The Lallantop

'डॉन 3' ड्रामा के बीच फरहान अख्तर करेंगे हॉलीवुड डेब्यू!

'द बीटल्स' में फरहान सितारवादक पंडित रवि शंकर के किरदार में नज़र आएंगे.

Advertisement
post-main-image
फरहान अख्तर ने MCU की 'मिस मार्वल' सीरीज़ में भी कैमियो किया था.

एक तरफ़ Farhan Akhtar का Don 3 को लेकर Ranveer Singh से भारी विवाद चल रहा है. दूसरी तरफ़, वो बतौर एक्टर हॉलीवुड में अपना फिल्म डेब्यू करने जा रहे हैं. फिल्म का नाम The Beatles: A Four-Film Cinematic Event है. जैसा कि नाम से ज़ाहिर है, ये फिल्म सीरीज़ इतिहास के सबसे पॉपुलर बैंड्स में से एक The Beatles की कहानी एक्सप्लोर करेगी. चार पार्ट में बन रहे इस प्रोजेक्ट में फरहान सितारवादक और भारत रत्न Pandit Ravi Shankar का किरदार निभाने वाले हैं. फिल्म को ऑस्कर विनिंग डायरेक्टर Sam Mendes डायरेक्ट करेंगे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इस खबर की पुष्टि खुद सोनी पिक्चर्स ने की है. एक सोशल मीडिया पोस्ट के ज़रिए मेकर्स ने बताया कि फरहान को रवि शंकर के किरदार में कास्ट किया गया है. बता दें कि 'द बीटल्स' 1960s-70s का एक पॉपुलर इंग्लिश रॉक बैंड था. जॉन लेनन, पॉल मेकार्टनी, जॉर्ज हैरिसन और रिंगो स्टार इसके चार मुख्य चेहरे थे. उन्हें पॉपुलर कल्चर में 'फैब फोर' भी कहा जाता था. इस ग्रुप को आजतक का सबसे सफ़ल म्यूजिकल बैंड कहा जाता है. उन्होंने 60 करोड़ से ज्यादा रिकॉर्ड्स बेचे थे. साथ ही वो 8 ग्रैमी और एक ऑस्कर भी जीत चुके हैं.

Advertisement

सवाल उठता है कि 'द बीटल्स' की कहानी में रवि शंकर का क्या काम? दरअसल, 60s के दौर में बैंड के लीड गिटारिस्ट जॉर्ज हैरिसन पर पंडित रवि शंकर का काफ़ी प्रभाव देखने को मिला था. उन्होंने रवि शंकर को लंदन में 'हेल्प' मूवी के सेट पर सुना और तभी से उनके फैन बन गए थे.

the beatles
‘द बीटल्स’ बैंड की तस्वीर.

हैरिसन बैंड में इंडियन क्लासिकल म्यूजिक को शामिल करना चाहते थे. ऐसे में उनकी मदद रवि शंकर ने की थी. हैरिसन उन्हें अपना गुरु मानते थे. उन्होंने इंग्लैंड में अपने घर पर रवि शंकर से हफ्तों तक सितारवादन सीखा. ये सिलसिला कश्मीर और फिर कैलीफॉर्निया तक भी चला था. आज भी यूट्यूब पर दोनों के रियाज़ से जुड़े कई वीडियोज़ उपलब्ध हैं.

जब हैरिसन को लगा कि उन्होंने सितार बजाना सीख लिया है, तो उन्होंने एक गाना रिकॉर्ड किया. उस गाने का नाम था Within You Without You. ये गाना बीटल्स के एल्बम Sgt. Pepper's Lonely Hearts Club Band में शामिल था. गाने पर भारतीय शास्त्रीय संगीत का असर साफ दिखता है. उस गाने की वजह से 1960 के दशक में 'रागा-रॉक' नाम का एक नया म्यूज़िक ट्रेंड शुरू हुआ था. साथ ही रवि शंकर को भी दुनिया भर में पहले से भी अधिक पहचान मिलने लगी थी. 'द बीटल्स' पर रवि शंकर और भारतीय संस्कृति का काफ़ी प्रभाव दिखने लगा था. बाद में ये बैंड अपने परिवार सहित भारत आया था. ऋषिकेश में आज भी उनसे जुड़ा बीटल्स आश्रम मौजूद है.

Advertisement
ravi shankar
पंडित रवि शंकर से सितार सीखते जॉर्ज हैरिसन.

खैर, 'द बीटल्स' में हैरिसन और पंडित रवि शंकर के गुरु-शिष्य वाले रिश्ते को दिखाया जाएगा. इसलिए फरहान अख्तर को इस प्रोजेक्ट से जोड़ा गया है. बता दें कि ये उनकी हॉलीवुड में पहली मूवी ज़रूर है. मगर वो इससे पहले भी एक हॉलीवुड सीरीज़ में नज़र आ चुके हैं. वो सीरीज़ थी 'मिस मार्वल', जिसे मार्वल वालों ने प्रोड्यूस किया था. वही मार्वल, जो एवेंजर्स की फिल्में बनाता है. सीरीज़ में उन्होंने वलीद का किरदार निभाया था, जो रेड डैगर ग्रुप का सरदार होता है. उनका किरदार उस प्रोजेक्ट में कमाला खान यानी मिस मार्वल को मेंटर भी करता है.

ravi shankar
‘मिस मार्वल’ सीरीज़ में फरहान अख्तर.

जहां तक 'द बीटल्स' प्रोजेक्ट की बात है, इसमें पॉल मेस्कल, हैरिस डिकिंसन, बैरी क्योघन, जोसेफ क्वीन, लूसी बॉयन्टन, मॉर्फीड क्लार्क और हैरी लॉटी जैसे एक्टर्स नज़र आने वाले हैं. ये चार पार्ट में बनने वाली एक फिल्म सीरीज़ है. इसकी चारों फिल्में अप्रैल 2028 में सिनेमाघरों में रिलीज़ होंगी.

वीडियो: वांगा की 'एनिमल' पर तीखी बात बोल गए फरहान अख्तर

Advertisement