The Lallantop

लोकसभा चुनाव: आज थम जाएगा प्रचार का शोर, फिर मेडिटेशन के लिए कन्याकुमारी चले जाएंगे PM मोदी

विपक्ष के नेताओं ने PM Modi के Kanyakumari में Meditation के मसले पर Election Commission से शिकायत की है.

Advertisement
post-main-image
PM मोदी मेडिटेशन के लिए कन्याकुमारी जाएंगे. (फाइल फोटो: PTI)

लोकसभा चुनाव (Lok Sabha Election) के लिए अंतिम चरण की वोटिंग 1 जून को होनी है. इसके लिए आज यानी 30 मई को चुनाव प्रचार का दौर थम जाएगा. इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi Meditation) एक जून तक मेडिटेशन करेंगे. इसके लिए वो कन्याकुमारी (Kanyakumari) के विवेकानंद रॉक मेमोरियल में रहेंगे. उनकी इस यात्रा पर विपक्ष के नेताओं ने सवाल उठाए हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

CPI(M) तमिलनाडु के सचिव हैं, के बालाकृष्णन. इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार को एक पत्र लिखा है. और PM के मेडिटेशन के दौरान इससे जुड़ी खबरों के प्रसारण पर रोक लगाने की मांग की है. उन्होंने कहा है कि मेडिटेशन करना प्रधानमंत्री की निजी पसंद है. लेकिन अगर मीडिया इसका सीधा प्रसारण करती है तो ये PM मोदी और भाजपा के लिए प्रचार का माध्यम बन जाएगी. उन्होंने ये भी कहा है कि चुनाव के दिन प्रधानमंत्री का सुर्खियों में रहना आदर्श आचार संहिता (MCC) का गंभीर उल्लंघन है.

कांग्रेस ने भी की शिकायत

इस मसले को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने भी निर्वाचन आयोग से शिकायत की है. कांग्रेस नेता और वरिष्ठ अधिवक्ता अभिषेक मनु सिंघवी ने इसकी जानकारी दी है. उन्होंने कहा है कि 48 घंटे के साइलेंट पीरियड के दौरान किसी को भी प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से प्रचार करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए. उन्होंने कहा है कि PM के मौन व्रत की घोषणा करना प्रचार या खुद को प्रसारित करने का तरीका है. और ये आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन है. 

Advertisement

सिंघवी ने बताया है कि उन्होंने चुनाव आयोग के सामने दो बिंदु रखे हैं. प्रधानमंत्री 1 जून की शाम को अपना मौन व्रत शुरू करें और अगर वो 30 मई की शाम को ही इसे शुरू करना चाहते हैं, तो इसके मीडिया प्रसारण पर रोक लगनी चाहिए. 

DMK नेता एलंगोवन ने भी इस पर सवाल उठाते हुए कहा है कि ये चुनाव आयोग के नियमों के खिलाफ है.

भाजपा ने क्या कहा?

BJP का इस मसले पर कहना है कि PM कन्याकुमारी में जिस चट्टान पर ध्यान लगाएंगे, उसका विवेकानंद के जीवन पर बहुत प्रभाव था.

Advertisement

1 जून को 7वें चरण में 7 राज्यों और 1 केंद्र शासित प्रदेश की कुल 57 लोकसभा सीटों पर वोटिंग होनी है. इस चरण में बिहार के 8, हिमाचल प्रदेश के 4, झारखंड के 3, ओडिशा के 6, पंजाब के 13, उत्तर प्रदेश के 13, पश्चिम बंगाल के 9 और चंडीगढ़ के 1 सीट पर मतदान होना है.

इन सीटों पर होगी वोटिंग-

बिहार8- नालन्दा, पटना साहिब, पाटलिपुत्र, आरा, बक्सर, सासाराम, काराकाट, जहानाबाद
हिमाचल प्रदेश4- कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, शिमला
झारखंड3- राजमहल,दुमका,गोड्डा
ओडिशा6- मयूरभंज, बालासोर, भद्रक, जाजपुर, केंद्रपाड़ा, जगतसिंहपुर
पंजाब13- गुरदासपुर, अमृतसर, खडूर साहिब, जालंधर, होशियारपुर, आनंदपुर साहिब, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, फरीदकोट, फिरोजपुर, बठिंडा, संगरूर, पटियाला
उत्तर प्रदेश13- महराजगंज, गोरखपुर, कुशीनगर, देवरिया, बांसगांव, घोसी, सलेमपुर, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर, रॉबर्ट्सगंज
पश्चिम बंगाल9- दमदम, बारासात, बशीरहाट, जयनगर, मथुरापुर, डायमंड हार्बर, जादवपुर, कोलकाता दक्षिण, कोलकाता उत्तर
चंडीगढ़1- चंडीगढ़
कुल-57

वोटों की गिनती 4 जून को की जाएगी.

वीडियो: सीएम नवीन पटनायक के कांपते हाथ वाले वायरल वीडियो पर पीएम मोदी ने क्या कहा?

Advertisement