पेट्रोल और डीजल गाड़ी के इंजन से जितनी अलग EV होती हैं, उतना ही फर्क इनके इन्श्योरेन्स में भी है. अरे भाई नाराज क्यों होते हो. हमें भी पता है कि पेट्रोल गाड़ी में इंजन और ईवी में मोटर लिखना होता है. ठीक बात मगर दोनों का काम तो एक ही है. इसलिए इंजन मोटर को छोड़ते हैं और इन्श्योरेन्स की बात करते हैं. ईवी एकदम अलग मशीन है. इसको चार्ज करने का एक तरीका है और सड़क पर चलाने का भी. इसलिए इसका इन्श्योरेन्स भी थोड़ा (if you own an ev then you must have ev protect add on cover) अलग होता है. अब ये बात आपको सेल्स वाले तो बताने से रहे इसलिए हम बता देते हैं.
EV खरीद ली तो ये वाला इन्शोयरेंस भी लीजिए, बहुत बड़े झटकों से बचाएगा
इलेक्ट्रिक गाड़ी सिर्फ़ एक आम कार नहीं है. इसमें महंगी बैटरी, चार्जिंग सिस्टम, मोटर और इलेक्ट्रिकल पार्ट्स होते हैं. बिजली का तेज़ झटका, पानी , शॉर्ट सर्किट या चार्जर चोरी होने पर आपको भारी नुकसान हो सकता है. ऐसे में कौन सा इन्शोयरेंस लेना चाहिए.


ईवी के मोटर इन्श्योरेन्स के साथ आपको कुछ अतिरिक्त कवर भी लेना चाहिए. जो चार्जिंग से बैटरी को होने वाले नुकसान से आपको बचा लेंगे. बैटरी में पानी जाने पर आपके पॉकेट को फटने से बचा पाएंगे. और भी फायदे हैं.
# इंजन सॉरी मोटर का कवर- ईवी की मोटर के अंदर कूलेंट होता है. अगर किसी वजह से ये कूलेंट लीक कर गया तो आपकी जेब कुछ ज्यादा ही लीक हो जाएगी. लेकिन जो आपके पास ईवी प्रोटेक्ट ऐड-ऑन है तो आप कूल रहोगे.
# बैटरी पानी-पानी हो गई कवर- वैसे तो ईवी की बैटरी को नॉर्मल पानी वाली प्यास लगती नहीं मगर किसी भी वजह से उसने जल पी लिया तो खर्चे से आपके होंठ सूख जाएंगे. मतलब मानसून में सड़क पर भरे पानी से या गड्डे से या आपके हैवी राइडर बनने से अगर बैटरी में नमी घुस गई तो फिर ऐड-ऑन ही उसकी प्यास ढंग से बुझा पाएगा.
ये भी पढ़ें: बारिश के पानी से भरे शहर में EV चलाने से पहले ये 4 काम जरूर कर लें
# चूहे को चार्जर पसंद है- चूहे गाड़ी के साथ क्या-क्या कर सकते हैं वो हम सभी को पता है. चूहे की काटी कार पेट्रोल या बिजली नहीं मांगती, बल्कि गैराज मांगती है. यही चूहे चार्जर चबा सकते हैं. चार्जर चोरी भी तो हो सकता है. वोल्टेज के एकदम से बहुत ऊपर या एकदम नीचे जाने से भी वो खराब हो सकता है. इस पूरी चूहाबाजी से बचने का तरीका ऐड-ऑन कवर है.
# शॉर्ट सर्किट कवर- ईवी में शॉर्ट सर्किट होना संभव है. ऐसे कई केस हम देख चुके हैं. आग लगने की कई घटनाएं भी देखी गई हैं. आपकी ईवी के साथ भी ऐसा हो सकता है. नॉर्मल इन्श्योरेन्स कवर से ये आग नहीं बुझने वाली. ऐड-ऑन चाहिए होगा.
ऐड-ऑन है क्या?आपकी ईवी के साथ एक बेसिक इन्श्योरेन्स आता है जिसमें पर्सनल एक्सीडेंट कवर, थर्ड पार्टी कवर मिलता है. प्राकृतिक या अप्राकृतिक आपदाएं, कार की चोरी और ऊपर बताए कवर नहीं मिलते. इसलिए अपने एजेंट से या पॉलिसी जारी करने वाली कंपनी से बात करके इसे जरूर जुड़वा लीजिए.
वीडियो: रिलीज़ से पहले ही 'जन नायगन' का जलवा, 30 करोड़ की एडवांस कमाई












