24 फरवरी 2018 की सुबह बुरी खबर आई थी. बताया गया कि श्रीदेवी दुनिया को अलविदा कह गईं. दुबई में श्रीदेवी का निधन हुआ था. उनकी मौत को पांच साल गुज़र चुके हैं. श्रीदेवी के जाने के बाद कभी बोनी कपूर या उनके परिवार की ओर से इस घटना पर कोई बयान नहीं आया. हाल ही में बोनी कपूर ने श्रीदेवी की अचानक हुई मौत पर खुलकर बात की है.
श्रीदेवी की अचानक हुई मौत के पांच साल बाद क्या बोले बोनी कपूर?
बोनी कपूर ने बताया कि श्रीदेवी ने डायट के चक्कर में नमक खाना छोड़ दिया था. उन्होंने ये भी बताया कि श्रीदेवी काफी स्ट्रिक डायट फॉलो करती थीं. शादी के बाद उन्होंने इसका खास ख्याल भी रखा, डॉक्टरों से भी कहा था कि श्री को नमक खाने के लिए कहते रहें. मगर श्री ने कभी इस बात को सीरियसली नहीं लिया.


'द न्यू इंडियन' नाम के यू-ट्यूब चैनल को बोनी कपूर ने इंटरव्यू दिया. जिसमें उन्होंने बताया कि श्रीदेवी काफी स्ट्रिक डायट फॉलो करती थीं. बोनी कपूर ने कहा,
''श्री की कोई नेचुरल डेथ नहीं थी. वो एक एक्सीडेंटल डेथ थी. मैं उनकी डेथ पर कभी इसलिए नहीं बोलना चाहता क्योंकि जब मुझसे पूछताछ हो रही थी, जांच-पड़ताल हो रही थी तो 24 घंटे मैं इसी के बारे में बात किया करता था. इतनी पूछताछ के बाद मुझे किसी तरह दुबई पुलिस से क्लीन चिट मिली थी.''
बोनी ने कहा,
''दुबई के ऑफिसर्स ने कहा था कि ये सारी जांच-पड़ताल और पूछताछ हमें इसलिए करनी पड़ रही है कि हम पर इंडियन मीडिया से बहुत प्रेशर है. तो मेरे पास कुछ भी नहीं था बताने को. मैं सारे टेस्ट और जांच करवाता गया. जिसके बाद नतीजा निकला कि वो एक एक्सीडेंटल डेथ थी.''
बोनी ने श्रीदेवी की डायट को लेकर बात की. आगे जोड़ा,
''हमारे फिजिशियन ने श्री को डायट करने को कहा था. क्योंकि उस वक्त श्री ने नई फिल्म साइन की थी. उन्हें स्क्रीन पर अच्छा दिखना था. उन्हें स्क्रीन पर अच्छे शेप में दिखना था. सिर्फ इस फिल्म के लिए ही नहीं, ऐसे भी उन्हें फिट रहना और दिखना था.''
बोनी ने ये भी बताया कि श्रीदेवी ने डायट के चक्कर में नमक खाना छोड़ दिया था, जिससे उनका चेहरा पतला दिखे.
''डॉक्टर उन्हें लगातार कह रहा था कि आपको लो बीपी की शिकायत है. डॉक्टर ने उनसे कहा था कि आप बहुत सिवियर डायट मत कीजिए, जिसमें नमक नहीं खाया जाता है. डॉक्टर ने कहा था कि अगर आप सलाद भी खा रही हैं, तो थोड़ा सा नमक ज़रूर खाएं.''
बोनी कपूर ने कहा,
''श्री की डेथ के बाद नागार्जुन घर आए थे. उन्होंने बताया कि एक बार उनके साथ हुई शूटिंग के वक्त भी श्री बाथरूम में गिर गई थीं. जिस वजह से उनके दांत और उनके होंठ पर चोटें आई थीं. इसके अलावा पंकज पराशर की एक अधूरी फिल्म की शूटिंग के वक्त भी श्री के साथ ऐसा ही कुछ हुआ था, मगर उसके बारे में मुझे पता था.''
बोनी कपूर ने कहा, उन्हें पता था कि श्री अपनी डायट को बहुत ज़्यादा सीरियसली लेती हैं. इसलिए शादी के बाद उन्होंने इसका खास ख्याल भी रखा, डॉक्टरों से भी कहा था कि श्री को नमक खाने के लिए कहते रहें. मगर श्री ने कभी इस बात को सीरियसली नहीं लिया. उन्हें भी कभी ऐसा नहीं लगा कि ये मामला इतना सीरियस हो सकता है.






















