The Lallantop

शाहरुख खान ने क्यों कहा कि वो एक्टिंग नहीं करना चाहते हैं?

शाहरुख जून में अपनी अगली फिल्म अनाउंस करने वाले थे, अब कैंसिल कर दी.

Advertisement
post-main-image
फिल्म 'दिलवाले' के एक सीन में शाहरुख खान. शाहरुख आखिरी बार आनंद एल.रॉय डायरेक्टेड फिल्म 'ज़ीरो' में दिखाई दिए थे.
शाहरुख खान की पिछली फिल्म 'ज़ीरो' की असफलता ने उन्हें पिछले पांव पर धकेल दिया है. शाहरुख ने बताया कि उनका इंट्र्स्ट सिर्फ एक्टिंग में है और उन्हें फिलहाल वो भी करने का मन नहीं कर रहा है. शाहरुख खान की पिछली पांच फिल्में कुछ बॉक्स ऑफिस नंबर्स के मामले में काफी कमज़ोर रही हैं. उन्होंने बड़े जतन से फिल्म 'फैन' बनाई थी. क्रिटिक्स ने फिल्म को खूब सराहा और अलग तरह की फिल्मों का चुनाव के शाहरुख की तारीफ भी की. लेकिन ज़्यादा लोगों ने ये फिल्म देखी नहीं. इसके बाद 'रईस' आई, जो फुल ऑन मसाला एंटरटेनर थी. इसकी कमाई भी ठीक-ठाक सी ही रही. फिर शाहरुख इम्तियाज अली की 'जब हैरी मेट सेजल' में नज़र आए. ये फिल्म भी नहीं चली. आखिरी बार वो फिल्म 'ज़ीरो' में नज़र आए थे और जनता ने इस फिल्म को भी नकार दिया. इससे शाहरुख का मन खट्टा सा हो गया है. इसीलिए अब वो फूंक-फूंककर कदम रख रहे हैं.
रिलीज़ के चार महीने बाद फिल्म 'ज़ीरो' को चीन में दिखाया गया. ये बीजिंग इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल की क्लोज़िंग फिल्म थी. इसके लिए शाहरुख कुछ ही दिन पहले चीन गए थे. जहां उन्होंने 'ज़ीरो' की असफलता को लेकर पहली बार बात की थी. पहले सीआरआई (चाइना रेडियो इंटरनेशनल) हिंदी को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि वो जून तक अपनी अगली फिल्म अनाउंस करेंगे. उसके कुछ ही दिन बाद उसी एजेंसी को दिए इंटरव्यू में शाहरुख ने ऐसा करने से मना कर दिया है. अपनी अगली फिल्म के बारे में सीआरआई से बात करते हुए शाहरुख बताते हैं-
फिल्म 'ज़ीरो' के एक सीन में शाहरुख खान. फिल्म में शाहरुख ने एक बौने का किरदार निभाया था. इसमें उनके साथ कटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा भी नज़र आईं थीं.
फिल्म 'ज़ीरो' के एक सीन में शाहरुख खान. फिल्म में शाहरुख ने एक बौने का किरदार निभाया था. इसमें उनके साथ कटरीना कैफ और अनुष्का शर्मा भी नज़र आईं थीं.
''मैंने कहा था शायद मैं जून तक तय कर पाऊं कि मेरा अगला प्रोजेक्ट क्या होने वाला है. लेकिन मैं अब ये जून में भी नहीं करूंगा. मैं कोई फिल्म तभी करूंगा जब मैं उसे दिल से करना चाहूंगा. मैं एक्टिंग तभी करता हूं, जह मेरा दिल करता है लेकिन अभी मेरा ये करने का मन नहीं कर रहा. कई लोग मुझे कहानियां सुना रहे हैं. मैंने 15-20 कहानियां सुनी भी हैं. इनमें से दो-तीन मुझे ठीक लगीं. लेकिन मैंने अभी ये तय नहीं किया है कि कौन सी फिल्म करनी है. क्योंकि मेरे साथ समस्या ये है कि मैं तय करते ही उस फिल्म पर काम करना शुरू कर दूंगा. मैं पूरी तरह उसमें रम जाऊंगा. मेरा सिर्फ एक ही चीज़ में इंट्रेस्ट है, एक्टिंग में. लेकिन अभी मेरा वो भी करने का जी नहीं कर रहा.''
मैंने सोचा है, इस बार मैं ये समय फिल्म देखने में, किताबें पढ़ने और स्क्रिप्ट सुनने में लगाऊंगा. मेरे बच्चों का कॉलेज भी खत्म हो रहा है. उम्मीद है आर्यन अगले साल कॉलेज खत्म कर लेगा. सुहाना अब भी कॉलेज में ही है. इसलिए मैं अपने परिवार के साथ भी ज़्यादा समय बिताना चाहता हूं.
सीआरआई को दिए इंटरव्यू के दौरान शाहरुख खान.
सीआरआई को दिए इंटरव्यू के दौरान शाहरुख खान.

'ज़ीरो' के बारे में बात करते हुए शाहरुख ने कहा-
''हमने ज़ीरो को बड़े प्यार से बनाया था लेकिन बहुत सारे लोगों को वो पसंद नहीं आई. और अगर जनता को फिल्म पसंद नहीं आई, तो उसका कुछ नहीं किया जा सकता है.''
पिछले दिनों ऐसी खबरें थीं कि शाहरुख राकेश शर्मा की बायोपिक में नज़र आने वाले हैं. जनवरी में पता चला कि वो ये फिल्म नहीं कर रहे हैं. वो कुछ कम रिस्की मामला ढूंढ़ रहे हैं. फिर कई रिपोर्ट्स में दावा ये किया जाने लगा कि वो संजय लीला भंसाली की अगली फिल्म में सलमान खान के साथ नज़र आने वाले हैं. फिर संजय लीला भंसाली ने सलमान और आलिया के साथ अपनी अगली फिल्म अनाउंस कर दी लेकिन शाहरुख का नाम कहीं नहीं आया. अब ये बताया जाने लगा कि वो 'मरसल' फेम डायरेक्टर एटली के साथ एक फिल्म कर रहे हैं. लेकिन अब तक इस बात की भी कोई कंफर्मेशन नहीं है.


वीडियो देखें: आमिर खान की अगली फिल्म हॉलीवुड मूवी Forrest Gump की रीमेक है

Advertisement
Advertisement