The Lallantop

मेरी फिल्मों के फ्लॉप होने से फिल्म इंडस्ट्री के लोग खुश होते हैं - अक्षय कुमार

Akshay Kumar की फिल्म Sarfira बॉक्स ऑफिस पर पहले दिन बुरी तरह पिट गई. उसके बाद उनका एक वीडियो वायरल हो रहा है.

Advertisement
post-main-image
अक्षय की पिछली कुछ फिल्में लगातार बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई हैं.

Akshay Kumar की फिल्म Sarfira को बहुत कमज़ोर ओपनिंग मिली. फिल्म पहले दिन सिर्फ 2.5 करोड़ रुपये की कमाई ही कर सकी. हालांकि किसी भी फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कमर्शियल पहलू को दर्शाता है. अधिकांश मौकों पर उसका फिल्म की क्वालिटी से लेना-देना नहीं होता. खैर ‘सरफिरा’ की हल्की ओपनिंग के बाद से ही अक्षय का एक वीडियो वायरल हो रहा है. वहां वो कहते हैं कि उनकी फिल्मों के ना चलने से फिल्म इंडस्ट्री के लोग खुश होते हैं. बता दें कि बीते कुछ समय से अक्षय की फिल्में बॉक्स ऑफिस पर लगातार पिट रही हैं. ‘सेल्फी’, ‘मिशन रानीगंज’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’ और ‘सम्राट पृथ्वीराज’ ऐसे ही नाम हैं. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

‘सरफिरा’ की रिलीज़ से पहले अक्षय ने गलाटा प्लस को एक इंटरव्यू दिया था. वहां उनसे पूछा गया था कि क्या किसी बड़े स्टार की फिल्मों के ना चलने पर ज़्यादा हल्ला कटता है. इस पर अक्षय का कहना था,      

Advertisement

लोगों को देखकर अच्छा लगता है जब 3-4 फिल्में नहीं चलती. फिल्म इंडस्ट्री के लोगों को खुशी होती है जब तीन, चार, पांच फिल्में नहीं चलती. लोगों को मज़ा आता है. मैंने खुद ये चीज़ देखी है. लोग खुश होते हैं कि इनकी पिक्चर नहीं चली. मैं आपको एक छोटा-सा किस्सा सुनाता हूं. मैं उस चैनल का नाम नहीं लूंगा. मैं रेड कार्पेट पर चल रहा था. वहां काफी सारे चैनल के लोग आए हुए होते हैं. वो आपसे सवाल पूछते हैं. एक चैनल वाले ने मेरे सामने माइक किया और पूछा कि अक्षय जी, आपकी आखिरी चार फिल्में नहीं चली. आपको कैसा लग रहा है. तो मैंने उसे देखा और बोला कि बेटा, वैसा ही लग रहा है जैसा तेरा चैनल नहीं चल रहा है. मैंने वो समय देखा है जब आपकी फिल्में नहीं चलती. मुझे लगता है कि हर किसी को बस मेहनत से अपना काम करते रहना चाहिए. फिल्में चले या ना चलें, ये एक अलग बात है. मैंने इसी बात का पालन किया है. 

अक्षय ने इसी इंटरव्यू में अपने नाम के पीछे की कहानी भी सुनाई. उन्होंने बताया कि उनकी पहली फिल्म ‘आज’ थी. उसे महेश भट्ट ने बनाया था. फिल्म के हीरो कुमार गौरव थे. उनके किरदार का नाम अक्षय था. अक्षय ने सेट पर किसी से पूछा कि पिक्चर के हीरो का नाम क्या है. किसी ने अक्षय बताया तो उन्होंने बस वही नाम रख लिया. उनका असली नाम राजीव है. बहरहाल अक्षय की हालिया रिलीज़ ‘सरफिरा’ की बात करें तो उसे सुधा कोंगारा ने बनाया है. ये तमिल फिल्म ‘सूराराई पोट्रू’ का हिंदी रीमेक है. फिल्म में अक्षय के साथ सीमा बिस्वास, परेश रावल और राधिका मदान जैसे एक्टर्स ने भी काम किया है.   
 
 

वीडियो: अक्षय कुमार की फ़िल्मों के प्रोड्यूसर वाशु भगनानी पर कर्ज़ न चुकाने के आरोप, अक्षय का नाम ले क्या सफ़ाई दी?

Advertisement

Advertisement