क्यों छोड़ दी कांग्रेस? मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक अल्पेश ठाकोर पाटन लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे. मगर कांग्रेस ने अल्पेश को टिकट न देकर पूर्व सांसद जगदीश ठाकोर को टिकट दे दिया. कांग्रेस ने साबरकांठा लोकसभा सीट से ठाकोर सेना के एक सदस्य को टिकट देने की मांग भी नहीं मानी. गुजरात में एक प्रमुख ओबीसी नेता के रूप में उभरने के बाद अल्पेश 2017 गुजरात विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस में शामिल हो गए थे. वे पाटन जिले में राधानपुर सीट से चुनाव जीते थे. अल्पेश को कांग्रेस ने ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी का सचिव नियुक्त किया था और बिहार का सह प्रभारी भी बनाया था.
बीजेपी में जाने की हैं अटकलें अल्पेश की कांग्रेस छोड़ने की अटकलें काफी अरसे से लग रही थीं. चर्चाएं उनके बीजेपी में भी जाने की भी थीं. मगर बाद में उनकी कांग्रेस के नेताओं से बातचीत हो गई थी. इसके बाद ये अटकलें बंद हो गई थीं. कांग्रेस छोड़ने के बाद अब एक बार फिर से ये चर्चा ने जोर पकड़ा है कि अल्पेश की भाजपा में बात हो चुकी है. उन्होंने पिछले महीने ही मुख्यमंत्री विजय रूपाणी और गुजरात भाजपा अध्यक्ष जीतूभाई वघाणी से मुलाकात कर कांग्रेस नेतृत्व की नींद उड़ा दी थी. बाद में कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक के बाद उन्होंने अपना इरादा बदल दिया था. तब अल्पेश ने कहा था, 'एक समय मैं अपने समुदाय की बेहतर सेवा करने के लिए मंत्री पद चाह रहा था, लेकिन अब संघर्ष करने का फैसला कर लिया है. अगर मैं भाजपा में चला जाता तो मैं छह महीने पीछे चला जाता.' ठाकोर ने ये भी माना था कि वे प्रदेश कांग्रेस के कुछ नेताओं के काम करने के तौर तरीकों से नाराज थे. लेकिन अब ये बीती बात हो चुकी है.
कौन हैं अल्पेश ठाकोर? अल्पेश को पूरे गुजरात में शराबबंदी के कानून को सख्ती से लागू कराने की लड़ाई लड़ने के लिए जाना जाता है. उन्होंने ओबीसी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले ठाकोर समुदाय को संगठित करके आंदोलन शुरू किया था. अल्पेश ने 'जनता रेड टीम' बनाई और गैरकानूनी देसी शराब बनाने वालों के यहां छापेमारी शुरू कर दी. गुजरात में 22 से 24 फीसदी ठाकोर हैं. अल्पेश खुद युवा हैं और हमेशा ओबीसी समुदाय के हक और हुकूक की बात करते रहते हैं. रहने वाले अहमदाबाद के एंडला गांव के हैं, जो हार्दिक पटेल के गांव के पास में ही है. अल्पेश समाजसेवा के साथ ही खेती और रियल एस्टेट का कारोबार करते हैं. 23 अक्टूबर को उन्होंने कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी की मौजूदगी में कांग्रेस का दामन थाम लिया था. ये उनकी कांग्रेस में घर वापसी थी. इससे पहले भी अल्पेश 2009 से 2012 तक कांग्रेस में रह चुके थे.

अल्पेश (काले घेरे में) कांग्रेस के टिकट पर जिला पंचायत का चुनाव लड़ चुके हैं.
अल्पेश का परिवार भी कांग्रेसी रहा है
अल्पेश ठाकोर के पिता खोड़ाजी ठाकोर कांग्रेस के अहमदाबाद के ग्रामीण जिलाध्यक्ष रहे हैं. इसके पहले खोड़ाजी शंकर सिंह वाघेला के साथ बीजेपी से जुड़े थे. जब वाघेला ने बीजेपी छोड़कर कांग्रेस का दामन थाम लिया तो खोड़ाजी भी कांग्रेसी हो गए. हालांकि 2017 में ही शंकर सिंह वाघेला ने कांग्रेस भी छोड़ दी, लेकिन खोड़ाजी बने रहे. उनके बेटे अल्पेश ने 2012 के जिला पंचायत चुनाव में मांडल सीट से बतौर कांग्रेस प्रत्याशी चुनाव लड़ा था. लेकिन वो हार गए थे. हालांकि इसके बाद अल्पेश ने अपना सियासी कद इतना बढ़ा लिया कि पहले बीजेपी और फिर कांग्रेस दोनों ने उनपर डोरे डालने शुरू कर दिए. कांग्रेस को इसमें कामयाबी भी मिली और चुनाव के ठीक पहले अल्पेश कांग्रेस में शामिल हो गए.ओबीसी को किया था एकजुट
पंचायत चुनाव हारने के बाद अल्पेश ने कांग्रेस का साथ छोड़ दिया था. गुजरात में ओबीसी समुदाय में 146 जातियां हैं. अल्पेश ने इन सभी को एकजुट करने का बीड़ा उठाया और इसके लिए सामाजिक आंदोलन की ओर चले. राज्य में बिक रही अवैध शराब के खिलाफ मुहिम के लिए उन्होंने गुजरात क्षत्रिय-ठाकोर सेना का गठन किया. इस मुहिम से ही उन्हें ओबीसी का साथ मिला. फरवरी 2017 में अहमदाबाद में ओबीसी की एक रैली में उन्होंने ऐलान किया कि गुजरात का अगला मुख्यमंत्री बीजेपी से नहीं, हमारा होगा. उनके इस संगठन में 6.5 लाख लोग रजिस्टर्ड हैं.बनाया था एकता मंच
जनवरी 2016 में अल्पेश ने एकता मंच बनाया था. इसके तहत उन्होंने ओबीसी, एससी और एसटी समुदाय के लोगों को अपने साथ जोड़ा है. अल्पेश ने ये मंच पाटीदार आंदोलन के खिलाफ बनाया है. 2016 में मीडिया को दिए बयान में उन्होंने कहा था कि पाटीदार आंदोलन की वजह से और जातियों में डर बैठ गया है कि उनके आरक्षण में किसी तरह की कटौती की जा सकती है. अल्पेश ने फरवरी 2016 में एकता मंच की रैली में कहा था कि वो न तो चुनाव लड़ेंगे और न ही किसी पार्टी को समर्थन देंगे. अल्पेश ने कहा था कि उनका मकसद है कि गुजरात चुनाव में अच्छे लोग जीतकर विधानसभा पहुंचें. लोग उनको वोट करें, जो गरीबों की चिंता करे और गरीबों के लिए काम करे.किसानों की कर्जमाफी के लिए किया था आंदोलन

