The Lallantop

तमिलनाडु में थलापति विजय की सरकार तय, 118 नहीं 120 सीटों का 'जुगाड़' हो गया

तमिलनाडु में थलापति विजय के नेतृत्व में नई सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है. 59 सालों में पहली बार होगा जब राज्य में डीएमके और एआईएडीएमके के अलावा किसी और पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन की सरकार बनेगी.

Advertisement
post-main-image
थलापति विजय की सरकार बननी तय. (फोटो- India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • तमिलनाडु में टीवीके के नेता थलापति विजय को वीसीके और IUML द्वारा बिना शर्त समर्थन मिलने के बाद 120 विधायकों का बहुमत प्राप्त हो गया है, जिससे नई सरकार बनने का मार्ग साफ हुआ है।
  • तमिलनाडु में लंबे समय से डीएमके और एआईएडीएमके के शासन के बाद इस बार नई पार्टी टीवीके नेतृत्व वाली गठबंधन ने समर्थन पाया है, जिससे राजनीतिक बदलाव की स्थिति बनी है।
  • बहुमत प्राप्ति के बाद थलापति विजय के तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बनने की संभावना बढ़ गई है, जबकि गठबंधन के अन्य दल भी सरकार में मंत्री पदों के लिए प्रत्याशित हैं।

तमिलनाडु का सियासी संकट दूर होता दिख रहा है. सरकार बनाने के लिए बहुमत के जुगाड़ में दौड़ लगा रहे टीवीके (Tamilaga Vettri Kazhagam) चीफ थलापति विजय को बड़ी राहत मिली है. दो विधायकों वाली पार्टी ‘विदुथलाई चिरुथिगल काची’ (वीसीके) ने सरकार बनाने के लिए विजय को बिना शर्त समर्थन देने का ऐलान कर दिया है. इसे लेकर वीसीके ने टीवीके को अपना समर्थन पत्र लिखित में सौंपा है. इसके अलावा IUML (Indian Union Muslim League) ने भी विजय को आखिरकार समर्थन दे दिया है. दोनों पार्टियों के साथ आने के बाद विजय के पास 120 विधायकों का समर्थन हो गया है, जो बहुमत के सटीक आंकड़े 118 से दो ज्यादा है.

Advertisement

ऐसे में अब तमिलनाडु में थलापति विजय के नेतृत्व में नई सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है. 59 सालों में पहली बार होगा जब राज्य में डीएमके और एआईएडीएमके के अलावा किसी और पार्टी के नेतृत्व वाले गठबंधन की सरकार बनेगी. शनिवार, 9 मई को तमिलनाडु के राज्यपाल को संबोधित समर्थन की चिट्ठी में वीसीके के विधायक दल के नेता थिरु वन्नी अरसु ने लिखा,

हमारे पार्टी अध्यक्ष थिरुमावलवन के निर्देश के मुताबिक तमिलनाडु विधानसभा में 'विदुथलाई चिरुथैगल काची' विधायक दल का नेता होने के नाते मैं अपनी पार्टी के दो विधायकों की ओर से तमिलगा वेत्री कड़गम (टीवीके) को बिना शर्त समर्थन देने की सूचना देता हूं. यह समर्थन जोसेफ विजय के नेतृत्व में तमिलनाडु में सरकार गठन के मकसद से दिया जा रहा है.

Advertisement
TVK
टीवीके को मिला वीसीके का साथ

वीसीके और आईयूएमएल के साथ आने के बाद टीवीके गठबंधन के पास जरूरी आंकड़े से दो सीटें ज्यादा हो गई हैं. ऐसे में विजय के तमिलनाडु के नए सीएम के तौर पर शपथ लेने का रास्ता साफ हो गया है. बता दें कि हालिया चुनाव में टीवीके को 108 सीटें मिली थीं. इसमें प्रभावी सीटें 107 ही हैं क्योंकि विजय ने दो सीटों से चुनाव लड़ा था. इसके अलावा 5 सीटों वाली कांग्रेस ने कुछ शर्तों के साथ विजय को सपोर्ट करने का ऐलान पहले ही कर दिया था. वामपंथी दलों सीपीआई और सीपीएम के 4 विधायक भी विजय की पार्टी के समर्थन में हैं. 

हालांकि, वामपंथी पार्टियों ने सरकार को बाहर से समर्थन देने का ऐलान किया है. वहीं कांग्रेस को उम्मीद है कि उसे विजय सरकार में दो मंत्री पद मिलेंगे. इस तरह से कुल 116 विधायकों का विजय को पहले से ही समर्थन था. अब वीसीके और IUML के भी गठबंधन में शामिल होने के बाद बहुमत के लिए जरूरी 118 सीटों का आंकड़ा पार हो गया है. 

वीडियो: सलमान खान की SVC 63 का नाम क्या होगा, पता चल गया!

Advertisement

Advertisement