The Lallantop

'पासपोर्ट, प्रॉपर्टी, शेल कंपनी', कांग्रेस के आरोपों पर बिफरे हिमंता, बोले- 'अब कोर्ट में फैसला होगा'

पवन खेड़ा ने सवाल उठाया है कि हिमंता ने अपनी पत्नी की दुबई में मौजूद कथित संपत्ति के बारे में जानकारी क्यों नहीं दी? उन्होंने कहा कि प्रशासन को हिमंता पर एक्शन लेना चाहिए.

Advertisement
post-main-image
पवन खेड़ा ने हिमंता और उनकी पत्नी पर गंभीर आरोप लगाए हैं (PHOTO-AajTak)

असम में चुनाव की सरगर्मियों के बीच कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने हिमंता बिस्व सरमा और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं. खेड़ा ने दावा किया कि असम के सीएम हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी के पास तीन अलग-अलग देशों के पासपोर्ट हैं, जिनमें भारत नहीं है. उन्होंने पूछा भी कि क्या सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा के पास भारत की नागरिकता है? क्योंकि भारत में तो दोहरी नागरिकता का प्रावधान नहीं है. पवन खेड़ा के दावे के मुताबिक, रिंकी के पास UAE, ईजिप्ट और एंटीगुआ-बारबूडा के पासपोर्ट हैं.   

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

खेड़ा ने सवाल किया कि असम के मुख्यमंत्री के परिवार के पास एक से ज्यादा पासपोर्ट क्यों हैं? उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के बाद वो देश छोड़कर भाग सकते हैं. खेड़ा ने मांग की कि सरमा को चुनाव के लिए अयोग्य घोषित किया जाए और उन्हें जेल भेजा जाए. हिमंता बिस्वा सरमा ने इन आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा है कि वो खेड़ा पर मानहानि का मुकदमा करेंगे. वहीं उनकी पत्नी रिंकी सरमा ने भी खेड़ा के आरोपों को खारिज करते हुए उनके दिखाए दस्तावेजों को एआई जनरेटेड और फोटोशॉप्ड बताया. 

क्या है मामला

ये विवाद रविवार, 5 अप्रैल को तब शुरू हुआ, जब कुछ दस्तावेजों को लेकर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की. इसमें उनके पीछे एक पोस्टर लगा था, जिस पर ‘अबकी बार, बंटी और बबली होने वाले हैं फरार’ लिखा था. इस पर हिमंता और उनकी पत्नी की फोटो लगी थी. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि सरमा के फाइनेंशियल लिंक विदेश में ऑपरेट कर रही शेल कंपनियों के साथ हैं. उन्होंने कहा,

Advertisement

हिमंता बिस्वा सरमा ने अपना सारा पैसा शेल कंपनियों में लगा रखा है. ये कंपनी अमेरिका के Wyoming में है लेकिन Wyoming ही क्यों चुना गया? क्योंकि वहां कोई टैक्स नहीं है. ये जगजाहिर है कि लोग वहां अपनी प्रॉपर्टी छिपाकर रखते हैं. जब हमें ये जानकारी मिली तो हमने अगले 2 दिनों तक इसकी जांच की. आज ये जानकारी आपके सामने लेकर आए हैं. हिमंता को ये बताना होगा कि उनके पास 52 हजार करोड़ कैसे आए? इस जानकारी के आधार पर हिमंता बिस्व सरमा को जेल होनी चाहिए.

इसके अलावा पवन खेड़ा ने हिमंता बिस्व सरमा की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा पर भी आरोप लगाए. उन्होंने कहा,

हिमंता की पत्नी रिंकी भुईयां की एक कंपनी व्योमिंग अमेरिका में रजिस्टर्ड है. इस कंपनी की मेंबर लिस्ट में हिमंता, उनकी पत्नी और उनका बेटा शामिल हैं.

Advertisement

पवन खेड़ा ने सवाल उठाया कि हिमंता ने अपनी पत्नी की दुबई में मौजूद कथित संपत्तियों के बारे में जानकारी क्यों नहीं दी? प्रशासन को हिमंता पर एक्शन लेना चाहिए. उन्होंने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से सवाल किया कि क्या वो इस मामले की जांच के लिए SIT का गठन करेंगे?

हिमंता बिस्व सरमा ने क्या कहा?

इधर खेड़ा के सभी आरोपों को हिमंता बिस्वा सरमा ने खारिज किया है. उन्होंने ऐलान किया है कि वो और उनकी पत्नी खेड़ा पर मानहानि का मुकदमा करेंगे. सीएम हिमंता ने एक्स पर अपनी पोस्ट में लिखा,

पवन खेड़ा की आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस कांग्रेस पार्टी के भीतर गहरे असंतोष और घबराहट को दिखाती है. जैसे-जैसे असम एक ऐतिहासिक जनादेश की ओर निर्णायक रूप से आगे बढ़ रहा है, इस तरह के हताश और बेबुनियाद हमले केवल उनके ढहते जनाधार को ही उजागर करते हैं. मैं उनके द्वारा लगाए गए हर आरोप को पूरी तरह से खारिज करता हूं. ये दुर्भावनापूर्ण, मनगढ़ंत और राजनीतिक रूप से प्रेरित झूठ हैं, जिनका उद्देश्य असम की जनता को गुमराह करना है.

हिमंता ने आगे कहा कि वो और उनकी पत्नी अगले 48 घंटों के अंदर पवन खेड़ा के खिलाफ आपराधिक और दीवानी दोनों तरह के मानहानि मुकदमे दायर करेंगे. उन्होंने कहा कि खेड़ा के इन गैरजिम्मेदाराना और मानहानिकारक बयानों के लिए उन्हें पूरी तरह से जवाबदेह ठहराया जाएगा.

सरमा ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है. एक बार जब अदालत में सच्चाई साबित हो जाएगी तो पवन खेड़ा को इसके नतीजे भुगतने होंगे. कानून अपना काम करेगा. उन्होंने कहा कि असम की जनता ऐसे दुष्प्रचार से गुमराह नहीं होगी. हम अपने लक्ष्य पर अडिग, दृढ़-संकल्पित और आश्वस्त हैं कि हमें जनता से 100 से अधिक सीटों का निर्णायक जनादेश प्राप्त होगा.

सरमा की पत्नी रिंकी ने भी खेड़ा को आड़े हाथों लिया है. उन्होंने कहा, 

आपकी सिर्फ तपस्या में ही नहीं, बल्कि एआई जनरेशन और फोटोशॉपिंग में भी कमी रह गई है. 

उन्होंने कहा कि उम्मीद थी कि एक राष्ट्रीय पार्टी के प्रवक्ता कम से कम बुनियादी सतर्कता बरतेंगे. काल्पनिक पासपोर्ट और दस्तावेज़ों की खराब तरीके से बनाई गई तस्वीरें नहीं फैलाएंगे. रिंकी ने कहा कि उन्होंने इस मामले को कानून के हवाले कर दिया है.

वीडियो: नेतानगरी: क्या नेता-एक्टर करा रहे राघव चड्ढा की BJP से डील? नीतीश के बाद बिहार का नया CM कौन?

Advertisement