The Lallantop

OMG 2 के डायरेक्टर ने कहा, 'हम ओटीटी पर फिल्म का ओरिजिनल वर्ज़न लाएंगे, जो सेंसर बोर्ड लोगों को नहीं देखने देना चाहता था'

अमित राय ने कहा कि हाथ-पांव जोड़ने के बावजूद सेंसर बोर्ड ने OMG 2 को A सर्टिफिकेट दिया. इसलिए वो ओटीटी पर फिल्म का अनकट वर्ज़न रिलीज़ करेंगे.

Advertisement
post-main-image
OMG 2 की शूटिंग के दौरान अक्षय कुमार और पंकज त्रिपाठी.

Akshay Kumar की OMG 2 इन दिनों थिएटर्स में चल रही है. मगर फिल्म का जो कट सिनेमाघरों में रिलीज़ किया गया, उससे फिल्म के मेकर्स खुश नहीं थे. तिस पर सेंसर बोर्ड ने फिल्म को A सर्टिफिकेट दे दिया. जिसकी वजह से OMG 2 अपनी टार्गेट ऑडियंस से दूर रह गई. बावजूद इसके फिल्म ने टिकट खिड़की से 110 करोड़ रुपए से ज़्यादा की कमाई कर ली है. अब फिल्म के डायरेक्टर Amit Rai की उम्मीद फिल्म की ओटीटी रिलीज़ पर टिकी हुई है. अमित का कहना है कि थिएटर्स में तो जो हुआ, सो हुआ. मगर ओटीटी पर वो लोग OMG 2 का अनकट वर्ज़न रिलीज़ करेंगी. यानी फिल्म के ओटीटी कट में वो हिस्से भी शामिल होंगे, जो सेंसर बोर्ड ने काट दिए थे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

OMG 2 की कहानी टीनएजर्स के मसलों से जुड़ी हुई थी. सेक्स एड्यूकेशन की महत्ता के बारे में बात करने वाली इस फिल्म को CBFC ने A यानी एडल्ट सर्टिफिकेट दिया. जिसका मतलब था कि 18 वर्ष से कम उम्र के लोग सिनेमाघरों में ये फिल्म नहीं देख सकते. अमित राय ने PTI के साथ हालिया इंटरव्यू में इन सभी मसलों पर बात की है. उनका कहना है कि उन्होंने फिल्म को U/A सर्टिफिकेट दिलवाने के लिए बहुत फाइट मारी. मगर उससे कुछ फर्क नहीं पड़ा. अमित कहते हैं-

“हमारे दिल टूट गए थे. क्योंकि हमने ये फिल्म सबके देखने के लिए बनाई थी. मगर अब वो नहीं हो सकता. हमने उनके (सेंसर बोर्ड) हाथ-पांव जोड़े कि हमारी फिल्म को U/A सर्टिफिकेट दे दें. मगर वो नहीं माने. हमने आखिर तक उन्हें कन्विंस करने की कोशिश की. कुछ कदम वो लोग चले, कुछ दूर हम आए. आखिरकार, फिल्म को कुछ बदलावों के साथ रिलीज़ किया गया. हम बहुत खुश हैं कि लोग फिल्म को पसंद कर रहे हैं. फिल्म की नीयत साफ थी. हम पब्लिक को उत्तेजित नहीं करना चाहते थे. इसलिए उन्हें फिल्म अच्छी लगी. हमने कहानी के साथ ऐसे डील किया है, जिससे वो वल्गर न लगे. हमने रियलिटी के बारे में बात की है. मगर प्यारे और हल्कु-फुल्के अंदाज़ में.”  

Advertisement

इस इंटरव्यू के दौरान अमित राय से पूछा गया कि क्या OMG 2 को ओटीटी पर बिना बदलाव के रिलीज़ किया जाएगा. या वही वर्ज़न आएगा, जो सिनेमाघरों में दिखाया गया. इस पर अमित ने कहा-

“हमने तय किया है कि हम (स्ट्रीमिंग प्लैटफॉर्म पर) ओरिजिनल फिल्म दिखाएंगे. वो फिल्म, जो सेंसर (बोर्ड) कभी नहीं चाहता था कि लोग देखें. मगर लोगों ने फिल्म देखकर अपना फैसला बता दिया. अगर सेंसर बोर्ड अब भी नहीं समझता है, तो हम क्या ही कह सकते हैं?” 

OMG 2 11 अगस्त को 'गदर 2' के साथ सिनेमाघरों में लगी थी. इतनी कड़ी टक्कर के बावजूद फिल्म ने 123 करोड़ रुपए का कलेक्शन कर लिया है. OMG 2 में अक्षय कुमार के साथ पंकज त्रिपाठी, यामी गौतम और अरुण गोविल जैसे एक्टर्स ने काम किया है. OMG 2 सितंबर के आखिर में Jio Cinema या Zee5 पर स्ट्रीमिंग के लिए उपलब्ध हो सकती है. 

Advertisement

वीडियो: OMG 2 के डायरेक्टर अमित राय ने कहा कि अक्षय कुमार के बिना ये फिल्म नहीं बन पाती

Advertisement