लेटेस्ट खबर ये है कि फिल्म से सलमान खान और आलिया भट्ट के किरदारों की कुछ बेसिक बातें बाहर आ गई हैं. मुंबई मिरर में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक सलमान फिल्म में 40 साल के एक बिज़नेसमैन का रोल करेंगे. वहीं आलिया का किरदार 20-22 साल की एक लड़की का होगा, जो हीरोइन बनना चाहती है. ये फिल्म एक लव स्टोरी है, इसलिए इन दोनों के बीच रोमैंटिक एंगल ही होने वाला है. ये दो अलग-अलग जेनरेशन से आने वाले लोगों के बीच होने वाले प्रेम की कहानी होगी. पिछले दिनों सलमान और आलिया के एज गैप को पाटने के लिए मार्केट में एक अलग ही थ्योरी चल निकली थी. कई मीडिया रिपोर्ट्स में बताया गया कि फिल्म के दोनों लीड एक्टर्स भाई-बहन का रोल करने वाले हैं. हालांकि वो सारी बातें फर्जी निकलीं.

अपनी अगली फिल्म में आलिया भट्ट और सलमान खान एक दूसरे के साथ रोमैंटिक रोल में नज़र आएंगे.
सलमान खान फिलहाल 'दबंग 3' की शूटिंग कर रहे हैं. इसी में से समय काटकर वो अपनी अगली रिलीज़ 'भारत' के प्रमोशन में लगेंगे. वहीं तब तक आलिया भी राजामौली की 'आरआरआर' और 'सड़क 2' का काम पूरा कर लेंगी. ये सब कुछ निपटाने के बाद सितंबर, 2019 से 'इंशाअल्लाह' की शूटिंग शुरू होगी. फिल्म की शूटिंग के लिए लोकेशंस की रेकी की जा रही है. भंसाली इसे गंगा किनारे शूट करना चाहते हैं. इसलिए ऋषिकेश, हरिद्वार और बनारस जैसे शहरों पर बातचीत ज़ारी है. फिल्म का एक बड़ा हिस्सा विदेशों में भी शूट होना है. यूरोप और कई अलग-अलग देशों की खाक छानने के बाद अमेरिका में इस फिल्म को शूट किए जाने की बात तय हुई है. आने वाली सर्दियों में भंसाली की टीम यूएस में शूट करेगी. 'इंशाअल्लाह' 2020 में ईद के मौके पर रिलीज़ होगी.
वीडियो देखें: भंसाली की फिल्म को 'कुत्ता भी देखने नहीं गया' कहने के बाद सलमान और भंसाली कैसे साथ आ गए?











