Allu Arjun की नई फिल्म पर लगी मुहर? Aamir Khan के खिलाफ फतवा क्यों जारी हुआ? YRF Spy Universe को बचाने के लिए एक्सपर्ट्स ने क्या प्लान बताया? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें-
क्या अल्लू अर्जुन बनेंगे अगले 'शक्तिमान'? बेसिल जोसफ ने तगड़ा हिंट दे दिया!
चर्चा थी कि 'मिन्नल मुरली' के डायरेक्टर बेसिल जोसफ और अल्लू अर्जुन साथ काम करने वाले हैं. अब इस खबर पर मुहर लगती दिख रही है.


#'मिन्नल मुरली' वाले डायरेक्टर की फिल्म में अल्लू अर्जुन
लंबे समय से ऐसी चर्चा चल रही है कि 'मिन्नल मुरली' फेम डायरेक्टर बेसिल जोसफ और अल्लू अर्जुन साथ काम करने वाले हैं. अब इस खबर पर मुहर लग गई है. बेसिल ने सोशल मीडिया पर एक कैप की तस्वीर शेयर की, जिस पर Icon लिखा हुआ है. बैकग्राउंड में दो लोग नज़र आ रहे हैं. इसे पब्लिक बेसिल और अल्लू अर्जुन के कोलैब का कंफर्मेशन मान रही है. अल्लू अर्जुन 'राका' और AA23 से फारिग होने के बाद इस फिल्म पर काम शुरू कर सकते हैं. फैन्स का मानना है कि ये फिल्म 'शक्तिमान' हो सकती है. क्योंकि बेसिल, रणवीर सिंह के साथ ये फिल्म बनाने वाले थे. पिंकविला की रिपोर्ट के मुताबिक 'मिन्नल मुरली' पर बेसिल के को-राइटर रहे अनिरुद्धन ने ऐसी किसी संभावना से इन्कार किया था. उन्होंने कहा था कि अल्लू अर्जुन को कभी 'शक्तिमान' का आइडिया पिच ही नहीं किया गया. मगर पब्लिक का मानना है कि बेसिल, अल्लू अर्जुन को लेकर एक फ्रेश सुपरहीरो फिल्म बनाने वाले हैं.
# आमिर खान के खिलाफ फतवा जारी
4 जुलाई को आमिर खान और गौरी स्प्रैट की शादी हुई. अब मुस्लिम पर्सनल दारुल इफ्ता नाम की एक मुस्लिम बॉडी ने आमिर के खिलाफ फतवा जारी कर दिया है. मौलाना इब्राहिम हुसैन ने एक वीडियो जारी करते हुए कहा कि शरिया के मुताबिक एक मुस्लिम को किसी ग़ैर-मुस्लिम से शादी करने की इज़ाज़त नहीं है.
# आज से अक्षय कुमार शुरू करेंगे 'हैवानियत'
अक्षय कुमार पिछले कुछ समय से लगातार कॉमेडी फिल्में कर रहे हैं. मगर वो सीरियस सिनेमा में वापसी करने जा रहे हैं. वो प्रियदर्शन की 'हैवान' में सैफ अली खान के साथ नज़र आने वाले हैं. रिपोर्ट्स हैं कि अक्षय इस फिल्म में विलन का रोल कर रहे हैं. 14 जुलाई को अक्षय ने सोशल मीडिया पर लिखा- "बहुत हंसा लिया. अब कल से हैवानियत शुरू." 15 जुलाई की रात 8 बजे 'हैवान' का पहला टीजर रिलीज़ किया जाएगा.
# एक्सपर्ट्स ने बताया कैसी बचेगा स्पाय यूनिवर्स
YRF स्पाय यूनिवर्स एक मुश्किल दौर से गुज़र रहा है. पहले 'टाइगर 3' को उम्मीद के मुताबिक रिस्पॉन्स नहीं मिला. उसके बाद आई ऋतिक की 'वॉर 3' इस फ्रैंचाइज की पहली फ्लॉप साबित हुई. और हालिया रिलीज़ 'ऐल्फा' भी असफल रही है. ऐसे में ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि स्पाय यूनिवर्स को फिलहाल एक ब्रेक की ज़रूरत है. उन्हें एक-दो साल इस फ्रैंचाइज़ के तहत कोई फिल्म नहीं बनाना चाहिए. साथ अन्य एक्सपर्ट्स का कहना है कि 'धुरंधर' के बाद स्पाय यूनिवर्स को भी रूटेड स्टोरीटेलिंग की ज़रूरत है. साथ ही 'ऐल्फा' में आलिया और शरवरी के बिकिनी सीन्स जैसे ग़ैर-ज़रूरी सीक्वेंस से भी उन्हें दूरी बनानी चाहिए. ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि YRF को अगर इस यूनिवर्स को जिलाना है, तो उन्हें एक ऐसी फिल्म बनानी चाहिए, जिसमें शाहरुख, सलमान, ऋतिक, आलिया और शरवरी जैसे एक्टर्स एक साथ आएं.
# 'तारक मेहता...' छोड़ रहे हैं दिलीप जोशी?
'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में जेठालाल का रोल करने वाले दिलीप जोशी ये शो छोड़ रहे हैं. पिछले कुछ समय से ऐसी खबरें चल रही हैं. इन रिपोर्ट्स में बताया गया कि शो के मेकर्स नई राजस्थानी फैमिली को आगे बढ़ाना चाहते हैं. इसलिए जेठालाल के किरदार को कम स्क्रीनटाइम दिया जाएगा. टाइम्स ऑफ इंडिया के मुताबिक शो के स्पोक्सपर्सन ने साफ किया कि ऐसी कोई चीज़ नहीं होने जा रही. जेठालाल इस शो के लीड कैरेक्टर हैं और आगे भी शो उनके ही इर्द-गिर्द घूमेगा. उन्होंने दिलीप जोशी के इस शो से अलग होने की खबरों का खंडन किया है.
# 'भोजुपरी बवाल' में पवन सिंह VS तेज प्रताप
कलर्स चैनल और जियो हॉटस्टार पर 'भोजपुरी बवाल' नाम का एक रियलिटी शो आने वाला है. इस शो में पवन सिंह, दिनेश लाल यादव निरहुआ, आम्रपाली दुबे, काजल राघवानी और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेज प्रताप यादव नज़र आएंगे. शो में टीजर में पवन सिंह और तेज प्रताप यादव के संबंधों में खटास की बात होती है. टीजर के अंत में निरहुआ कहते हैं कि ये रियलिटी शो 'बिग बॉस' से भी ऊपर जाएगा. जिसे सलमान खान के शो को डायरेक्ट चैलेंज माना जा रहा है. 'भोजपुरी बवाल' 2 अगस्त से प्रीमियर होगा.
वीडियो: बेसिल जोसफ के एक पोस्ट ने बढ़ाया सस्पेंस, क्या अल्लू अर्जुन बनने जा रहे हैं 'शक्तिमान'!












