The Lallantop

अक्षय ने ऐसा थप्पड़ मारा बेहोश हो गया था शख्स, बोले- "करियर खत्म होने वाला था"

ऐसी ही एक घटना अक्षय कुमार और शक्ति कपूर के बीच भी हो चुकी है.

Advertisement
post-main-image
अक्षय और शक्ति कपूर ने 'मैं खिलाड़ी, तू अनाड़ी' और 'भागम-भाग' जैसी फिल्मों में साथ काम किया है.

Akshay Kumar को लेकर कई ऐसी खबरें घूमती हैं, जब उन्होंने किसी को थप्पड़ मार दिया हो. कभी उन्होंने अपने बॉडीगार्ड को झापड़ लगाया, तो कभी किसी फैन को. एक किस्सा तो ऐसा भी है, जिसके मुताबिक, उन्होंने एक बार Shakti Kapoor को ही चांटा जड़ दिया था. हाल ही में अक्षय ने खुद एक घटना का ज़िक्र किया है. उनके मुताबिक, एक पार्टी में उनके थप्पड़ से सामने वाला शख्स बेहोश हो गया था. उस वक्त वो इतना डर गए थे कि उन्हें लगा जैसे उनका करियर ही खत्म हो जाएगा.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

अक्षय इन दिनों सोनी एंटरटेनमेंट पर 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया' नाम का गेम शो होस्ट कर रहे हैं. इसके आने वाले एपिसोड में 'शार्क टैंक इंडिया' के शार्क्स- अमन गुप्ता, अनुपम मित्तल और नमिता थापर नज़र आएंगे. NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, शो के रैपिड फायर राउंड में अमन गुप्ता ने अक्षय से एक सवाल किया है. सवाल ये कि अक्षय के करियर का सबसे शर्मिंदगी भरा मोमेंट कौन सा था?

सवाल सुनकर अक्षय ने एक ऐसा किस्सा सुनाया, जिसका अफसोस उन्हें आज तक होता है. उन्होंने कहा, 

Advertisement

"कई साल पहले मैं अपने एक करीबी दोस्त के साथ एक बड़ी पार्टी में गया था. वहां पर एक आदमी मेरे दोस्त को बार-बार बुरा-भला कह रहा था. पहले तो मैंने उसे रोका, मना किया. लेकिन वो मान ही नहीं रहा था. मैंने उसे एक-दो बार नहीं बल्कि चार-पांच बार चेतावनी दी कि रुक जा. लेकिन वो रुकने का नाम ही नहीं ले रहा था."

तंग आकर अक्षय ने उस शख्स को एक जोरदार थप्पड़ मार दिया. थप्पड़ इतनी ज़ोर से पड़ा कि वो आदमी वहीं बेहोश हो गया था. अक्षय बताते हैं,

"इसके बाद पूरी पार्टी में हड़कंप मच गया था. मेरे दोस्त को काफी शर्मिंदगी हुई और वो रोने लग गया. मैं भी बहुत घबरा गया था. मुझे लगा कि अब मेरा करियर तो गया."

Advertisement

अक्षय के मुताबिक, उन्होंने उस आदमी के चेहरे पर पानी छिड़का. साथ ही मन में प्रार्थना करने लगे कि उसे जल्द होश आ जाए. कुछ देर बाद उसे होश आया और तब जाकर अक्षय ने राहत की सांस ली. हालांकि वो आज भी इसे अपने करियर का सबसे गलत फैसला बताते हैं. वो कहते हैं,

"ये मेरे लिए असली शर्मिंदगी वाला पल था. आज ऐसी स्थिति आए, तो मैं कभी इस तरह रिएक्ट नहीं करूंगा. मैं बस चुपचाप वहां से चला जाऊंगा."

वैसे, मीडिया में अक्षय और शक्ति कपूर वाले मामले को लेकर भी कुछ ऐसी ही रिपोर्ट्स आती रही हैं. उनके मुताबिक, अक्षय ने साल 2002 की एक दीवाली पार्टी में शक्ति कपूर को थप्पड़ मार दिया था. कोईमोई ने अपनी रिपोर्ट में उस घटना पर दोनों एक्टर्स का वर्जन दिया है. रिपोर्ट के मुताबिक, शक्ति ने एक इंटरव्यू में स्वीकारा था कि अक्षय और उनकी अनबन हो गई थी. उनके मुताबिक, अक्षय ताश के गेम में चीटिंग कर रहे थे. जब शक्ति ने उन्हें रोका तो अक्षय ने धक्का दे दिया. इस कारण शक्ति नीचे गिर पड़े. वो बताते हैं कि उन्हें कोई थप्पड़ नहीं मारा गया था. उल्टा, वो उठे और पार्टी से बाहर चले गए थे.

रिपोर्ट में फिल्मफेयर के जनवरी 2003 के आर्टिकल का भी ज़िक्र है. उसमें कथित रूप से अक्षय का वर्जन दिया गया है. खबर के मुताबिक, अक्षय उस घटना पर अपना पक्ष रखते हुए कहते हैं,

"शक्ति कपूर पार्टी में बिन बुलाए मेहमान थे. वो गाली-गलौज का इस्तेमाल कर रहे थे. ये शर्मिंदगी भरी बात थी क्योंकि वहां कई महिलाएं भी मौजूद थीं. वो इतने नशे में थे कि ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे. मैंने बस उन्हें हल्का-सा धक्का दिया और वो जमीन पर गिर गए. अगर वो कहते हैं कि उन्होंने मुझे ताश खेलते समय चीटिंग करते देखा, तो वो झूठ बोल रहे हैं. वो इतने नशे में थे कि उन्हें खुद नहीं पता था कि वो क्या कर रहे हैं. मुझे अफसोस है कि मैंने उन्हें हाथ भी लगाया. बाद में सोचा कि एक नशे में धुत्त आदमी पर मैंने अपनी एनर्जी बर्बाद ही क्यों की? लेकिन अब पछताने से कोई फायदा नहीं है."

अक्षय ने 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून' में शक्ति के साथ हुई इसी घटना का ज़िक्र किया है या कुछ और, ये तो बस वो दोनों ही जानते हैं. देखा जाए तो दोनों बातों में कई समानताएं हैं. मगर दो बड़े फ़र्क भी. फ़र्क ये कि नए वर्जन में अक्षय ने कहा कि उन्होंने किसी को थप्पड़ मारा था. मगर पुराने वर्जन में वो केवल धक्का देने की बात कहते हैं. खुद शक्ति ने भी यही कहा था. दूसरा फ़र्क ये कि अक्षय नए वर्जन में सामने वाले शख्स के बेहोश होने की बात कहते हैं. मगर पुराने वर्जन में शक्ति और अक्षय, दोनों ने ही ऐसी कोई बात नहीं कही थी. ऐसे में ये बता पाना थोड़ा कठिन है कि अक्षय ने आखिर थप्पड़ मारा किसे था. जहां तक 'व्हील ऑफ फॉर्च्यून इंडिया' की बात है, थप्पड़ वाला ये स्पेशल एपिसोड 16 फरवरी को रात 9 बजे सोनी एंटरटेनमेंट चैनल और सोनी लिव पर स्ट्रीम होगा.

वीडियो: अक्षय कुमार ने filmfare के मंच से युवा एक्टर्स को क्या सलाह दी, करन जोहर क्यों नाराज हुए?

Advertisement