इलेक्शन आते ही नेताओं पर दबाव बढ़ जाता है. उन्हें पता होता है कि सिर्फ बयान देने से कोई नोटिस नहीं करेगा. इसलिए विवादित बयान देना जरूरी है. बीजेपी सांसद विनय कटियार ने ये जिम्मेदारी बखूबी उठाई और दे डाला एक टुच्चा बयान. कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी को लिया निशाने पर और बयान दागा
"उनसे ज्यादा बहुत सी सुंदर महिलाएं हैं स्टार कैंपेनर हैं. हिरोइन और आर्टिस्ट हैं जो उनसे बेहतर हैं. बीजेपी में खूबसूरत महिलाओं की कमी नहीं हैं, जहां खड़ा कर देंगे, उनसे ज्यादा वोट ला सकती हैं." विनय कटियार सांसद ही हैं. आपने सही समझा. वो मिस वर्ल्ड कम्पटीशन में सुंदरता के पैमाने जांचने वाले अफसर नहीं हैं. फिर भी उनकी निगाह में कोई तो बारीकी होगी जो महिलाओं की महीन खूबसूरती भांप लेती है. लेकिन प्रियंका ने इनको मार्के का जवाब दिया है. उन्होंने कहा
"वे सही हैं, उनके पास ऐसी महिलाएं हैं. लेकिन क्या बीजेपी मेरे साथियों को इस नज़रिए से देखती है, जो मज़बूत हैं, बहादुर और ख़ूबसूरत महिलाएं हैं? ये महिलाएं जहां हैं, वहां तक पहुंचने के लिए उन्होंने तमाम मुसीबतों का सामना किया है. अगर ऐसा है तो मुझे और भी हंसी आ रही है क्योंकि उन्होंने आधी आबादी के बारे में बीजेपी की सोच को ज़ाहिर कर दिया है." खैर वो नेता हैं, काफी उम्र के हैं. तो उनको सिखाने का कोई मतलब नहीं. लेकिन बयान तो गंदा है भाईसाब. ये आज का दूसरा गंदा बयान है. इसके पहले जेडीयू सांसद शरद यादव का क्रांतिकारी कोट ले लो. उन्होंने कहा था
"वोट की इज्जत बेटी की इज्जत से ज्यादा होती है." 
बेटी, महिलाएं, इज्जत, सुंदरता. समझ नहीं आ रहा कि ये लीडरान चुनाव की बात कर रहे हैं या किसी फिल्म के ऑडिशन की. हमारी पब्लिक कितनी बेबस है जिसे ऐसे नेताओं को रेज झेलना है. अमेरिका वाले तो फिर भी खुशकिस्मत हैं, वहां सिर्फ एक ट्रंप है.

गौर फरमाएं. इन बयानों में यूपी बीजेपी अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्या का राम मंदिर वाला जुमला शामिल नहीं है. उसकी ऊंचाई अलग लेवल की है.
ये भी पढ़ें:
वोट की बात करते-करते 'बेटियों की इज्जत' को बीच में घुसा गए शरद यादव यूपी में बीजेपी-कांग्रेस की इन पांच बेटियों का जीतना तय है!