The Lallantop

कोरोना वायरसः मेडिकल स्टाफ ने मास्क और PPE किट मांगे तो सरकार ने नोटिस थमा दिया

पंजाब के इस बड़े हॉस्पिटल से पहले भी ऐसी ख़बर आई थी.

Advertisement
post-main-image
अमेरिका की एजेंसी CDC ने कहा है कि ठंड लगना, मसल्स में दर्द होना, कंपकंपी चढ़ना भी कोरोना के लक्षण हो सकते हैं. (प्रतीकात्मक फोटो: रॉयटर्स)
पंजाब सरकार ने अमृतसर के सरकारी मेडिकल कॉलेज के चार कर्मचारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है. इन कर्मचारियों ने मीडिया में बयान दिया था. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट मुताबिक़ कहा गया है कि इससे संस्था की छवि और विश्वसनीयता को चोट पहुंची है. मामला गुरु नानक देव हॉस्पिटल और मेडिकल कॉलेज का है. इन कर्मचारियों ने कोरोना वॉर्ड में काम करने वाले डॉक्टर और अन्य मेडिकल स्टाफ के लिए PPE (पर्सनल प्रोटेक्शन इक्विपमेंट) की कमी का मामला उठाया था. इन पर आरोप लगा है कि इन्होंने 'अस्पताल की विश्वसनीयता और छवि को चोट पहुंचाने वाले और तथ्यों से परे बयान' मीडिया में दिये. मेडिकल सुपरिटेंडेंट रमन शर्मा ने इनकी शिकायत प्रिंसिपल सुजाता शर्मा से की थी. उन्होंने आगे की कारवाई के लिए पंजाब सरकार को शिकायत भेजी. 18 अप्रैल को पंजाब सरकार के मेडिकल एजुकेशन और रिसर्च डिपार्टमेंट के उपाध्यक्ष डी के तिवारी ने इन कर्मचारियों को शो कॉज़ नोटिस भेज दिया. उन्हें 48 घंटे के भीतर अपनी बात रखने को कहा. चारों कर्मचारियों ने एक स्टेटमेंट में कहा,
"हमने गुरु नानक देव हॉस्पिटल के कोरोना वायरस वार्ड साथ दूसरे रिस्की वार्ड में काम कर रहे डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ के लिए मास्क और PPE किट्स की कमी का मुद्दा उठाया था. हमारे स्टेटमेंट के बाद कई NGO मास्क और किट्स दान करने के लिए आगे आए. अगर मेडिकल कॉलेज के पास सारे इक्विपमेंट थे तो उन्होंने NGO से क्यों लिए? हमारे प्रयास की तारीफ करने के बजाय हमें निशाना बनाया जा रहा है. कोरोना वायरस के खतरे को लेकर बोलना हमारी जिम्मेदारी थी. हमने हॉस्पिटल के विरोध में कुछ नहीं कहा है. हमने सिर्फ कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए कुछ चीजों पर ध्यान देने की बात कही. हमारे खिलाफ कारण बताओ नोटिस तुरंत वापस लिया जाना चाहिए."
बिना सुरक्षा किट पहने काम कर रहे कुछ मेडिकल इंटर्न और रेजिडेंट डॉक्टर को कोरोना वायरस संक्रमित इंसान के संपर्क में आने के बाद क्वारंटीन में रखा गया है. इससे पहले भी अप्रैल के शुरूआत में ऐसी ख़बरें आई थी कि गुरुनानक देव अस्पताल के मेडिकल स्टाफ बिना PPE और N95 मास्क के काम कर रहे हैं. इसके बारे में विस्तार से यहां क्लिक करके पढ़ सकते हैं.
विडियो- अमृतसर: PPE किट और N-95 मास्क के लिए मेडिकल स्टाफ ने किया प्रदर्शन

Advertisement
Advertisement