1. सैमसंग को लेकर टीपू ने किया था मजाक
एक रथयात्रा में अखिलेश यादव उर्फ़ टीपू हैदरगंज में बोल रहे थे. सड़क के दोनों तरफ पार्टी कार्यकर्ता थे. एक आदमी सेलफ़ोन से उनकी वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था. अखिलेश ने उसकी तरफ इशारा किया और कहा, ''देखिए ये सैमसंग का सबसे नया मॉडल है और ये हमारी पार्टी के पास है.'' इसके बाद अखिलेश हंसने लगे. इसी दौरान उन्होंने एक और कार्यकर्ता को देखा. तुरंत बोले. ''अरे इसको तो मैंने ही पार्टी में शामिल किया था.'' लोग रथ पर बैठने के लिए उधम मचाए थे. शोर मचाने लगे. अखिलेश ने उनसे कहा, ''आगे बैठा लेंगे, छोटा रथ है, कैसे बैठेंगे सब?'' उनका रथ एक बार जाम में फंस गया, तो उन्होंने एक ट्रक ड्राइवर को देखकर कहा,''हैलो ट्रक ड्राइवर भइया, साइड तो दे दो."
2. अखिलेश की बेटी भी रथ पर होती थी
3 जनवरी 2012 को अखिलेश का रथ चुनाव प्रचार में घूम रहा था. अखिलेश की बेटी अदिति भी उनके साथ थी. उसके हाथ में एक आई-पैड था. वो न्यू इयर में कहीं बाहर नहीं जा पाई, इसलिए पापा के साथ रथ पर घूम रही थी. उसके पास एक बैग था. अखिलेश ने उसे खंगालते हुए कहा, ''अरे, अपनी थोड़ी चॉकलेट बाकी लोगों को भी तो दो.'' बस हाईटेक थी. लिफ्ट भी लगी थी उसमें. अखिलेश खूब घूम रहे थे ऊपर-नीचे. बीच-बीच में लोगों से बात भी करते जाते.3. युवराज वर्सेज राजकुमार
नरेंद्र मोदी राहुल गांधी को शहजादा कहते रहे हैं. अखिलेश को भी उस दौरान मीडिया ने राजकुमार कहा था. प्रचार के दौरान युवराज और राजकुमार वाले सवाल पूछने पर अखिलेश बोलते थे, 'अपने-अपने घर में हम सभी युवराज और राजकुमार हैं. चुनौती ये है कि ये पदवी बाहर के लोगों से हासिल की जाए.''4. अमर सिंह को तब भी नहीं पसंद करते थे अखिलेश
आज अमर सिंह को लेकर पार्टी में बवाल मचा हुआ है. 2012 में भी अमर पार्टी अखिलेश के लिए 'बाहरी' ही थे. उस वक्त भी अमर सिंह को पसंद नहीं करते थे. चुनाव के दौरान उनसे पूछा गया कि क्या उन्हें अमर सिंह की कमी खलती है? इस सवाल पर उन्होंने कहा, ''पार्टी उन्हें याद नहीं करती है. हमारी मुलाक़ात भी नहीं होती हैं. कभी अगर मिल जाएं, तो मैं उनसे नमस्कार कर लेता हूं.'' ये तो सिर्फ अखिलेश के चुनाव प्रचार की कुछ बातें थीं. यूपी चुनाव सिर पर हैं. आपको अभी दूसरे नेताओं के चुनावी प्रचार के पुराने-नए किस्से भी सुनाएंगे. Stay Tuned.ये स्टोरी निशांत ने की है.










