एक मिलियन यानी 10 लाख. 10 मिलियन माने एक करोड़. एक बिलियन होता है- 100 करोड़. यानी 1000 मिलियन. यूट्यूब गिने-चुने वीडियोज़ ही हैं, जो 100 करोड़ का आंकड़ा छू पाए हैं. उनमें अधिकतर गाने हैं. मगर फिल्म केवल एक. इस फिल्म का नाम है- Jaya Janaki Nayaka. 9 साल पहले रिलीज़ हुई ये तेलुगु मूवी सिनेमाघरों में डिजास्टर साबित हुई थी. मगर यूट्यूब ने इसे दूसरा जीवनदान दिया. आज ये यूट्यूब पर दुनिया में सबसे ज़्यादा बार देखी जाने वाली फिल्म बन चुकी है.
थिएटर्स में डिजास्टर, यूट्यूब पर बिलियन व्यूज़, रकुलप्रीत की फिल्म ने बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड
दुनिया की किसी भी फिल्म को यूट्यूब पर 1000 मिलियन व्यूज़ नहीं मिले हैं. 'जय जानकी नायक' का हिंदी डब 'खूंखार' ऐसा करने वाली पहली और इकलौती फिल्म बन गई है.


'जय जानकी नायक' एक तेलुगु एक्शन ड्रामा फिल्म है. ये 2017 में सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी. इसमें गगन और स्वीटी नाम के दो कैरेटर्स की लव स्टोरी दिखाई गई है. गगन एक अमीर इंडस्ट्रियलिस्ट का बेटा है. जब एक ताकतवर गैंग स्वीटी और उसके परिवार को टारगेट करता है, तो वो उन्हें बचाने के लिए क्या कुछ करता है, फिल्म में ये दिखाया गया है. मूवी को 'अखंडा' फ्रैंचाइज़ बनाने वाले बोयापति श्रीनू ने लिखा और डायरेक्ट किया है.
गगन का रोल बेलमकोंडा श्रीनिवास ने किया है. वहीं स्वीटी का पात्र में रकुल प्रीत सिंह हैं. उनके अलावा जगपती बाबू, शरत कुमार और तरुण अरोड़ा भी इस फिल्म का हिस्सा हैं. फिल्म को 40 करोड़ के बजट पर बनाया गया था. मगर सिनेमाघरों से ये केवल 20 करोड़ ही कमा पाई और फ्लॉप साबित हुई. हालांकि कई दूसरी साउथ इंडियन फिल्मों की तरह यूट्यूब ने इसके वारे-न्यारे कर दिए.
यूट्यूब पर सबसे पहले PSY के 'गंगनम स्टाइल' गाने को 100 करोड़ व्यूज़ मिले थे. मगर फिल्मों के डिपार्टमेंट में ये रिकॉर्ड 'जय जानकी नायक' ने कायम किया. इस तेलुगु फिल्म को हिंदी में 'खूंखार' नाम से डब किया गया था. PEN मूवीज़ ने इस डब्ड वर्जन को सात साल पहले यानी फरवरी 2019 में अपने यूट्यूब चैनल पर रिलीज़ किया. फिर तो व्यूज़ की ऐसी झड़ी लगी कि हर कोई हैरान रह गया. मतलब जो काम देश और दुनियाभर के सुपरस्टार्स नहीं कर पाए, वो रकुलप्रीत की एक फ्लॉप फिल्म ने कर दिखाया. खबर लिखे जाने तक इस फिल्म पर 100 करोड़ व्यूज़, 63 लाख लाइक्स और एक लाख से ज्यादा कमेंट्स हैं. दुनिया में किसी भी दूसरी मूवी को आज तक यूट्यूब पर इतने व्यूज़ और ट्रैक्शन नहीं मिले.

'जय जानकी नायक' की इस डिजिटल सक्सेस पर डायरेक्टर बोयापति श्रीनू ने खुशी ज़ाहिर की है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट करते हुए सभी लोगों को शुक्रिया कहा. साथ ही ये भी कन्फर्म किया कि 'जय जानकी नायक' यानी 'खूंखार' यूट्यूब पर 100 करोड़ व्यूज़ हासिल करने वाली दुनिया की पहली फिल्म बन चुकी है. वैसे, अल्लू अर्जुन की 'सराईनोडू' (2016) भी ऐसा करने के करीब पहुंच रही थी. उसके हिंदी डब्ड वर्जन को काफी तेजी से 300 मिलियन यानी 30 करोड़ बार देखा जा चुका था. उससे पहले किसी मूवी ने इतने व्यूज़ हासिल नहीं किए थे. मगर फिर अचानक मेकर्स ने फिल्म को यूट्यूब से डिलीट कर दोबारा अपलोड कर दिया. इस वजह से अल्लू अर्जुन एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने से चूक गए. बाद में 'जय जानकी नायक' ने 100 करोड़ का ये जादुई आंकड़ा छू लिया. अब ये रिकॉर्ड आने वाले समय में कौन तोड़ता है, ये देखने वाली बात होगी.
वीडियो: अखंडा के पार्ट 2 का टीजर रिलीज हुआ, लोग ऐसे मीम बनाने लगे

















