राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने की घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन पर तंज कसा है. PM मोदी ने कहा कि राहुल गांधी अमेठी से भी इतना डर गए कि वहां से भागकर अब रायबरेली में रास्ता खोज रहे हैं. PM मोदी शुक्रवार, 3 मई को चुनावी सभा करने पश्चिम बंगाल के बर्धमान पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने TMC, लेफ्ट, कांग्रेस पर निशाना साधा. पीएम मोदी ने राजस्थान से राज्यसभा का रुख करने को लेकर सोनिया गांधी पर भी तंज कसा.
'डरो मत, भागो मत', अमेठी पर PM मोदी ने राहुल गांधी को मारा ताना, जवाब आया...
चुनावी सभा करने पश्चिम बंगाल पहुंचे PM मोदी ने राहुल गांधी के रायबरेली से चुनाव लड़ने पर तंज कसा. PM ने कहा कि आज वो राहुल गांधी से कहना चाहते हैं- 'डरो मत, भागो मत.'

कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी पर PM नरेंद्र मोदी ने कहा,
"मैंने तो पहले ही कहा था...मैंने संसद में कहा था...तब तो चुनाव को दो-तीन महीने की देर थी. मैंने कहा था इनकी सबसे बड़ी नेता चुनाव लड़ने की हिम्मत नहीं करेगी. वो डर के मारे भाग जाएगी और वो भाग करके राजस्थान गई और राजस्थान से राज्यसभा में आई."
ये भी पढ़ें- रायबरेली में राहुल गांधी का मुकाबला सोनिया गांधी को टक्कर देने वाले दिनेश प्रताप सिंह से
वहीं राहुल गांधी पर हमला करते हुए PM ने कहा,
"मैंने पहले ही बता दिया था कि शहजादे वायनाड में हारने वाले हैं और हार के डर से जैसे ही वायनाड में मतदान समाप्त होगा, वो दूसरी सीट खोजने लग जाएंगे और अब दूसरी सीट पर भी...उनके सारे चेले-चपाटे कह रहे थे कि अमेठी आएंगे, अमेठी आएंगे, लेकिन अमेठी से भी इतना डर गए कि वहां से भागकर अब रायबरेली में रास्ता खोज रहे हैं. ये लोग घूम-घूमकर सबको कहते हैं कि डरो मत. मैं आज उन्हें कहता हूं...अरे डरो मत, भागो मत."
राहुल गांधी पर PM मोदी की इस टिप्पणी का कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने जवाब दिया है. मीडिया के सवालों पर खरगे ने कहा,
"उनसे पूछिए कि वे तो खुद ही भागकर वाराणसी आए हैं न..."
बता दें कि राहुल गांधी रायबरेली से भी चुनाव लड़ रहे हैं. उन्होंने 3 मई को रायबरेली लोकसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया. इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा, कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी और रॉबर्ट वाड्रा भी मौजूद रहे.
वीडियो: राहुल गांधी का मुकाबला दिनेश प्रताप सिंह से, जो कभी सोनिया गांधी को दे चुके हैं टक्कर!










