The Lallantop

अलीगढ़ में सब्ज़ीवाले की मौत, परिवार का आरोप है कि पुलिस ने बुरी तरह पीटा था

इसी दिन दूसरे इलाके में सब्ज़ीवालों ने पुलिस की टीम पर हमला कर दिया.

Advertisement
post-main-image
बाएं से दाएं: अलीगढ़ के भोजपुरा मार्केट में पेट्रोलिंग करती पुलिस, तस्वीर पथराव की घटना के बाद की है. इसी इलाके में उनके ऊपर पत्थरबाज़ी करते लोग. (फोटो क्रेडिट- PTI)

उत्तर प्रदेश का अलीगढ़. यहां 22 अप्रैल को दो घटनाएं हुईं. पहली- एक सब्ज़ीवाले की मौत. उसके परिवार वालों का कहना है कि पुलिसवाले ने उसे बुरी तरह पीटा था, गंभीर चोट लगी थी, जिसकी वजह से उसने दम तोड़ दिया. दूसरी- पुलिस की टीम के ऊपर सब्ज़ीवालों ने हमला किया. तब जब टीम निर्धारित समय खत्म होने के बाद सब्ज़ी की दुकानें बंद करवाने गई थी. घटना में एक कॉन्स्टेबल के घायल होने की खबर है.

Advertisement

दोनों घटनाओं के बारे में एक-एक कर बताते हैं.

पहली घटना- सब्ज़ीवाले की मौत

Advertisement

'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, लवकुश नाम के एक सब्ज़ीवाले की मौत हो गई. अलीगढ़ के दिल्ली गेट इलाके का रहने वाला था. उसके परिवार वालों का कहना है कि 20 अप्रैल की सुबह जलालपुर पुलिस चौकी के एक सब-इंस्पेक्टर ने उसे बुरी तरह पीटा था. लाठियों से. क्योंकि वो अपनी दुकान समेटने में लेट हो गया था. एक रिश्तेदार ने बताया,

'पिटाई के बाद उसकी छाती और पीठ में बहुत दर्द हुआ. उसे अस्पताल ले गए, फिर घर ले आए. दो दिन तक दर्द से तड़पता रहा. बुधवार को दर्द बहुत बढ़ गया और उसने दम तोड़ दिया.'

घटना के बाद परिवार वालों ने आस-पड़ोस के 50 लोगों के साथ पुलिस चौकी के सामने धरना दिया. सीनियर पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह परिवार वालों को समझाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए लेकर गए.

Advertisement

पुलिस का क्या कहना है?

अलीगढ़ के सिटी एसपी अभिषेक ने कहा,

'हमने उन लोगों से कहा है कि वो लिखित शिकायत दें. जो भी सबूत उनके पास हैं, हमें दें. फिर उसके हिसाब से हम एक्शन लेंगे. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने पर ही मौत के कारण का पता चल पाएगा.'

दूसरी घटना- पुलिस कॉन्स्टेबल को पीट डाला

अलीगढ़ का भोजपुरा मार्केट. यहां सब्ज़ी की दुकान को सुबह छह बजे से दस बजे तक खोले रखने की परमिशन दी गई है. 'इंडियन एक्सप्रेस' की रिपोर्ट के मुताबिक, 22 अप्रैल की सुबह पुलिस को जानकारी मिली कि मार्केट में 11 बजे तक दुकानें खुली रह रही हैं. टीम वहां पहुंची. सब्ज़ीवालों से दुकान बंद करने को कहा. बहस हो गई. सब्ज़ीवालों ने पुलिस की टीम पर पथराव कर दिया. 43 बरस के कॉन्स्टेबल जुनैद चोटिल हो गए. उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया. उनकी हालत स्थिर है.


Aligarh Bhojpura Market
भोजपुरा मार्केट में पेट्रोलिंग करती पुलिस की टीम. (फोटो क्रेडिट- PTI)

इधर पुलिस ने घटना में शामिल होने के आरोप में छह लोगों को हिरासत में ले लिया. 34 ज्ञात और 50 अज्ञात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई.

पुलिस का कहना है कि 22 अप्रैल के करीब 11 बजे उनकी टीम मार्केट पहुंची थी. तब वहां दो सब्ज़ीवाले पैसों को लेकर बहस कर रहे थे. कॉन्स्टेबल जुनैद ने उनसे दुकान बंद करने को कहा. दोनों सब्ज़ीवालों ने उन्हें पीट डाला. सर्कल ऑफिसर विशाल पांडे ने जानकारी दी कि कुछ ही देर में बाकी सब्ज़ीवाले भी आ गए और पुलिस की टीम के ऊपर पथराव करने लगे. एडिशनल पुलिस फोर्स को मदद के लिए बुलाना पड़ा, तब हालात कंट्रोल हुए.

देखिये भारत में कोरोना कहां-कहां और कितना फैल गया है.



वीडियो देखें: मुरादाबाद में पुलिस और हेल्थ टीम पर पत्थरबाज़ी करने वालों का कोरोना टेस्ट हुआ, 5 पॉजिटिव मिले

Advertisement