टाटा की कंपनी ट्रेंट के शेयर में मंगलवार (6 अक्टूबर) को शुरुआती कारोबार में जोरदार तेजी देखने को मिली. टाटा समूह की रिटेल कंपनी ट्रेंट के सितंबर तिमाही में धांसू कमाई की रिपोर्ट के बाद शेयर करीब 12% उछल गए. मंगलवार सुबह करीब 10:41 बजे शेयर का भाव 2,877.70 रुपये था. दिन के दौरान इसका उच्चतम स्तर 2,901.20 रुपये और न्यूनतम स्तर 2,781.10 रुपये रहा. सोमवार को ट्रेंट का शेयर 2,575 रुपये पर बंद हुआ था.
टाटा ग्रुप की कंपनी के शेयर्स में तूफानी तेजी, खरीदने-बेचने से पहले सारे फैक्टर्स समझ लें!
टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रंट के शेयर में मंगलवार (6 अक्टूबर) को जबरदस्त तेजी देखने को मिली है. सितंबर की तिमाही में कंपनी की तगड़ी कमाई हुई है जिसके बाद से शेयर में तेजी देखने को मिली है. एक्सपर्ट इसे बड़े संकेत के तौर पर देख रहे हैं.

इंडिया टुडे की एक रिपोर्ट के मुताबिक सबसे बड़ा कारण दूसरी तिमाही में रेवेन्यू का मजबूत प्रदर्शन है. ट्रेंट द्वारा जुलाई-सितंबर तिमाही के लिए स्टैंडअलोन राजस्व में 23% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई. इसके एक दिन बाद ही शेयरों में यह तेज़ी आई है. कंपनी के फैशन और लाइफस्टाइल बिजनेस में इजाफा हुआ है. कंपनी का ऑपरेटिंग रेवेन्यू एक साल पहले 4,724 करोड़ रुपये था. अब यह बढ़कर 5,788 करोड़ रुपये हो गया है.
ट्रेंट की राजस्व वृद्धि दुनिया की प्रमुख फाइनेंशियल सर्विस कंपनी गोल्डमैन सैक्स के अनुमानों से ज्यादा रही. गोल्डमैन ने कहा कि वित्त वर्ष 2027 में त्योहारी सीजन देर से आने के बावजूद प्रदर्शन मजबूत रहा. कंपनी ने अपने रिटेल नेटवर्क का विस्तार जारी रखा. 30 सितंबर तक ट्रेंट वेस्टसाइड, जूडियो और अन्य लाइफस्टाइल ब्रांडों के तहत 1,342 स्टोर चला रहा था. एक साल पहले यह संख्या 1,101 थी. सितंबर तिमाही के दौरान, इसने 17 जूडियो स्टोर और 10 वेस्टसाइड आउटलेट जोड़े.
गोल्डमैन सैक्स ने ट्रेंट के लिए अपना टारगेट प्राइस 2,960 रुपये से बढ़ाकर 3,010 रुपये कर दिया है. एक और जानी-मानी ब्रोकरेज फर्म मैक्वेरी को उम्मीद है कि समान स्टोर की बिक्री में वृद्धि जारी रहेगी सिटी ने कहा कि ट्रेंट के प्रति वर्ग फुट राजस्व में गिरावट की दर पांच तिमाहियों में सबसे धीमी रही है. हालांकि, कुछ चेतावनी के संकेत भी हैं.
दूसरी तिमाही के आंकड़े उत्साहजनक हैं, लेकिन इस तेजी का मतलब यह नहीं है कि ट्रेंट को लेकर सभी चिंताएं दूर हो गई हैं. गोल्डमैन सैक्स ने बताया कि दूसरी तिमाही में प्रति स्टोर बिक्री में 1.7% की गिरावट आई. हालांकि, यह पहली तिमाही में हुई 5.6% की गिरावट से बेहतर स्थिति थी.
ये भी पढ़ें: अक्टूबर में शेयर बाजार आसमान फाड़ देगा? इतिहास कहे ‘बस दो दिन और’
कंपनी की राजस्व वृद्धि मजबूत बनी हुई है. स्टोर नेटवर्क का विस्तार हो रहा है. ब्रोकरेज फर्मों को समान स्टोर बिक्री और राजस्व उत्पादकता में और सुधार की गुंजाइश दिख रही है. गोल्डमैन सैक्स का 3,010 रुपये का टारगेट प्राइस भी मौजूदा कीमत लगभग 2,878 रुपये से ज्यादा है. निवेशकों को वैल्यूएशन (Valuation) और एग्जीक्यूशन (Execution) से जुड़े जोखिमों को ध्यान में रखना चाहिए.
स्क्रीनशॉट में दिखाए गए बाजार आंकड़ों के अनुसार, स्टॉक का पीई पिछले चार तिमाहियों से 50 से ऊपर ही है. इसका मतलब है कि बाजार पहले से ही ट्रेंट की कमाई को हाई वैल्यूएशन दे रहा है. आज की तेज उछाल के बावजूद, शेयर अभी भी अपने 52-सप्ताह के उच्चतम स्तर 3,399.75 रुपये से नीचे बना हुआ है.
इसलिए, दूसरी तिमाही के अपडेट ने बुनियादी स्थिति को मजबूत किया है. लेकिन आज की 12% की तेजी ने तुरंत निवेश करने के इच्छुक निवेशकों के लिए जोखिम को कम कर दिया है. गोल्डमैन सैक्स का ब्रोकरेज टारगेट प्राइस पॉजिटिव जरूर है. लेकिन, यहां सिटी (Citi) की ओर से जताई चिंताओं पर ध्यान देना जरूरी है. जैसे कि प्रति वर्ग फुट रेवेन्यू, कंपीटिशन और मार्जिन वगैरह. निवेशकों को सिर्फ रेवेन्यू ग्रोथ पर ही फोकस नहीं करना चाहिए.
मौजूदा शेयरधारकों के लिए, दूसरी तिमाही के नतीजे सकारात्मक संकेत देते हैं. हालांकि, शेयरों की वैल्यूएशन महत्वपूर्ण है और इस पर नजर रखनी होगी. नए निवेशकों के लिए, एक ही दिन में लगभग 12% की बढ़ोतरी के बाद किसी शेयर को खरीदने के जोखिम अलग होते हैं.
वीडियो: अभिजीत दिपके और सौरव दास ने जंतर मंतर प्रदर्शन पर अमित शाह और मोदी सरकार को क्या चेतावनी दी?










