The Lallantop

मोदी को कुर्ते गिफ्ट करने वाली ममता बनर्जी ने अबकी रिटर्न गिफ्ट में तंज़ भेजा है

पीएम मोदी को उम्मीद नहीं होगी कि दीदी ऐसा भी कह सकती हैं.

Advertisement
post-main-image
ममता बनर्जी ने मोदी को जवाब दिया है. फाइल फोटो.
एक्टर अक्षय कुमार को दिए इंटरव्यू में पीएम मोदी ने एक खुलासा किया था. कहा था- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उन्हें हर साल कुर्ते और मिठाइयां भेजा करती हैं. मोदी के इस खुलासे पर ममता बनर्जी ने 24 अप्रैल के दिन हुगली जिले में एक रैली के दौरान जवाब दिया. उन्होंने मोदी का नाम लिए बिना कहा वे लोगों को रसगुल्ला खिला सकती हैं. चाय पिला सकती हैं. गिफ्ट दे सकती हैं. मगर वोट नहीं देंगी.
क्या कहा था मोदी ने? पीएम नरेंद्र मोदी ने 24 अप्रैल को बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार को एक इंटरव्यू दिया था. इसमें उन्होंने अपने जीवन के कई अनछुए पहलुओं पर बात की थी. मोदी ने विपक्षी दलों के नेताओं से अपने अच्‍छे संबंधों का जिक्र करते हुए कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का नाम लिया था. पीएम ने कहा था कि ममता 'दीदी' से उनके रिश्ते आज भी इतने अच्‍छे हैं कि वे साल में एक-दो कुर्ते उन्‍हें अब भी भेजती हैं. और इनका चयन भी वे खुद ही करती हैं. इतना ही नहीं, जब उन्हें पता चला कि बांग्‍लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना उन्‍हें बांग्‍ला खासियत वाली मिठाइयां भेजती हैं. तब से वे भी उन्‍हें साल में एक-दो बार मिठाई जरूर भेजती हैं.
ममता ने मोदी पर निशाना साधा है. फाइल फोटो.
ममता ने मोदी पर निशाना साधा है. फाइल फोटो.

जवाब में क्या कहा ममता ने?
पीएम मोदी की अक्षय कुमार से हुई ये बातचीत यूं तो 'गैर-राजनीतिक' थी. मगर लोकसभा चुनाव के दौरान हुई ये बातचीत राजनीति से कैसे अछूती हो सकती थी. ममता ने मोदी को एक रैली के जरिए जवाब दिया. उन्‍होंने कहा कि,
मैं लोगों को रसगुल्‍ले भेजती हूं. पूजा के दौरान उन्हें गिफ्ट भी भेजती हूं और चाय भी पिलाती हूं, पर उन्‍हें वोट एक भी नहीं दूंगी.'
ममता के इस बयान को पीएम मोदी की टिप्‍पणी के जवाब के तौर पर देखा जा रहा है. पीएम मोदी के इस बयान के बाद टीएमसी नेता शोभन देव चट्टोपाध्याय ने भी जवाब दिया. चटोपाध्याय ने कहा कि,
चुनाव के बाद जब हम संसद में मिलते हैं तो भूल जाते हैं कि एक दूसरे के खिलाफ चुनाव लड़ा है, जो ममता ने किया वो राजनीतिक शिष्टता है, ऐसा करना चाहिए.
ममता-मोदी में टकराव जोरों पर लोकसभा चुनाव प्रचार चरम पर है. इस प्रचार में भी पीएम मोदी और ममता बनर्जी एक-दूसरे पर निशाना साध रहे हैं. 24 अप्रैल के दिन मोदी ने पश्चिम बंगाल के बोलपुर में बीजेपी की रैली को संबोधित किया था. इस दौरान उन्होंने कहा कि, 'पश्चिम बंगाल में दीदी का सूरज अस्त होना शुरू गया है.'
जवाब में ममता ने एक रैली में पीएम मोदी पर करारा हमला किया था. उन्होंने कहा- 'मोदी बाबू, आपने लोगों पर जबरन नोटबंदी थोपकर काले धन को सफेद किया. और अब इसका इस्तेमाल वोटरों को खरीदने के लिए कर रहे हैं. पर बंगाल में आपकी कोशिशें कामयाब नहीं होंगी.'


वीडियोः नरेंद्र मोदी के सबसे एक्टिव मंत्री माने जाने वाले नितिन गडकरी ने 5 साल में कितना काम किया?

Advertisement
Advertisement