किसानों का लोन माफ करने के लिए अल्पेश के नेतृत्व में आंदोलन हुआ, जिसमें किसानों ने सड़क पर दूध बहाया था.
6 जुलाई 2017 को मीडिया में तस्वीरें आईं कि गुजरात की सड़क पर किसान दूध बहा रहे हैं. ये किसान कर्जमाफी की मांग कर रहे थे. इस आंदोलन के पीछे भी अल्पेश ठाकोर का ही हाथ था. उन्होंने किसानों को संगठित किया और कहा कि वो लोग अपना दूध शहरों तक न भेजें. अल्पेश के समर्थन में किसानों ने दूध सड़क पर बहा दिया. इस पर भी किसानों की बात नहीं मानी गई, तो अल्पेश ने आमरण अनशन करने की चेतावनी दी. इससे पहले अल्पेश ने गुजरात सरकार से बाबा साहब भीमराव अम्बेडकर की मूर्ति की मांग को लेकर आंदोलन किया था. जब बीजेपी ने सरदार सरोवर बांध के पास सरदार वल्लभ भाई पटेल की 182 मीटर ऊंची मूर्ति लगाने का प्रस्ताव रखा था और उस पर अमल शुरू किया था, तो अल्पेश ने भी मांग रखी. अल्पेश ने कहा था कि वो सरदार पटेल की मूर्ति का विरोध नहीं कर रहे हैं, लेकिन जिस बाबा साहब अम्बेडकर ने देश को संविधान दिया है, उनकी भी उतनी ही ऊंची मूर्ति लगनी चाहिए. इसके अलावा अल्पेश ने निजी संस्थानों में भी आरक्षण देने की मांग की थी.
सोशल मीडिया पर सर्वे कर 25 लाख लोगों के समर्थन का दावा

23 अक्टूबर, 2017 में राहुल की मौजूदगी में अल्पेश ने कांग्रेस जॉइन कर ली थी.
गुजरात क्षत्रिय-ठाकोर सेना और उसके बाद एकता मंच बनाने वाले अल्पेश ठाकुर की सियासत में एंट्री कैसे हुई. इसका जवाब खुद अल्पेश देते हैं. उन्होंने बताया-
मेरे सलाहकारों ने कहा कि मुझे राजनीति में आना चाहिए. इसे परखने के लिए हमने डोर-टू-डोर सर्वे करवाया. इसके नतीजे मेरे पक्ष में थे. लगभग 25 लाख लोगों ने मुझे राजनीति में आने और कांग्रेस पार्टी जॉइन करने के लिए कहा. इसके अलावा 1 लाख 40 हजार लोगों ने मुझे बीजेपी जॉइन करने के लिए कहा था. इसका रिजल्ट हमने सोशल मीडिया पर भी शेयर किया था.अलग-अलग मीडिया समूहों को दिए बयान में अल्पेश ने दावा किया है कि उनका बनाया हुआ एकता मंच का संगठन गुजरात की 182 सीटों में से 138 पर मजबूत स्थिति में है. इसके अलावा उनकी बनाई हुई गुजरात क्षत्रिय-ठाकोर सेना की पहुंच लगभग 9000 गांवों में है. अल्पेश खुद कहते हैं-
दोनों को मिलाकर गुजरात में करीब 78 फीसदी वोटों पर हमारे संगठन का प्रभाव है. दोनों संगठनों में तकरीबन 35 से 40 लाख लोग सदस्य हैं.
वीडियोः BJP के घोषणापत्र और राहुल की तस्वीर इस वजह से ट्रोल हो गई











