11 मार्च 2025 (अपडेटेड: 11 मार्च 2025, 12:56 PM IST)
Rashmika Mandanna. Pushpa 2 की भारी-भरकम सफलता के बाद वो Salman Khan की Sikandar में नज़र आने वाली हैं. मगर फिल्म से पहले रश्मिका की सुरक्षा को बढ़ाने की मांग हो रही है. इस विषय में गृह मंत्री Amit Shah को चिट्ठी तक लिख दी गई है. क्या है पूरा मामला, रश्मिका की सुरक्षा क्यों बढ़वाई जा रही है, आइए बताते हैं.
दरअसल, ये सारा मसला एक बयान के बाद शुरू हुआ. कर्नाटक कांग्रेस के एमएलए Ravikumar Gowda Ganiga ने एक बयान दिया. कहा कि रश्मिका को सबक सिखाना चाहिए. इसी के बाद कोडवा समुदाय के लोगों में आक्रोश है. उनका दावा है कि रश्मिका उन्हीं के समुदाय से आती हैं. इसलिए इस समुदाय के लोगों ने रश्मिका के लिए सुरक्षा की मांग की.
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश के गृह मंत्री जी.परमेश्वर को रश्मिका की सुरक्षा को लेकर चिट्ठी लिखी गई है. कोडवा राष्ट्रीय परिषद (सीएनसी) के अध्यक्ष एन. यू. नचप्पा ने अपने पत्र में लिखा कि एक विधायक द्वारा रश्मिका को डराया-धमकाया जा रहा है. जिसे वो गुंडागर्दी मानते हैं.
उधर, रवि कुमार गौड़ा ने 03 मार्च को मीडिया से बात करते हुए कहा था,
''कन्नड़ा फिल्म 'किरिक पार्टी' से अपने कन्नड़ा करियर की शुरुआत करने वाली रश्मिका मंदन्ना को पिछले साल हमने आमंत्रित किया था. उन्होंने इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल में आने से मना कर दिया था. कहा था कि कर्नाटक कहां है, उन्हें नहीं पता. हमारे एक विधायक मित्र भी उन्हें यहां लाने के लिए 10-12 बार उनके घर गए. मगर उन्होंने मना कर दिया. उन्होंने कन्नड़ा का मज़ाक भी उड़ाया. जबकि वो इसी प्रोफेशन में हैं. क्या हमें उन्हें सबक नहीं सिखाना चाहिए?''
रवि कुमार, रश्मिका मंदन्ना के एक बयान से नाराज़ थे. जिसमें रश्मिका ने खुद को कर्नाटक नहीं बल्कि हैदराबाद का बताया था. इसी के बाद से ये सारी बयानबाज़ी चालू हुई. जब रवि कुमार के बयान को लेकर विवाद बढ़ा तो उन्होंने सफाई भी दी. कहा कि रश्मिका को लेकर दिए गए उनके बयान का गलत मतलब निकाला जा रहा है. न्यूज़ एजेंसी ANI से बात करते हुए उन्होंने कहा,
Advertisement
''मेरा मतलब जीवन में सबक सिखाने से था. आप जिस सीढ़ी के ज़रिए चढ़ रहे हैं, उसे ही लात मारेंगे तो नीचे गिर जाएंगे. राज्य के कार्यक्रम में उन्हें आना चाहिए था. मैं उनकी कला का सम्मान करता हूं. लेकिन व्यक्तिगत रूप से कहना चाहता हूं कि वो सही नहीं हैं. मैं आज भी अपने शब्दों पर कायम हूं. मेरे बयान का गलत मतलब निकाला गया है.''
अपने बयान से पटले रवि कुमार.
वैसे इस मामले में अभी तक रश्मिका की तरफ से कोई बयान नहीं आया है. इन दिनों रश्मिका अपनी आने वाली फिल्म 'सिकंदर' में व्यस्त हैं. जिसे इस साल ईद पर रिलीज़ किया जाना है. इसके बाद वो आदित्य सरपोतदार की फिल्म 'थामा' में दिखेंगी. वो एक तमिल-तेलुगु एक्शन फिल्म 'कुबेरा' में भी नज़र आएंगी.
वीडियो: सिकंदर ने रिलीज से पहले ही 165 करोड़ की कमाई की, जानिए वजह