Arbaaz Khan आजकल The Invincibles नाम का एक टॉक शो होस्ट कर रहे हैं. शो में गुज़रे ज़माने के दिग्गज कलाकारों को बुलाया जाता है. अरबाज़ शो को प्रमोट करने के लिए इंटरव्यू दे रहे हैं. ऐसे ही एक इंटरव्यू में उन्होंने Shah Rukh Khan की फिल्म Pathaan और उसकी कामयाबी पर बात की. उन्होंने कहा कि ऐसा होना बहुत ज़रूरी था और ये शाहरुख का जवाब है.
"बीते दो सालों में शाहरुख के साथ जो हुआ, 'पठान' की सक्सेस उसका जवाब था" - अरबाज़ खान
अरबाज़ ने 'पठान' की कामयाबी पर कहा कि ये बहुत ज़रूरी था और इसकी टाइमिंग बहुत परफेक्ट थी.


DNA से बातचीत में अरबाज़ ने कहा,
ये बहुत ज़रूरी था और इसकी टाइमिंग बहुत परफेक्ट थी. खासतौर पर बेचारे शाहरुख के लिए. बीते दो सालों में शाहरुख और उनके परिवार के साथ जो हुआ, मुझे लगता है कि ये उसका जवाब था.
अरबाज़ ने सीधे तौर पर नहीं कहा. लेकिन उनका इशारा 2021 में हुई आर्यन खान की गिरफ़्तारी पर था. उस केस में पहले आरोप लगे कि शाहरुख के बेटे आर्यन के पास से ड्रग्स बरामद हुए हैं. हालांकि बाद में NCB ने उन्हें क्लीन चिट दे दी थी. अरबाज़ ने ‘पठान’ पर बात करते हुए कहा कि उन्हें ये बहुत एंटरटेनिंग फिल्म लगी. फिल्म की तारीफ के साथ उन्होंने ‘पठान’ के खिलाफ चले बॉयकॉट ट्रेंड्स पर भी बात की. फिल्म की रिलीज़ के बाद कुछ सिनेमाघरों में तोड़फोड़ करने की खबरें भी आई थीं. अरबाज़ ने इन सभी बातों पर कहा,
ये बहुत डिज़र्विंग फिल्म थी. शाहरुख बेस्ट थे. ये फिल्म इंडस्ट्री के लिए भी ज़रूरी थी. फिल्म की कामयाबी इस बात में भरोसा दर्शाती है कि एक अच्छी फिल्म को देखने के लिए लोग अभी भी सिनेमाघरों में जाएंगे. लोगों को नहीं पड़ी है कि किसके बारे में कुछ बोल रहे हो. वो अलग बात है कि आप थिएटर्स को तोड़ेंगे, तो कोई जान खतरे में डालकर नहीं जाएगा. लेकिन अगर आप सच में जानना चाहते हैं कि लोग किसी फिल्म को बॉयकॉट करेंगे या नहीं, तो वो ऐसा नहीं करेंगे.
‘पठान’ पर अपनी बातचीत के अंत में अरबाज़ ने फिल्म के सबसे एक्साइटिंग सीन का भी ज़िक्र किया. जब सलमान और शाहरुख साथ आते हैं. अरबाज़ ने दोनों एक्टर्स की बॉन्डिंग पर कहा,
ये दिल के रिश्ते हैं. इसलिए अपने बीच प्यार और इज़्ज़त की वजह से दोनों एक-दूसरे की फिल्मों में नज़र आ रहे हैं.
अरबाज़ के टॉक शो The Invincibles को आप यूट्यूब पर देख सकते हैं. अब तक शो पर सलीम खान, हेलन, जावेद अख्तर, वहीदा रहमान जैसे कलाकार आ चुके हैं. रही बात ‘पठान’ की, तो बीती 25 जनवरी को रिलीज़ होने के बाद से ‘पठान’ बॉक्स ऑफिस पर मज़बूती से टिकी हुई है. फिल्म ने दुनियाभर में कमाई के मामले में 1000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है. वही इंडिया में फिल्म ने अब तक करीब 526 करोड़ रुपए कमा लिए हैं.
वीडियो: अरबाज खान ने कहा, सलमान खान और अमिताभ अच्छे होस्ट हैं, पर शाहरुख खान अच्छे होस्ट नहीं बन पाए.






















