The Lallantop
Advertisement
  • Home
  • Entertainment
  • The Untold Scale of Jaani Dushman: 10 Actors, 58 Sets, One Massive Box Office Disaster

10 एक्टर्स, 58 सेट और 5 करोड़ का VFX: महा-फ्लॉप 'जानी दुश्मन' का भयंकर स्केल!

डायरेक्टर राजकुमार कोहली ने ये फिल्म इसलिए बनाई थी ताकि वो अपने बेटे अरमान कोहली का करियर रीलॉन्च कर सकें.

Advertisement
pic
30 जून 2026 (पब्लिश्ड: 11:47 AM IST)
armaan kohli, manisha koirala, akshay kumar, suniel shetty, sonu nigam,
'जानी दुश्मन' में अरमान कोहली को मुनीश कोहली नाम से इन्ट्रोड्यूस किया गया था.
Quick AI Highlights
Click here to view more

Jaani Dushman: Ek Anokhi Kahaani उन चुनिंदा फिल्मों में से एक है, जिसे ट्रोल होते-होते कल्ट स्टेटस मिल गया. ये मूवी बड़ी स्टारकास्ट और बजट से लबरेज़ थी. मगर कमजोर स्क्रीनप्ले, खराब एक्टिंग और ऊट-पटांग स्टोरीलाइन के कारण बॉक्स ऑफिस पर ये डिजास्टर साबित हुई. यही कारण है कि 'जानी दुश्मन' के स्केल पर कभी कुछ खास ध्यान नहीं दिया गया. मगर कम लोगों को ही पता है कि 10 हीरो वाली इस मल्टीस्टारर मूवी के लिए मेकर्स ने 58 सेट्स बनवाए थे. यही नहीं, उन्होंने 2002 में फिल्म के VFX पर 5 करोड़ रुपए खर्च दिए थे.

'जानी दुश्मन' में इच्छाधारी नाग का किरदार अरमान कोहली ने प्ले किया था. वो वेटरन डायरेक्टर राजकुमार कोहली के बेटे हैं. अरमान ने 90s की शुरुआत में ही फिल्मों में डेब्यू कर लिया था. एक वक्त पर तो वो ‘दीवाना’ और ‘बाज़ीगर’ जैसी फिल्मों को लीड करने वाले थे. दोनों ही जगह बाद में शाहरुख खान ने काम किया. खैर, डेब्यू से ही लगातार फ्लॉप देने के कारण अरमान फिल्म इंडस्ट्री में पांव जमा ही नहीं पा रहे थे. इस कारण राजकुमार ने फैसला किया कि वो अपने बेटे के करियर को री-लॉन्च करेंगे. 

इसके लिए उन्होंने सुपरनैचुरल जॉनर में एक मल्टीस्टारर फिल्म बनाने का फैसला किया. ऐसा इसलिए क्योंकि उन्हें खुद इसी तरह के सब्जेक्ट से पहचान मिली थी. 1976 में उन्होंने रीना रॉय, सुनील दत्त, फिरोज़ खान स्टारर 'नागिन' बनाई थी. वहीं 1979 में वो सुनील दत्त, संजीव कुमार, जीतेंद्र जैसे एक्टर्स से सजी 'जानी दुश्मन' लेकर आए थे. दोनों फिल्में सुपरनैचुरल थीम पर थीं और दोनों में कम-से-कम 10 चर्चित एक्टर्स ने काम किया था. बस यहीं से 'जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी' बनने की शुरुआत हुई.

राजकुमार 'जानी दुश्मन' नाम से एक फिल्म पहले भी बना चुके थे. मगर अरमान कोहली वाली मूवी के लिए भी उन्होंने यही नाम चुना. बस फर्क के लिए 'एक अनोखी कहानी' को टैगलाइन की तरह जोड़ दिया गया. इसके बाद उन्होंने की एक्टर्स की कास्टिंग. सनी देओल, अक्षय कुमार, मनीषा कोइराला, सुनील शेट्टी, आदित्य पंचोली, अरशद वारसी, सोनू निगम, आफताब शिवदासानी, रंभा, रजत बेदी, अमरीश पुरी और राज बब्बर जैसे कई एक्टर्स फिल्म का हिस्सा बने. राजकुमार ने लहरें रेट्रो को दिए एक इंटरव्यू में कहा भी था कि आज-कल दो-तीन बड़े स्टार्स भी साथ काम नहीं कर पाते. मगर वो 10 एक्टर्स को साथ ले आए हैं.

'जानी दुश्मन' में खूब VFX था. सुपरनैचुरल फिल्मों में VFX पर अच्छा-खासा पैसा लग जाता है. राजकुमार बताते हैं कि भारत में इससे पहले की किसी फिल्म में इतना स्पेशल इफेक्ट नहीं देखा गया था. वो इसके लिए लंदन और जापान तक गए थे, मगर कहीं भी उन्हें अच्छा स्पेशल इफेक्ट नहीं मिल पाया. अंत में भारतीय टेक्निशियंस ने ही फिल्म के VFX डिजाइन किए. राजकुमार के मुताबिक, फिल्म के VFX पर 4-5 करोड़ रुपए से ज्यादा खर्च हुए थे. इन्फ्लेशन को जोड़ दें तो आज ये लगभग 21.9 करोड़ रुपए के आसपास होगा. राजकुमार ने इस फिल्म के लिए 58 सेट्स बनवाए थे. उनमें से 57 सेट तो ऐसे थे, जिन पर केवल एक दिन का काम था.

राजकुमार ने इतना सब कुछ अपने बेटे अरमान कोहली के लिए किया था. मगर फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह पिट गई. बाद में राजकुमार ने फिल्मों से रिटायरमेंट ले लिया. 'जानी दुश्मन: एक अनोखी कहानी' बतौर डायरेक्टर उनकी आखिरी मूवी बनी. दूसरी तरफ, अरमान भी फिल्मों के मामले में स्ट्रगल करते रहे. बाद में वो 'LOC: कारगिल' और 'प्रेम रतन धन पायो' जैसी मूवीज़ में ही नजर आए. 2015 के बाद उन्हें फिल्मों में कोई काम नहीं किया है.

वीडियो: अक्षय कुमार ने 'जानी दुश्मन'करके फ्लैट खरीद लिया था?

Advertisement

Advertisement

()