केंद्रीय विद्यालय और नवोदय विद्यालय में सरकारी शिक्षक बनने का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए 17 अगस्त 2026 से इंतजार का सबसे अहम दौर शुरू हो गया है. केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड यानी CBSE ने KVS और NVS भर्ती 2025 के Tier-II रिजल्ट चरणबद्ध तरीके से जारी करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पहले चरण में पीजीटी कंप्यूटर साइंस (PGT Computer Science), TGT कंप्यूटर साइंस, फाइनेंस ऑफिसर और स्टेनोग्राफर ग्रेड-I के परिणाम जारी किए गए हैं. बाकी पदों के नतीजे भी अलग-अलग चरणों में जारी किए जाएंगे.
KVS-NVS भर्ती का रिजल्ट आना शुरू, पहले इन पदों के नतीजे जारी, बाकी का भी इंतजार खत्म होने वाला
KVS NVS Result 2026: केंद्रीय विद्यालय संगठन (KVS) और नवोदय विद्यालय समिति (NVS) की शिक्षक और नॉन-टीचिंग भर्ती परीक्षा का इंतजार अब खत्म होने लगा है. सीबीएसई ने 17 अगस्त 2026 से Tier-II के रिजल्ट चरणबद्ध तरीके से जारी करना शुरू कर दिया है. पहले चरण में चार पदों के नतीजे घोषित किए गए हैं, जबकि बाकी पदों के रिजल्ट आने वाले दिनों में जारी किए जाएंगे.

दरअसल, ये भर्ती विज्ञापन संख्या. RECTT. NOTIFICATION /01/2025 के तहत हुई थी. इसमें KVS और NVS के विभिन्न शैक्षणिक (Teaching) और गैर शिक्षणिक (non-teaching) पद शामिल हैं. भर्ती प्रक्रिया की शुरुआत 2025 में हुई थी और टियर-1 (Tier-I) परीक्षा 10 और 11 जनवरी 2026 को आयोजित की गई थी. टियर-I का रिजल्ट 28 फरवरी 2026 को जारी किया गया था, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों को टियर-II परीक्षा के लिए बुलाया गया.
पहले चरण में किन पदों का रिजल्ट आया?
अभी सबसे पहले चार पदों के रिजल्ट सामने आए हैं. इनमें दो टीचिंग और दो नॉन टीचिंग पद हैं.
टीचिंग में पीजीटी कंप्यूटर साइंस और टीजीटी कंप्यूटर साइंस का रिजल्ट जारी हुआ है. नॉन टीचिंग में फाइनेंस ऑफिसर और स्टेनोग्राफर ग्रेड-I का परिणाम घोषित किया गया है. CBSE के मुताबिक बाकी पदों के परिणाम भी तैयार किए जा रहे हैं और उन्हें आने वाले दिनों में चरणबद्ध तरीके से अपलोड किया जाएगा. इसलिए अगर किसी उम्मीदवार के पद का रिजल्ट अभी नहीं आया है तो इसका मतलब ये नहीं है कि उसका रिजल्ट रोक दिया गया है.
रिजल्ट कैसे चेक करें?
रिजल्ट देखने के लिए उम्मीदवारों को CBSE की आधिकारिक वेबसाइट और KVS-NVS भर्ती के उम्मीदवार लॉगिन पोर्टल पर नजर रखनी चाहिए.
सबसे पहले CBSE की आधिकारिक भर्ती वेबसाइट खोलें. वहां KVS-NVS Recruitment 2025 से जुड़ा अपडेट देखें. इसके बाद उम्मीदवार संबंधित रिजल्ट लिंक पर क्लिक करके एप्लीकेशन लॉगिन में प्रवेश कर सकते हैं. लॉगिन के लिए वही रजिस्ट्रेशन डिटेल और पासवर्ड इस्तेमाल करना होगा जो भर्ती प्रक्रिया के दौरान इस्तेमाल किए गए थे.
