The Lallantop

'अमित शाह डरा रहे हैं', बंगाल में वोटिंग के बीच ममता बनर्जी का बड़ा आरोप

बंगाल में पहले फेज की 152 सीटों के लिए शाम 5 बजे तक 89.93 फीसदी वोटिंग हुई है. कूचबिहार और दक्षिण दिनाजपुर जिले में सबसे ज्यादा वोटर टर्नआउट रिकॉर्ड हुआ है. दक्षिण दिनाजपुर में 93.12 प्रतिशत और कूचबिहार में 92 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हो चुकी है.

Advertisement
post-main-image
ममता बनर्जी ने अमित शाह को निशाने पर लिया है. (इंडिया टुडे)
author-image
इंद्रजीत कुंडू

बंगाल में पहले फेज की वोटिंग चल रही है. शाम पांच बचे तक 152 सीटों के लिए रिकॉर्ड 89.93 फीसदी वोटिंग हुई है. वोटिंग के बीच ममता बनर्जी ने गृह मंत्री अमित शाह को निशाने पर लिया है. उन्होंने आरोप लगाया कि गृह मंत्री वोटिंग के दिन कोलकाता में बैठे हैं, ताकि अधिकारियों को ‘डरा-धमका’ सकें.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ममता बनर्जी ने गृह मंत्री अमित शाह पर सरकारी एजेंसियों का गलत इस्तेमाल करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा, 

बीजेपी के पास बूथ एजेंट नहीं हैं, इसलिए गृह मंत्री खुद यहां आकर उन सरकारी एजेंसियों के अधिकारियों को डरा-धमका रहे हैं, जो बीजेपी के लिए काम कर रही हैं.

Advertisement

गृह मंत्र अमित शाह ने बीजेपी की जीत का दावा किया है. ममता बनर्जी ने उनके दावे पर पलटवार करते हुए कहा, 

वोटिंग के दिन ही आप दावा कर रहे हैं कि आप जीत चुके हैं! आप ऐसा कैसे कह सकते हैं? आप इतने मूर्ख कैसे हो सकते हैं कि यह मान लें कि आज जितने भी वोट पड़े, वे सब आपके पक्ष में ही पड़े हैं. वोटर्स पर भरोसा रखना सीखिए. क्या आप संकेत कर रहे हैं कि आपने पहले ही EVM को फिक्स कर लिया है? आपने चुनाव में धांधली करने और EVM पर कब्जा करने की योजना बना ली है? आप चाहे कुछ भी कर लें. जनादेश आपके खिलाफ ही जाएगा.

ममता बनर्जी ने वोटर टर्नआउट का जिक्र करते हुए कहा कि इतनी भारी संख्या में वोट पड़ना SIR और अमित शाह के खिलाफ लोगों का प्रतिरोध है. उन्होंने कहा, 

Advertisement

क्या आप जानते हैं कि लोग इतनी बड़ी संख्या में वोट डालने क्यों निकल रहे हैं? मैंने वोटर लिस्ट में लोगों का नाम जुड़वाने के लिए लंबी लड़ाई लड़ी है. बंगाल के लोग अच्छी तरह जानते हैं कि यह वोट उनके अस्तित्व की लड़ाई है. उनको पता है कि अगर TMC को वोट नहीं दिया तो वे सभी वोटिंग का अधिकार खो देंगे. ऐसे में लोग बीजेपी को वोट क्यों दें, जो बंगाल के लोगों के खिलाफ ही साजिश रच रही है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह ने अपने भाषणों में बंगाल में अराजकता और अस्थिरता के दौर का जिक्र किया है. ममता बनर्जी ने इस पर पलटवार करते हुए कहा,

वे कहते हैं कि बंगाल जल रहा है. लेकिन असलियत ये है कि मणिपुर, उत्तर प्रदेश और बिहार जल रहा है. 4 मई को जब नतीजे आएंगे तब आप देखेंगे कि हताशा और निराशा में बीजेपी जल रही होगी.

बंगाल में पहले फेज की 152 सीटों के लिए शाम 5 बजे तक 89.93 फीसदी वोटिंग हुई है. कूचबिहार और दक्षिण दिनाजपुर जिले में सबसे ज्यादा वोटर टर्नआउट रिकॉर्ड हुआ है. दक्षिण दिनाजपुर में 93.12 प्रतिशत और कूचबिहार में 92 फीसदी से ज्यादा वोटिंग हो चुकी है.

वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: क्या SIR ममता बनर्जी को फिर बंगाल की सत्ता दिला देगा?

Advertisement