फिल्म शुरू होती है. गोल्डन गन दिखती हैं. थर्माकोल का भरपूर यूज है. लेकिन थर्माकोल की बंदूकें भी ढंग से नहीं बनाईं हैं. बाबा राम रहीम लायन हार्ट हैं. अब ये जासूस हैं या अवेंजर्स के निक फ्यूरी हैं, या मेन इन ब्लैक के विल स्मिथ हैं. वही जानें. कुल जमा समझिए लायन हार्ट नाम का ये आदमी वन मैन आर्मी है. जिसकी बंदूक,तलवार बन जाती है फिर तलवार पेन बन जाती है. बैग सुपरबाइक बन जाता है, फिर वही बैग अचानक सुपर कंप्यूटर बन जाता है. फिर फिल्म अचानक 300 साल पहले चली जाती है.
300 साल पहले थर्माकोल की बड़ी-बड़ी तलवारें हैं. लॉन मोअर से कटी हुई घास है. फुटपाथों पर टाइल्स लगी है. तब बाबा का नाम शेरदिल हुआ करता था. उनका प्यार और उनका एक ही काम था धरती माता की और मां-बहनों की इज्जत बचाना. यही बात वो सारी फिल्म में कहते हैं. गाना भी बजता है 'इज्जत का रखवाला शेरदिल'. अब मेरा मन भागने का हो रहा था. सुषमा स्वराज को ट्वीट करने का हो रहा था. मुझे यहां से निकालो. इस फिल्म में तो इंटरवल भी बड़ी देर बाद हुआ. फिर अचानक आप वीडियो गेम खेलने लगते हैं. लेवल अनलॉक होने लगते हैं. महाभारत की बात होने लगती है. ऐसा लगता है, फिल्म बनाने वालों ने फ्रैंकेस्टाइन, रेवेनेंट, हातिम ताई, और रामायण साथ में चलानी चाही है. हां रामायण, बाबा तीर निकालते हैं और समुद्र किनारे हो लेता है. रेवेनेंट जैसे भालू से लड़ते हैं. बर्फीला पहाड़ चढ़ते हैं. अंत में बाबा गेम ऑफ थ्रोंस जैसे सिंहासन में बैठते हैं. और दुनिया के रखवाले साबित हो जाते हैं. फिल्म में तीन जगह मुसलमान आते हैं. लंबी दाढ़ी और आंख में काजल लगाकर. एक बार बच्चों को किडनैप किए आतंकी बनकर. एक बार बहू-बेटियों से जबरन ब्याह करने के लिए किडनैपर बनकर. एक बार गाय काटने को ले जाते कसाई बनकर. कहते हैं, तुम गाय को मां मानते हो, हम खाते हैं. बड़ा अच्छा मांस लगता है. बाबा गायें बचाते हैं और गायें जाकर भुट्टे के खेत में चरने लगती हैं. ये प्रॉब्लमेटिक है. कुछ और चीजें खटकती हैं, रेसिस्ट मजाक हैं, बीवी वाले जोक हैं, बॉडी शेमिंग है. फिल्म में अच्छा क्या है? एक गाना है किसानी वाला. लिरिक्स और म्यूजिक की बात क्या ही करें. उसमें एक लाइन आती है जिसमें किसानों को आत्महत्या न करने को कहा गया है. ये अच्छा है. एक जगह नशे से दूर रहने को कहा गया है. ये अच्छा है. एक जगह कहा गया कोई दिन सुदिन-कुदिन नहीं होता ये अच्छा है. बाकी उनके भक्तों के लिए सब अच्छा ही है. उनने बड़े मगन होकर फिल्म देखी और खूब तालियां बजाई. तो इस फिल्म में बहुत कार्डबोर्ड है, बहुत थर्माकोल है, फिल्म बहुत पीली है क्योंकि फिल्म में बहुत सोना है. गुरुत्वाकर्षण बल फेल है. लॉजिक नहीं है. फिल्म देखने मत जाओ बहुत बुरी फिल्म है. अगर उबके भक्त हैं तो फिल्म देखने जरूर जाइए, बाबा ने बहुत मेहनत की है. बाबा क्यूट दिखते हैं. बाबा ने बड़ी भली सीखें दीं हैं. आपको पसंद आएंगी. बाबा का एक्शन भी पसंद आएगा. ये फिल्म बाबा के भक्तों के लिए है. ये फिल्म न देखने का मन हो, तो ये रिव्यू पढ़ लो. ऐसा रिव्यू कहीं नहीं पढ़ा होगा














