महाराष्ट्र से पंजाब आए 12 श्रद्धालु कोरोना पॉज़िटिव मिले, 3700 लोग एक साथ रुके थे
पंजाब ने सिख श्रद्धालुओं को लाने के लिए 80 बसें भेजी थी.
Advertisement

महाराष्ट्र के नांदेड़ में फंसे 3700 श्रद्धालुओं को लाने के लिए पंजाब सरकार ने 80 बसें भेजी थीं. (फोटो-स्पेशल अरेंजमेंट अर्चना गिरी, इंडिया टुडे)
महाराष्ट्र का नांदेड़ जिला. यहां से पंजाब लौटे सिख श्रद्धालुओं में से 12 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं. पहले आठ लोगों के कोरोना से संक्रमित होने की खबर आई. उसके बाद यह संख्या बढ़कर 12 हो गई है. जबकि सैकड़ों लोगों के टेस्ट रिपोर्ट आने बाकी हैं. मीडिया रिपोट्स के मुताबिक, पॉजिटिव पाए गए श्रद्धालु अपने-अपने वाहनों से पंजाब लौटे थे. कोरोना के बढ़ते खतरे को देखते हुए पंजाब सरकार ने नांदेड़ से आने वाले हर शख्स का कोरोना टेस्ट कराने का फैसला किया है. इसके अलावा बाहर से आने वाले लोगों को 21 दिन के लिए सरकारी क्वारंटीन में रहना होगा.
क्या है मामला? महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में गुरुद्वारा तख्त सचखंड अब चल नगर हजूर साहिब मौजूद है. यहां हर साल होली के दौरान होला मोहल्ला त्योहार मनाया जाता है. इंडिया टुडे से जुड़े अर्चना गिरी ने बताया कि पंजाब और हरियाणा के अलावा कई राज्यों से हजारों की तादाद में हर साल श्रद्धालु नांदेड़ आते हैं. इस साल होली के आसपास लगभग 15 मार्च को 10-12 हजार लोग आए थे. कार्यक्रम खत्म होने के बाद बहुत से लोग वापस चले गए. लेकिन 22 मार्च को जनता कर्फ्यू और फिर लॉकडाउन की वजह से कुछ लोग वापस नहीं जा पाए. लगभग 3700 लोग फंसे हुए थे. इन लोगों को वापस उनके घर भेजने के लिए लंबे समय से पंजाब सरकार, महाराष्ट्र सरकार से बात कर रही थी. वहीं पंजाब के अन्य नेता भी इन श्रद्धालुओं को उनके घर पहुंचाने के लिए केंद्र सरकार से बात कर रहे थे.
22 अप्रैल को पंजाब से सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने ट्वीट करके बताया था कि उन्होंने महाराष्ट्र के सीएम उद्धव ठाकरे से बात की है. गृहमंत्री अमित शाह की परमिशन मिलने के बाद पंजाब सरकार अपने खर्च पर वहां फंसे हुए श्रद्धालुओं को पंजाब लाने की तैयारी कर रही है. उसी दिन हरसिमरत कौर बादल ने ट्वीट करके कहा कि वो भटिंडा से दिल्ली गई थीं और गृह मंत्री अमित शाह से नांदेड गुरुद्वारे में फंसे श्रद्धालुओं को बचाने की और जल्द पंजाब वापस लाने की गुहार लगाई थी.
पंजाब ने भेजी थी 80 बसें अर्चना गिरी ने बताया कि केंद्र सरकार से स्पेशल परमिशन लेकर 3700 लोगों को वापस भेजने के लिए व्यवस्था की गई. पंजाब सरकार ने 26 अप्रैल को 80 बसें भेजी थीं. ये बसें नांदेड़ आईं. बसों में बैठने से पहले सभी यात्रियों की जांच की गई थी. लेकिन इनमें कोई लक्षण नहीं दिखे थे. जो लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं, वो अपने वाहन से घर गए थे. बस में 52 यात्रियों के बैठने की क्षमता है, लेकिन सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए एक बस में केवल 35 यात्री बिठाए गए. बस को पंजाब पुलिसकर्मी और ट्रांसपोर्ट अधिकारी एस्कॉर्ट कर रहे थे. गुरुद्वारा अलर्ट पर श्रद्धालुओं के कोरोना पॉजिटिव पाए जाने के बाद नांदेड़ स्थित गुरुद्वारा अलर्ट पर है. लगातार गुरुद्वारा कैंपस को सैनिटाइज किया जा रहा है. सोशल डिस्टेंसिंग के नियमों का पालन किया जा रहा है. गुरुद्वारे के सुप्रिटेंडेंट गुरविंदर सिंह वाधवा ने टाइम्स ऑफ इंडिया को बताया कि सभी तरह की सतर्कता बरती जा रही है. हर दिन थोड़े-थोड़े अंतराल पर गुरुद्वारे के हर कोने को सैनेटाइज किया जा रहा है. क्वारंटीन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है. तीन लोगों को क्वारंटीन किया गया है. कोरोना ट्रैकर
दिल्ली सरकार लॉकडाउन में पूरा होने से पहले इन सेवाओं में धीरे-धीरे छूट दे दी है
Advertisement













