The Lallantop

अजय देवगन ने 'भोला' से तबू का पोस्टर रिलीज़ किया और फिर से वही गलती कर बैठे

अजय देवगन ने कुछ नया नहीं किया. वही पुरानी गलती. जो पहले भी सैकड़ो दफा की जा चुकी है.

Advertisement
post-main-image
फिल्म 'भोला' के सीन्स में अजय देवगन और तबू.

Ajay Devgn तमिल फिल्म Kaithi को हिंदी में Bholaa नाम से रीमेक कर रहे हैं. फिल्म में लीड रोल करने के साथ-साथ अजय इसे डायरेक्ट भी कर रहे हैं. उनके साथ फिल्म में Tabu काम कर रही हैं. फिल्म की शूटिंग का काम पूरा हो गया है. पहले फिल्म से अजय देवगन के कैरेक्टर का मोशन पोस्टर रिलीज़ किया गया. अब तबू का मोशन पोस्टर आया है. वो फिल्म में एक पुलिस अफसर का रोल कर रही हैं. मगर इस पोस्टर के आते ही विवाद शुरू हो गया. कुछ नया नहीं, वही पुरानी बात. जो पहले भी सैकड़ो दफा हो चुका है. राइटिंग क्रेडिट का विवाद.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

'भोला' से तबू का जो कैरेक्टर पोस्टर रिलीज़ किया गया है, उस पर कहीं भी फिल्म के राइटर के नाम का ज़िक्र नहीं है. इनफैक्ट सिर्फ तबू वाले पोस्टर पर नहीं, फिल्म के किसी की प्रमोशनल मटीरियल में राइटिंग का क्रेडिट नहीं दिया गया है. ये वही फिल्म इंडस्ट्री है, जो बदल जाने का दंभ भरती है. ये वही स्टार्स हैं, जो तमाम इंटरव्यूज़ में ये कहते पाए जाते हैं कि अब 'स्टोरी ही फिल्म का हीरो है'. सिंपल सा फंडा ये है कि अगर कहानी न हो, तो कोई फिल्म नहीं होगी. बावजूद इसके उस कहानी को लिखने वाले का नाम फिल्म के पोस्टर पर नहीं लिखा जाता.

Advertisement

'भोला', लोकेश कनगराज की फिल्म 'कैथी' का ऑफिशियल हिंदी रीमेक है. 'कैथी' की कहानी लोकेश कनगराज ने पोन पार्थिबन के साथ मिलकर लिखी थी. मगर इन दोनों में से किसी का नाम 'भोला' के पोस्टर पर नहीं है. जब किसी फिल्म को रीमेक किया जाता है, तो उस पर राइटर्स की अलग टीम काम करती है. जो उसे नई ऑडियंस के लिहाज़ से ढालती है. 'भोला' के स्क्रीनप्ले और डायलॉग्स आमिल कियान खान, संदीप केवलानी, अंकुश सिंह और श्रीधर दुबे ने मिलकर लिखे हैं. ये लोग इससे पहले 'रनवे 34' और 'दृश्यम 2'  पर भी अजय देवगन के साथ काम कर चुके हैं. बावजूद इसके इन्हें फिल्म के पोस्टर पर जगह नहीं दी गई. जबकि 'रनवे 34' और 'दृश्यम 2' पिछले 10-15 साल में आई अजय की कुछ कायदे की फिल्मों में गिनी गईं.

Advertisement

खैर, अब तबू के कैरेक्टर वाली बात कर लेते हैं. 'कैथी' में इंस्पेक्टर बिजॉय का रोल एक्टर नरेन ने किया था. ये वही कैरेक्टर है, जो फिल्म के नायक दिल्ली को अपने खतरनाक मिशन का हिस्सा बना लेता है. 'भोला' में इंस्पेक्टर बिजॉय वाला रोल तबू कर रही हैं. उनके कैरेक्टर का नाम डायना जोसफ बताया जा रहा है. फिल्म में अजय देवगन और तबू के अलावा दीपक डोबरियाल और संजय मिश्रा के भी होने की बात कही जा रही है. इसके अलावा अभिषेक बच्चन फिल्म में गेस्ट रोल करते नज़र आएंगे.

अब तक सिर्फ 'भोला' के मोशन पोस्टर्स रिलीज़ किए गए हैं. 24 जनवरी को फिल्म का एक्शन पैक्ड टीज़र रिलीज़ किया जाएगा. जिसे 'पठान' के साथ नत्थी करके सिनेमाघरों में भी दिखाया जाएगा. 'भोला' 30 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड है. 

वीडियो: अजय देवगन, सैफ अली खान, करीना कपूर की ओमकारा के लिए विशाल भारद्वाज को क्या पापड़ बेलने पड़े?

Advertisement