The Lallantop

दिलजीत ने पहले इंडिया में कॉन्सर्ट न करने का ऐलान किया, अब यू-टर्न ले लिया!

Diljit Dosanjh ने कहा था कि इंडिया में लाइव शोज़ का इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है. जब तक वो सही नहीं होता, तब तक वो यहां शोज़ नहीं करेंगे.

Advertisement
post-main-image
दिलजीत ने अपना पक्ष रखने वाला ट्वीट डिलीट कर दिया है.

Diljit Dosanjh अभी अपना Dil-Luminati टूर कर रहे हैं. इसके अंतर्गत उन्होंने दिल्ली, जयपुर, अहमदाबाद, कोलकाता और बेंगलुरू जैसे शहरों में अपने शोज़ किए. उनके शोज़ से ऐसे वीडियोज़ वायरल हुए जहां लोग जुगाड़ लगाकर उनके शोज़ देख रहे थे. कोई अपने होटल की बाल्कनी से शो देख रहा था तो कोई ट्रक की छत पर चढ़कर उन्हें देख रहा था. 14 दिसम्बर को चंडीगढ़ में उनका शो हुआ. यहां से वीडियो वायरल हुए कि लोग पेड़ पर चढ़कर दिलजीत का शो देख रहे थे. दिलजीत ने इसी शो के दौरान ये ऐलान भी किया कि अब वो इंडिया में शो नहीं करेंगे. उन्होंने स्टेज से कहा था कि हमारे यहां लाइव शोज़ लायक इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है. उनका ये बयान आग की तरह दौड़ा, जिसके बाद दिलजीत ने सफाई दी. लेकिन थोड़ी देर बाद सफाई में पेश किए गए ट्वीट को भी डिलीट कर दिया. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

दिलजीत ने चंडीगढ़ वाले शो के दौरान कहा था,          

अपने यहां पर लाइव शोज़ का कोई इंफ्रास्ट्रक्चर ही नहीं है. ये बहुत बड़ा रेवेन्यू है, बहुत लोगों को इससे काम मिलता है. इस पर प्लीज़ ध्यान दिया जाए. मैं कोशिश करूंगा कि अगली बार स्टेज सेंटर में हो ताकि आप सभी मेरे आसपास रह सकें. जब तक ये नहीं होता तब तक मैं इंडिया में शो नहीं करूंगा.

Advertisement

उसके बाद जब ये खबरें उड़ी कि दिलजीत कभी भी इंडिया में शो नहीं करेंगे, तो दिलजीत ने एक न्यूज़ आर्टिकल को कोट करते हुए लिखा,

नहीं. मैंने कहा था कि चंडीगढ़ के वेन्यू में दिक्कत थी. तो जब तक वेन्यू नहीं मिल जाता तब तक चंडीगढ़ में अगला शो प्लान नहीं करूंगा. बस इतनी सी बात थी.   

diljit dosanjh
दिलजीत के ट्वीट का स्क्रीनशॉट जिसे उन्होंने डिलीट कर दिया. 

दिलजीत ने इस ट्वीट को डिलीट कर दिया. दिलजीत का ये टूर बहुत सारे कारणों की वजह से चर्चा में रहा है. हैदराबाद वाले शो से पहले तेलंगाना सरकार ने उनसे गानों के लीरिक्स में बदलाव करने को कहा था. दिलजीत ने उस शो में स्टेज से कहा कि जब बाहर से कलाकार आते हैं तब किसी को दिक्कत नहीं होती, लेकिन सारी रोक यहां के कलाकारों पर ही लगाई जाती हैं. दिलजीत के शोज़ पर तब भी सवाल उठे थे कि चंद मिनटों में सारे टिकट कैसे बुक हो जा रहे हैं. दिलजीत ने इस पर कहा कि वो एक दिन में फेमस नहीं हुए हैं, कई सालों से इसके लिए मेहनत कर रहे हैं.

Advertisement

बता दें कि ‘दिल-लुमिनाटी’ टूर का अगला शो 19 दिसम्बर को मुंबई में होने वाला है. 29 दिसम्बर को गुहावाटी में एक बड़ा शो होने वाला है जिससे इस टूर का समापन किया जाएगा.      
 

वीडियो: दी सिनेमा शो: दिलजीत दोसांझ ने अपने नए गाने 'डॉन' के लिए शाहरुख खान के साथ कोलैबोरेट किया है

Advertisement