The Lallantop

ये इंट्रेस्टिंग है कि इन चुनावों में सबसे गरीब और सबसे अमीर उम्मीदवार एक दूसरे को चुनौती देंगे

सबसे गरीब वाले की संपत्ति को 1.7 करोड़ से गुणा कर दो, तो भी अमीर वाले की संपत्ति ज़्यादा बैठती है.

Advertisement
post-main-image
कांग्रेस के प्रत्याशी कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी और प्रेम जनता दल उम्मीदवार प्रेम कुमार नल्ला. फाइल फोटो.
क्या गजब संयोग है? राजा भोज से टकराने चला गंगू. जी, एक पास अरबों-खरबों की दौलत. दूसरे के पास खाने के लाले. मगर ये जनतंत्र है, जिसकी वजह से जनता ने जनार्दन को चुनौती देने की ठानी. ये वाकया है कि तेलंगाना की चेवेल्ला लोकसभा सीट का. यहां से कांग्रेस के प्रत्याशी कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी के पास करीब 900 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी है. वे पहले चरण की 91 सीटों पर चुनाव लड़ने वाले उम्मीदवारों में सबसे अमीर प्रत्याशी हैं. खास बात ये है कि सबसे गरीब उम्मीदवार भी इसी लोकसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं. इनका नाम है प्रेम कुमार नल्ला. वे अपनी खुद की पार्टी 'प्रेम जनता दल पार्टी' के टिकट पर मैदान में हैं. प्रेम कुमार के पास संपत्ति के नाम पर महज 500 रुपए हैं. इस अद्भुत संयोग ने इस सीट को चर्चा में ला दिया है.
कांग्रेस उम्मीदवार के पास कितनी दौलत? कांग्रेस के प्रत्याशी कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी के पास कुल 895 करोड़ रुपए की पारिवारिक संपत्ति है. गैर सरकारी संगठन ADR यानी एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स के मुताबिक उनके पास 223 करोड़ रुपए की चल संपत्ति है. विश्वेश्वर की पत्नी संगीता रेड्डी के पास 613 करोड़ की प्रॉपर्टी है. उनके बेटे के नाम 20 करोड़ की चल संपत्ति है. उनके पास करीब 36 करोड़ की अचल संपत्ति भी है. लोकसभा चुनाव 2014 के समय उन्होंने अपनी कुल संपत्ति 528 करोड़ रुपए घोषित की थी. इसका ब्योरा रेड्डी ने चुनाव आयोग को दिए हलफनामे में दिया है.
विश्वेश्वर एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं. तस्वीर फेसबुक पेज.
विश्वेश्वर एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं. तस्वीर फेसबुक पेज.

कोंडा विश्वेश्वर रेड्डी आंध्र प्रदेश के पूर्व उप मुख्यमंत्री केवी रंगा रेड्डी के पोते और आंध्र प्रदेश और महाराष्ट्र हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस रहे कोंडा माधव रेड्डी के बेटे हैं. विश्वेश्वर रेड्डी का एक परिचय और है. वो ये कि अपोलो हॉस्पिटल समुह के संस्थापक चेयरमैन डॉक्टर प्रताप सी रेड्डी के दामाद भी हैं. विश्वेश्वर एक इलेक्ट्रिकल इंजीनियर हैं. अपनी आठ खोज पर उन्होंने पेटेंट और कॉपीराइट हासिल कर रखा है.
गरीब के पास क्या-क्या? जनता दल उम्मीदवार प्रेम कुमार के पास पैन कार्ड है. लेकिन उन्होंने कोई इनकम टैक्स रिटर्न फाइल नहीं किया है. उनका यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया में एक बचत खाता है. इस खाते में महज 500 रुपए हैं. प्रेम कुमार ने अपने हलफनामे में लिखा है कि वे समाज सेवा और कमीशन एजेंट के तौर पर काम करते हैं. वे तेलंगाना के राज्य ट्रांसपोर्ट ऑफिस में कमीशऩ एजेंट हैं. प्रेम की पत्नी सामान्य गृहिणी हैं.
इस सीट पर और कौन से उम्मीदवार? चेवेल्ला सीट पर तेलंगाना राष्ट्र समिति के डॉक्टर जी रंजीत रेड्डी, भाजपा के बी जनार्दन रेड्डी समेत 23 उम्मीदवार मैदान में हैं. साल 2014 के चुनाव में कोंडा विश्वेशवर रेड्डी तेलंगाना राष्ट्र समिति के टिकट पर लोकसभा के लिए चुने गए थे. साल 2018 में वे राहुल गांधी के सामने कांग्रेस में शामिल हो गए थे. अब कांग्रेस उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं.
जयपाल रेड्डी की सीट रही है चेवेल्ला चेवेल्ला सीट एक जमाने में अविभाजित आंध्र प्रदेश की वीवीआईपी सीट रही है. साल 2009 में इस सीट से पूर्व केंद्रीय मंत्री और दिग्गज कांग्रेस नेता जयपाल रेड्डी लोकसभा के लिए चुने गए थे. इस लोकसभा क्षेत्र के तहत हैदराबाद के बाहरी मधापुर, गाचीबोली, कोंडपुर और मियापुर जैसे इलाके आते हैं.
कुछ अमीर-गरीब और भी हैं... अमीर उम्मीदवारों में आंध्रप्रदेश की विजयवाड़ा सीट से वाईएसआर कांग्रेस प्रत्याशी प्रसाद वीरा पोटलुरी भी हैं. इनकी संपत्ति 347 करोड़ रुपए है. आंध्रप्रदेश के नरसापुरम लोकसीट के वाईएसआर कांग्रेस के ही उम्मीदवार केआर रामा कृष्ण राजू के पास 325 करोड़ रुपए की संपत्ति है.
सबसे गरीब प्रत्याशियों में नल्ला प्रेम कुमार के अलावा राजेंद्र केंडुरका और अलाकुंटा राजन्ना भी शामिल हैं. राजेंद्र केंडुरका ओडिशा की कोरापुट लोकसभा सीट से CPI ML के उम्मीदवार हैं. उनके पास महज 565 रुपए हैं. अलाकुंटा राजन्ना तेलंगाना में निजामाबाद लोकसभा सीट से निर्दलीय मैदान में हैं. इनके पास भी कोई संपत्ति नहीं, सिर्फ 1000 रुपए हैं.


वीडियोः पाक प्रधानमंत्री ने कहा 'मोदी का PM बनना पाकिस्तान के लिए अच्छा'

Advertisement
Advertisement