अब इन साउथ इंडियन एक्टर्स के हिंदी में बोलते हुए वीडियो देखने की ज़रूरत नहीं पड़ेगी.
एयरपोर्ट लुक, जिम लुक, या किस एक्टर ने कब क्या पहना, या कौन एक्टर किसके साथ रिलेशनशिप में है, पैपराज़ी चैनल्स आपको ऐसे कंटेंट से भरे हुए मिलेंगे. लेकिन पिछले कुछ समय में यहां नया एडिशन हुआ है, साउथ इंडियन एक्टर्स से हिंदी बुलवाने का ट्रेंड. फिर चाहे वो प्रभास का 'राजामौली ने बहुत-बहुत गिफ्ट दिए' बोलना हो, या समांथा रुथ प्रभु का 'मेरी हिंदी में एक्सेंट आएगा' बोलना हो. इंटरनेट पर अपने फेवरेट साउथ इंडियन स्टार्स को हिंदी में बोलते देखने वाले वीडियोज़ का अलग ही क्रेज़ है. जब से इंडियन सिनेमा में पैन इंडिया शब्द मेनस्ट्रीम हुआ है, उसके बाद से साउथ इंडियन एक्टर्स ने नई पॉपुलैरिटी इन्जॉय करना शुरू की है.
मेकर्स भी उसे भुनाने में कोई कमी नहीं छोड़ रहे. 2021 में हमने तमिल एक्टर जीवा को '83' में देखा, और कन्नड़ एक्ट्रेस प्रणिता सुभाष को 'भुज' और 'हंगामा 2' में. लेकिन ये सिलसिला बस यहीं तक नहीं थमने वाला, और भी साउथ इंडियन स्टार्स अपने हिंदी डेब्यू के लिए लाइन में हैं. आज आपको उन्हीं के बारे में बताएंगे.
#1. रश्मिका मंदाना

'गुडबाय' में अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी रश्मिका.
'डियर कॉमरेड' और 'गीता गोविंदम' जैसी फिल्मों से पॉपुलर हुई रश्मिका मंदाना हिंदी सिनेमा में डेब्यू करने के लिए तैयार हैं. वो सिद्धार्थ मल्होत्रा की आने वाली फिल्म 'मिशन मजनू' में उनके अपोज़िट होंगी. 'मिशन मजनू' एक स्पाइ थ्रिलर है, जिसे सेवंटीज़ में सेट किया गया है. फिल्म में सिद्धार्थ रॉ एजेंट बने हैं, वहीं रश्मिका के कैरेक्टर को लेकर कोई डिटेल बाहर नहीं आई है. रश्मिका ने बस एक इंटरव्यू में इतना बताया कि ये उनके लिए Now or Never किस्म का रोल था. 'मिशन मजनू' के बाद उनकी अगली हिंदी रिलीज़ है 'गुडबाय', जिसे डायरेक्ट कर रहे हैं विकास बहल. 'गुडबाय' में रश्मिका अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर करेंगी. इन दोनों फिल्मों के अलावा वो जल्द ही अपनी तीसरी हिंदी फिल्म भी साइन करने वाली हैं. ऐसा रश्मिका ने खुद अपने एक इंस्टाग्राम लाइव सेशन में बताया है.