भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने बुधवार, (7 अक्टूबर) को रेपो रेट में 25 बेसिस प्वाइंट का इजाफा किया है. अब नया रेपो रेट 5.50% हो गया है. आरबीआई के ऐलान के बाद कई बैंकों ने अपनी बेंचमार्क लोन रेट में बढ़ोतरी शुरू कर दी है. इसके चलते होम लोन, कार लोन समेत सभी तरह के कर्ज महंगे हो गए हैं. लोन की दर बढ़ाने का असर आम आदमी पर ही पड़ेगा. जिन लोगों ने कर्ज ले रखा है या आगे लेने की सोच रहे हैं, सबको बढ़े हुए दर के मुताबिक ही EMI चुकानी होगी.
फेस्टिव सीजन से पहले बढ़ेगी EMI, इन 5 बैंकों ने महंगा किया होम लोन, कितनी ढीली होगी आपकी जेब?
रिजर्व बैंक ने रेपो रेट बढ़ाई है और इसके बाद से होम लोन, कार लोन की EMI बढ़ने की बात कही जा रही थी. अब देश के 5 बड़े बैंक भी होम लोन बढ़ाने की तैयारी में हैं. इसका सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ेगा.

इंडिया टुडे में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा और इंडियन ओवरसीज बैंक ने लोन महंगा करने का ऐलान कर दिया है. पंजाब नेशनल बैंक ने 8 अक्टूबर से अपनी रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (RLLR) को 8.10% से बढ़ाकर 8.35% कर दिया है. हालांकि, पीएनबी ने अपनी मार्जिनल कॉस्ट ऑफ लेंडिंग रेट (MCLR) और बेस रेट में कोई बदलाव नहीं किया है.
आरबीआई के ऐलान के बाद बैंक ऑफ इंडिया ने अपनी रेपो आधारित लोन रेट (RBLR) में बदलाव किया है. बैंक का आरबीएलआर 7 अक्टूबर से 8.10% से बढ़कर 8.35% हो गया है. इंडियन बैंक ने अपनी रेपो लिंक्ड बेंचमार्क लेंडिंग रेट (RBLR) को 7.95% से बढ़ाकर 8.20% कर दिया है.
नई दरें 8 अक्टूबर से लागू हो गई हैं. इसी तरह से बैंक ऑफ बड़ौदा ने अपनी बड़ौदा रेपो आधारित कर्ज की दर (BRLLR) में 25 आधार अंक की वृद्धि की है. इसे बढ़ाकर 8.15% कर दिया है जो 8 अक्टूबर से लागू हो गया है.
बैंक का बीआरएलएलएलआर पहले 7.90% था. इसके अलावा इंडियन ओवरसीज बैंक ने भी अपनी रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (आरएलएलआर) में बदलाव किया है. बैंक ने ब्याज दर को 8.10% से बढ़ाकर 8.35% कर दिया है. यह भी 8 अक्टूबर से प्रभावी हो गई है.
ये भी पढ़ें: गोल्ड खरीदो, होगी बढ़िया कमाई... सोना सस्ता होने पर बोली ये कंपनी, पर एक चेतावनी के साथ
मान लीजिए अगर अभी आपके होम लोन की ब्याज दर 7.25% है. अगर आपका बैंक भी आरबीआई की तरह से कर्ज की दरों में 0.25% का इजाफा करता है, तो आपके होम लोन की ब्याज दर 7.50% हो जाएगी. उदाहरण के लिए आप पर बैंक का बकाया होम लोन 25 लाख रुपये है, तो आपकी नई EMI 19,759 रुपये से बढ़कर 20,140 रुपये हो जाएगी. इस तरह से हर महीने करीब 380 रुपये ज्यादा चुकाना होगा.
वहीं अगर 50 लाख के लोन पर अभी आप 39,519 रुपये की EMI चुका रहे हैं, तो ताजा बढ़ोतरी के बाद आपकी ईएमआई बढ़कर 40,280 रुपये हर महीने हो जाएगी. ऐसी स्थिति में आपकी ईएमआई में 761 रुपये का इजाफा होगा.
इसी तरह से 75 लाख रुपये के लोन पर EMI करीब 59,278 से बढ़कर 60,419 रुपये हो जाएगी. मोटा माटी 1140 रुपये प्रति महीने का ईएमआई बढ़ जाएगी. वहीं 1 करोड़ के बकाया होम लोन पर EMI करीब 79,038 रुपये से बढ़कर 80,559 रुपये हो जाएगी. इस तरह से आपके होम लोन की ईएमआई करीब 1,522 रुपये बढ़ जाएगी.
वीडियो: एलन मस्क ने स्टारलिंक की भारत में एंट्री में देरी के लिए किसे जिम्मेदार ठहराया?