रिजल्ट खुलने के बाद शैक्षणिक योग्यता (qualification) या शॉर्टलिस्टिंग की स्थिति (shortlisting status) ध्यान से देखें. अगर उम्मीदवार अगले चरण के लिए शॉर्टलिस्टेड हैं तो रिजल्ट की कॉपी डाउनलोड करके सुरक्षित रख लेना बेहतर होगा. CBSE ने उम्मीदवारों को अपनी एप्लीकेशन डिटेल और लॉगिन डिटेल (login credentials) संभालकर रखने की सलाह दी है.
सिर्फ रिजल्ट आने से नौकरी पक्की नहीं होगी
यहां एक जरूरी बात समझना बहुत जरूरी है. Tier-II में सफल होना अंतिम नियुक्ति नहीं है. अलग-अलग पदों के लिए अगला चरण अलग हो सकता है.
पीजीटी कंप्यूटर साइंस, टीजीटी कंप्यूटर साइंस और फाइनेंस ऑफिसर जैसे पदों के लिए चयनित उम्मीदवारों को इंटरव्यू की प्रक्रिया से गुजरना होगा. साक्षात्कार का शेड्यूल तय होने के बाद कॉल लेटर उम्मीदवार के एप्लीकेशन लॉगिन में उपलब्ध कराया जाएगा.
दूसरी तरफ स्टेनोग्राफर ग्रेड-I के उम्मीदवारों के लिए अलग स्किल टेस्ट होगा. इसके लिए भी कॉल लेटर, आवेदन पोर्टल के जरिए जारी किया जाएगा. यानी स्टेनोग्राफर ग्रेड-I का टियर-II रिजल्ट आ जाना चयन प्रक्रिया का अंतिम पड़ाव नहीं है.
भर्ती में कितने पद हैं?
शुरुआत में KVS और NVS Recruitment 2025 में कुल 14,967 टीचिंग और नॉन टीचिंग रिक्तियां (vacancies) घोषित की गई थीं. बाद में KVS की वैकेंसी में बढ़ोतरी के बाद कुल संख्या 15,762 हो गई. इसलिए इस भर्ती अभियान को 15,000 से ज्यादा पदों वाली बड़ी केंद्रीय शिक्षक भर्ती के तौर पर देखा जा रहा है.
भर्ती में PRT, TGT, PGT, लाइब्रेरियन, प्रिंसिपल, वाइस प्रिंसिपल और अस्सिटेंट कमिश्नर जैसे शैक्षणिक और एकेडमिक पदों के अलावा प्रशासनिक अधिकार, वित्त अधिकारी, सहायक सेक्शन अफसर, जूनियर ट्रांसलेटर, सीनियर सेक्रेटियट अस्सिटेंट, जूनियर सेक्रेटियट अस्सिटेंट, स्टेनोग्राफर, लैब अटेंडेंट और मल्टी टास्किंग स्टाफ जैसे नॉन टीचिंग पद भी शामिल हैं.
कट-ऑफ कितनी जाएगी?
अब सबसे ज्यादा चर्चा कट-ऑफ को लेकर है. लेकिन यहां उम्मीदवारों को सावधान रहना चाहिए. फिलहाल किसी भी कैटेगरी या पोस्ट की ऑफिशियल फाइनल कट-ऑफ को लेकर कोई प्रमाणित संख्या सामने नहीं आई है. इसलिए सोशल मीडिया या कोचिंग वेबसाइट्स पर चल रहे किसी भी फिक्स्ड कट-ऑफ स्कोर (fixed cut-off score) को आधिकारिक मानना सही नहीं होगा.
कट-ऑफ एक ही संख्या नहीं होती. ये पोस्ट, कैटेगरी, वैकेंसी, कैंडिडेट के प्रदर्शन और Tier-II में उपलब्ध प्रतिस्पर्धा के आधार पर बदल सकती है. खासकर PGT और TGT जैसे पदों में सब्जेक्ट वाइस कॉम्पिटिशन (subject-wise competition) अलग हो सकता है. इसलिए जब तक CBSE या संबंधित भर्ती प्राधिकरण ऑफिशियल कट-ऑफ या मेरिट रिलेटेड इनफॉर्मेशन (merit-related information) जारी नहीं करता, किसी अनुमानित नंबर को फाइनल मानना जोखिम भरा होगा.
इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए क्या रखें?
शॉर्टलिस्टेड कैंडिडेट को अभी से अपने डॉक्यूमेंट व्यवस्थित कर लेने चाहिए. सबसे पहले आवेदन पत्र की प्रिंट कॉपी तैयार रखें. इसके साथ उम्र का प्रमाण (Age Proof), शैक्षणिक योग्यता (Educational Qualification) की मार्कशीट और सर्टिफिकेट, अनुभव प्रमाणपत्र जहां लागू हो, कैटेगरी सर्टिफिकेट, OBC-NCL प्रमाणपत्र, EWS प्रमाणपत्र, PwBD प्रमाणपत्र और दूसरे संबंधिक डॉक्यूमेंट तैयार रखें.
CBSE की भर्ती नोटिफिकेशन में साफ कहा गया है कि आवेदन पत्र की प्रिंटेड कॉपी डॉक्यूमेंट वैरिफिकेशन के दौरान स्व प्रमाणित (self-attested) सर्टिफिकेट के साथ प्रस्तुत करनी होगी. उम्मीदवारों को जरूरत पड़ने पर ओरिजनल डॉक्यूमेंट भी दिखाने होंगे. केवल परीक्षा में बैठने या अगले चरण के लिए बुलाए जाने का मतलब ये नहीं है कि पात्रता (eligibility) अंतिम रूप से वेरिफाई हो गई है. अंतिम पात्रता वेरिफिकेशन (eligibility verification) संबंधित अपॉइंटिंग अथॉरिटी कर सकती है.
इसलिए नाम, जन्मतिथि, क्वालिफिकेशन, मार्क्स, कैटेगरी और अनुभव से जुड़े डॉक्यूमेंट में कोई मिस्मैच है तो उसे अभी से जांच लेना समझदारी होगी.
आगे क्या होगा?
इस भर्ती का मोटे तौर पर रास्ता टियर-I से टियर-II और उसके बाद पोस्ट के अनुसार इंटरव्यू या स्किल टेस्ट तक जाता है. इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और जहां लागू हो मेडिकल एक्जामिनेशन जैसी प्रक्रियाएं पूरी की जाती हैं. इंटरव्यू वाले पदों के लिए कैंडिडेट को एप्लिकेशन लॉगिन पर कॉल लेटर मिलेगा. जिन उम्मीदवारों को KVS या NVS के बीच ऑर्गनाइजेशन प्रेफरेंस देने का विकल्प मिलेगा, उन्हें पोर्टल पर वरीयता भी भरनी पड़ सकती है.

एक और जरूरी बात. KVS-NVS के उम्मीदवारों को EMRS यानी ‘एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय’ (Eklavya Model Residential Schools) के रिजल्ट से इसे नहीं मिलाना चाहिए. EMRS Tier-II का परिणाम अलग प्रक्रिया के तहत जारी किया जाएगा.
ये भी पढ़ें: रेलवे स्टेशनों के पानी में बैक्टीरिया मिलने के बाद एक्शन, क्या सच में प्लेटफॉर्म पर मिलेगा शुद्ध 'टैंक टू टैप' पानी?
फिलहाल सबसे सही रणनीति यही है कि उम्मीदवार रोजाना CBSE, KVS और NVS की ऑफिशियल वेबसाइट्स और अपना एप्लीकेशन लॉगिन चेक करते रहें. पहले चरण के चार रिजल्ट आ चुके हैं और बाकी पदों के नतीजे भी चरणबद्ध तरीके से आने हैं. ऐसे में अगले कुछ दिन उन उम्मीदवारों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं जो KVS या NVS में अपनी सरकारी नौकरी की उम्मीद लगाए बैठे हैं.
वीडियो: ममता, मोदी, विजय... देश के अखबारों ने चुनाव के रिजल्ट पर क्या छापा?









