The Lallantop

इम्तियाज़ अली की 'मैं वापस आऊंगा' की कमाई में आया 400 परसेंट का उछाल

'मैं वापस आऊंगा' ने अपने पहले हफ्ते से ज़्यादा कमाई दूसरे वीकेंड पर कर डाली.

Advertisement
post-main-image
'मैं वापस आऊंगा' की कहानी भारत-पाकिस्तान के पार्टिशन पर आधारित है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • इम्तियाज अली की फिल्म 'मैं वापस आऊंगा' 12 जून को रिलीज़ हुई और इसने सेकंड संडे को अपने ओपनिंग डे की तुलना में 400 प्रतिशत अधिक कमाई की।
  • तीन फिल्मों के एक साथ रिलीज होने के कारण, खासकर 'मैं वापस आऊंगा' की शुरुआती कमाई कम रही, साथ ही 'कॉकटेल 2' के रिलीज़ होने से इसके शोज़ भी कम हो गए।
  • 'मैं वापस आऊंगा' की कुल भारत में कमाई 29 करोड़ रुपए हुई और ट्रेड एक्सपर्ट्स के मुताबिक, फिल्म अगले कुछ दिनों में 50 करोड़ का आंकड़ा छू सकती है।

जब लोग ये शिकायत कर रहे थे कि बॉलीवुड में अच्छी फिल्में नहीं बन रहीं- ऐसे में एक ही दिन तीन फिल्में रिलीज़ हुईं. Manoj Bajpayee की Governor, Kangana Ranaut की Bharat Bhagya Viddhaata और Imtiaz Ali की Main Vaapas Aaunga. तीनों फिल्मों को क्रिटिक्स से अलग-अलग तरह की प्रतिक्रिया मिली. मगर ऑडियंस इन फिल्मों को देखने थिएटर नहीं पहुंची. कंगना और मनोज की फिल्म तो 10 करोड़ भी नहीं कमा पाईं. हफ़्ते भर में इनका बोरिया-बिस्तर बंध गया. ‘मैं वापस आऊंगा’ के साथ भी कुछ ऐसा ही होता नज़र आ रहा था. मगर वर्ड ऑफ माउथ से फिल्म को तगड़ा पुश मिला. वो भी ऐसा कि इसने अपने सेकेंड संडे पर ओपनिंग डे की तुलना में 400 परसेंट अधिक पैसे कमा लिए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

'मैं वापस आऊंगा' एक मिड बजट फिल्म है. इसे बनाने पर 70 करोड़ रुपए का खर्च आया. 12 जून को ये फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई. ओपनिंग डे पर इसने 1.38 करोड़ रुपए कमाए. ये काफी खराब आंकड़ा है. मगर इसे अलग पर्सपेक्टिव में देखें, तो चीज़ें बेहतर समझ आएंगी. चूंकी ये तीन तरफा क्लैश था इसलिए फिल्म की कमाई कमज़ोर रही. रविवार को भी ये मूवी केवल 3 करोड़ ही कमा सकी. इस तरह पहले वीकेंड तक फिल्म 6.60 करोड़ रुपए तक पहुंच पाई. 'मैं वापस आऊंगा' का अब तक का प्रतिदिन बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कुछ इस प्रकार है,

पहला दिन (शुक्रवार) - 1.38 करोड़
दूसरा दिन (शनिवार) - 2.22 करोड़
तीसरा दिन (रविवार) - 3 करोड़
चौथा दिन (सोमवार) - 1.38 करोड़
पांचवां दिन (मंगलवार) - 1.90 करोड़
छठा दिन (बुधवार) - 2.10 करोड़
सातवां दिन (गुरुवार) - 2.62 करोड़
आठवां दिन (दूसरा शुक्रवार) - 2.28 करोड़
नौवां दिन (दूसरा शनिवार) -  5.22 करोड़
दसवां दिन (दूसरा रविवार) - 6.90 करोड़

Advertisement

टोटल: 29 करोड़ रुपए  

(सभी आंकड़े इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क डॉट कॉम के मुताबिक)

फर्स्ट वीकेंड खत्म होने के बाद भी 'मैं वापस आऊंगा' की कमाई डेढ़ से ढाई करोड़ के आसपास ही रही. पहला हफ्ता पूरा होने तक इसने भारत में 14.60 करोड़ रुपए कमाए थे. तब तक इसके शोज़ कम हो गए. क्योंकि ‘कॉकटेल 2’ आ गई. इसलिए ज्यादातर सिनेमाघरों ने इसके शोज़ दूसरी फिल्मों से रिप्लेस कर दिए. लेकिन जो लोग फिल्म देखकर आ रहे थे, वो सोशल मीडिया पर इसकी चर्चा करने लगे. सिद्धार्थ आनंद और अनुराग कश्यप जैसे फिल्ममेकर्स भी इसे खुलकर प्रमोट किया. इसका थोड़ा-बहुत ही सही मगर फायदा टिकट खिड़की पर भी देखने को मिला. दूसरे शनिवार को फिल्म ने 5.22 करोड़ रुपए कमाए. वहीं सेकेंड संडे को ये आंकड़ा 6.90 करोड़ रुपए तक पहुंच गया.

Advertisement

आमतौर पर फिल्मों की कमाई अपने दूसरे हफ़्ते में गिरने लगती है. लेकिन 'मैं वापस आऊंगा' के साथ राहत की बात ये रही कि इसने दूसरे वीकेंड पर ज़्यादा पैसे कमाए. सेकेंड फ्राइडे, सैटरडे और संडे मिलाकर फिल्म ने 14.4 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया. ये फिल्म के पहले हफ़्ते के आसपास की कमाई है. खास बात ये है कि 1.38 करोड़ की ओपनिंग लेने वाली फिल्म ने सेकेंड संडे 6.90 करोड़ कमा लिए. ये सीधे-सीधे 400 परसेंट का जंप है. आंकड़ों के हिसाब से ये बहुत बड़ा नंबर भले न हो, मगर इससे इम्तियाज़ की फिल्म को कुछ और दिनों तक सिनेमाघरों में टिकने का मौका मिल जाएगा.

'मैं वापस आऊंगा' ने भारत में ग्रॉस 29 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया है. ओवरसीज़ मार्केट से इसने 11.45 करोड़ रुपए छापे हैं. इस तरह वर्ल्डवाइड इस फिल्म ने 40.75 करोड़ रुपए कमा लिए. 26 जून को 'वेलकम टु द जंगल' रिलीज़ होने वाली है. उसका सीधा असर इम्तियाज़ की फिल्म पर पड़ेगा. हालांकि ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि तब तक ये मूवी 50 करोड़ का आंकड़ा छू लेगी, जो एक संतोषजनक नंबर है.

वीडियो: ए.आर. रहमान के साम्प्रदायिक भेदभाव वाले बयान पर इम्तियाज अली ने क्या कहा?

Advertisement