The Lallantop

थलपति विजय की नई फिल्म GOAT, इस हॉलीवुड फिल्म की रीमेक है?

Thalapathy Vijay की GOAT और इस हॉलीवुड फिल्म में कई समानताएं हैं. इन आरोपों पर फिल्म के डायरेक्टर ने क्या जवाब दिया?

Advertisement
post-main-image
'जेमिनी मैन' 2019 की बड़ी हिट फिल्मों में से एक रही थी.

Thalapathy Vijay ने 31 दिसंबर को अपनी नई फिल्म का नाम और पोस्टर लॉन्च किया. इस फिल्म का नाम है The Greatest of All Time. शॉर्ट में बोले, तो GOAT. पोस्टर आते ही विजय फैन्स में खुशी की लहर दौड़ गई. मगर कुछ लोगों ने तो फिल्म के मेकर्स को दौड़ा भी लिया. फिल्म का पोस्टर देखकर कुछ लोगों ने दावा किया कि ये Will Smith स्टारर हॉलीवुड फिल्म Gemini Man की रीमेक लग रही है. ऐसा क्यों कहा गया, आप नीचे जानेंगे. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' को वेंकट प्रभु डायरेक्ट कर रहे हैं. इससे पहले वो ‘मनकथा’, ‘मानाडु’, ‘विक्टिम’ और ‘कस्टडी’ समेत दसियों फिल्में बना चुके हैं. इस फिल्म में थलपति विजय के साथ ही जयराम, योगी बाबू, प्रभु देवा और मीनाक्षी चौधरी जैसे एक्टर्स काम कर रहे हैं. ‘गोट’ के अब तक दो पोस्टर्स आए हैं. इससे पता चल रहा है कि इस फिल्म में विजय डबल रोल में नजर आएंगे. एक पोस्टर में दोनों कैरेक्टर बाइक पर बंदूक पकड़े नज़र आ रहे हैं. जबकि दूसरे पोस्टर में ये दोनों स्काइ डाइविंग सूट में दिख रहे हैं. पोस्टर से ये भी साफ हो रहा है कि विजय के दोनों किरदारों के उम्र में फर्क होगा. एक लुक में विजय थोड़े उम्रदराज़ दिख रहे हैं, जबकि दूसरे लुक में उन्हें नौजवान दिखाया गया है. ‘गोट’ एक साइंस फिक्शन फिल्म बताई जा रही है, जिसमें टाइम ट्रैवलिंग के मसले पर बात की जाएगी. इसी आधार पर कहा जा रहा है कि ‘गोट’ की कहानी हॉलीवुड फिल्म ‘जेमिनाई मैन’ से उठाई गई है. 

Advertisement

 सत्यन रामसामी नाम के एक यूज़र ने डायरेक्टर वेंकट प्रभु को टैग करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा- 

"प्रिय वेंकट प्रभु

विजय 2023 में लगातार दो फ्लॉप फिल्में देने के बाद 2024 में कमबैक की उम्मीद कर रहे हैं. इसलिए अगर आप उनके साथ कोई रीमेक प्लान कर रहे हैं, तो मेरा मानना है कि वो हॉलीवुड फिल्मों के रीमेक के लिए फिट नहीं हैं. क्योंकि न वो अजीत कुमार हैं, न ही महेश बाबू कि वो ऐसी फिल्में कर पाएं. फिर आप उनकी फिल्मोग्रफी देखते हैं, तो पाते हैं कि वो इस फील्ड में तेलुगु फिल्मों को रीमेक करके ही टिके हुए हैं. इसलिए मैं भाई के तौर पर आपको ये सलाह दूंगा कि आप किसी तेलुगु फिल्म के राइट्स खरीद लें और उसी रीमेक करें."

ये ट्वीट यहां-वहां घूमते-फिरते वेंकट प्रभु तक पहुंच गई. उन्होंने सत्यन नाम के इस यूज़र के ट्वीट को कोट करके लिखा-

Advertisement

"सॉरी भाई, मुझे आपसे इससे ज़्यादा उम्मीद थी. ख़ैर, आपको नए साल की शुभकामनाएं… प्यार बांटें."

अब आपको ‘जेमिनाई मैन’ के बारे में बताते हैं. 2019 में आई इस फिल्म को ‘लाइफ ऑफ पाय’ समेत कई क्रिटिकली अक्लेम्ड फिल्में बनाने वाले आंग ली (Ang Lee) ने डायरेक्ट किया है. ये हेनरी ब्रोगन नाम के टॉप एजेंट की कहानी है. DIA नाम की एजेंसी के लिए काम करने वाला हेनरी प्रोफेशनल किलर है. 50 से ज़्यादा जानें ले चुका है. मगर अब वो रिटायर होना चाहता है. DIA नहीं चाहती कि हेनरी रिटायर हो. क्योंकि वो कमाल का एजेंट है और वो एजेंसी के कई राज़ जानता है. ऐसे में DIA हेनरी के ही नौजवान वर्ज़न ‘जूनियर’ को उसे मारने के लिए लाती है. कहानी आगे बढ़ती है और पता लगता है कि जूनियर, हेनरी का ही क्लोन है. दोनों के DNA एक जैसे हैं. बाद में पता चलता है कि DIA का एक ऑफिसर है, जो क्लोन्स की एक पूरी आर्मी बनाना चाहता है. इसके बाद मारधाड़ होती है और पिक्चर की हैप्पी एंडिंग हो जाती है. 

शुरुआती पोस्टर्स देखकर ‘गोट’ की कहानी भी ऐसी ही लग रही है. हालांकि जब तक फिल्म रिलीज़ न हो जाए, तब तक पुख्ता तौर पर कुछ भी कहना जल्दबाज़ी होगी. फिल्म की शूटिंग अक्टूबर 2023 में शुरू हो चुकी है. फिल्म के कुछ हिस्से चेन्नई और कुछ सीक्वेंस बैंकॉक में फिल्माए गए. ‘गोट’ की रिलीज़ डेट अब तक नहीं बताई गई है. मगर इसे 2024 के आखिर तक रिलीज़ किया जा सकता है.

वीडियो: दी सिनेमा शो: शाहरुख की 'डंकी', प्रभास की 'सलार' की एडवांस बुकिंग आंकड़ों में कुछ नंबर्स का अंतर

Advertisement