर कपूर वाला फर्स्ट लुक टीज़र देखा हो, तो उसमें यश की एंट्री जरूर याद होगी. टीज़र में वो पुष्पक विमान की तरफ बढ़ रहे थे. वहीं उनके आसपास की दीवारें टूटी हुई थीं. ज़्यादा आसार इस बात के हैं कि ये कुबेर से हुए युद्ध के बाद वाला सीक्वेंस हो सकता है. हालांकि इस पर मुहर लगने के लिए हमें फिल्म रिलीज़ होने तक का इंतज़ार करना होगा. यश ने एक इवेंट में बताया था कि ‘रामायण’ का पहला पार्ट इस साल 30 अक्टूबर को सिनेमाघरों में आ जाएगा.
वीडियो: नमित मल्होत्रा ने 'रामायण' के थिएट्रिकल राइट्स के लिए कितने पैसे मांगे?






















