रजनीकांत की फिल्म में जो रोल शाहरुख खान ने ठुकराया, अब वो ऋतिक करेंगे!
ऋतिक इससे पहले भी रजनीकांत के साथ फिल्म में काम कर चुके हैं.

Rajinikanth स्टारर Jailer 2 में Shahrukh Khan कैमियो करने वाले थे. फिल्म में एक्ट कर रहे Mithun Chakraborty ने एक इंटरव्यू में शाहरुख का कैमियो कन्फर्म किया था. सारी बातें भी तय हो गई थीं. मगर शूट से ऐन पहले शाहरुख ने कदम पीछे ले लिए. अब ‘जेलर 2’ में एक बॉलीवुड स्टार का कैमियो तो प्लान्ड है. और मेकर्स इसमें कोई तब्दीली नहीं चाहते. इसलिए शाहरुख की ना के बाद टीम ‘जेलर’ ने Pawan Kalyan को अप्रोच किया. लेकिन वो भी इनकार कर गए. कारण… वो आंध्रप्रदेश के डिप्टी CM की अपनी जिम्मेदारियों में व्यस्त हैं. तेलुगु वन के मुताबिक पवन कल्याण की ना के बाद अब मेकर्स ने ये रोल Hrithik Roshan को ऑफर किया है. ऋतिक ने कॉन्सेप्ट सुन लिया है. चर्चाएं भी चल रही हैं. मगर अब तक उन्होंने पेपर वर्क नहीं किया है. हालांकि ऋतिक अभी किसी भी फिल्म की शूटिंग नहीं कर रहे हैं. मगर वो इस कैमियो के लिए राज़ी होते हैं या नहीं, ये तो वक्त ही बताएगा.
नवंबर 2025 में ख़बरें आई थीं कि जेलर 2 के इस रोल के लिए नंदमुरी बालकृष्ण से बातचीत चल रही है. मगर यहां बात नहीं बनी. फिर शाहरुख पिक्चर में आए. 'जेलर 2' के मेकर्स ने शाहरुख से पांच दिन का समय मांगा था. उनका एक्सटेंडेड कैमियो चंडीगढ़ की एक कार क्रशिंग फैक्ट्री में शूट होना था. मगर शाहरुख पांच दिन भी देने को राज़ी नहीं हुए. और इसकी वजह उनकी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’ बताई जा रही है. और चक्कर डेट्स का नहीं, बल्कि लुक का है. ‘किंग’ में शाहरुख सॉल्ट एंड पैपर हेयरस्टाइल में नज़र आने वाले हैं. हेयरकट भी उनकी पिछली फिल्मों से बिल्कुल अलग है. ‘किंग’ से पहले वो इस लुक में कहीं भी नज़र नहीं आना चाहते. ‘किंग’ 24 दिसंबर को आएगी, और 'जेलर 2' सितंबर में. और शाहरुख नहीं चाहते कि उनका लुक ‘किंग’ के आने से तीन महीने पहले ही रिवील हो जाए. इधर ‘जेलर 2’ वालों की परेशानी अब बढ़ गई है क्योंकि मई ख़त्म होने को है. और अभी इस कैमियो के लिए एक्टर ही तय नहीं हो पाया है. रिलीज़ के तीन महीने पहले शूट अधूरा होने से इसके सितंबर रिलीज़ पर भी संशय बन रहा है.
# रजनीकांत को बड़ी मुश्किल से बचाएगा ये किरदार
ये कैमियो एक पुलिस ऑफिसर का है. मार्च में IANS ने रिपोर्ट किया था कि इस किरदार को रजनीकांत तब बुलाएंगे, जब वो बड़ी मुसीबत में होंगे. ये कैरेक्टर रजनीकांत का राज़दार होगा. और फिल्म के ऐसे मोड़ पर इसकी एंट्री होगी, जब मामला आर या पार वाला होगा. अगर शाहरुख ये रोल करते तो रजनीकांत और शाहरुख पहली बार साथ काम करते. इससे पहले कि आप सोचें कि ये दोनों ‘रा.वन’ में भी तो नज़र आए थे, जहां रजनीकांत ने चिट्टी नाम का किरदार निभाया था. तो बता दें, कि रजनीकांत ने ‘रा.वन’ के लिए शूट नहीं किया था. उन दिनों उनकी तबीयत खराब चल रही थी. इसलिए उनकी जगह ये रोल उनके बॉडी डबल सुरेश मेनन ने किया था. सुरेश ने खुद एक इंटरव्यू में इस बात का ज़िक्र किया था.
‘जेलर’ में और भी नामी एक्टर्स ने कैमियो किया है. ये हैं मोहनलाल, शिवा राजकुमार और विजय सेतुपति. इन सभी ने अपने हिस्से की शूटिंग कर ली है. अगर ऋतिक हामी भरते हैं तो जून के पहले हफ्ते में उनके पार्ट की शूटिंग होगी. ऋतिक ने बतौर चाइल्ड आर्टिस्ट रजनीकांत की ‘भगवान दादा’ (1986) में काम किया था. इसलिए टेक्निकली ये रजनीकांत के साथ उनकी दूसरी फिल्म कहलाएगी. और अगर वो ये रोल करते हैं, तो वो पहली बार पुलिस ऑफिसर के किरदार में पर्दे पर आएंगे.
रही फिल्म की कास्ट की बात, तो फिल्म में मशहूर चेहरे नज़र आने वाले हैं. राम्या कृष्णन ने इस पार्ट में भी रजनीकांत की पत्नी का रोल किया है. विद्या बालन ने रजनीकांत की बेटी का किरदार निभाया है. जतिन सरना और मिथुन नेगेटिव कैरेक्टर्स में हैं. नेल्सन दिलीपकुमार के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म के बारे में कहा जा रहा है, कि ये 3 सितंबर को रिलीज़ होगी. मगर अभी मेकर्स ने कोई घोषणा नहीं की है.
वीडियो: ‘जेलर 2’ में शाहरुख खान का दमदार कैमियो? दिसंबर में हो सकती है शूटिंग

