यकीनन ये बहस का मुद्दा है और आप कहेंगे कि जब सब फ्री मिल रहा है तो हमें क्या एतराज. बता दें कि हम फ्री मिलने वाली किसी भी चीज पर डकैती नहीं डाल रहे और ना ही कोई प्लान बेच रहे हैं. हम तो बस आपको ये बताने आए हैं कि आप अपने फोन पर जो ऐप्स दिन भर में कई बार फ्री में इस्तेमाल करते हैं, यदि उनको थोड़ा पैसा देकर यूज किया जाए तो मजा दोगुना होने की पूरी गारंटी है. YouTube और Truecaller जैसे ऐप्स जो आप फ्री में यूज करते हैं. इनकी पेड सर्विस नहीं लेकर आप क्या-क्या मिस कर रहें है, आइए जानते हैं.
स्मार्टफोन में पेड ऐप्स (Paid Apps) दो भागों में बटे हुए हैं. पहला वो जो सिर्फ ट्रेलर दिखाकर बोलते हैं कि जेब ढीली करो बाबू...तब बाकी सर्विस मिलेगी. दूसरे वो जो अपनी सर्विस का तकरीबन बहुत बड़ा हिस्सा फ्री देते हैं, कोई बंदिश नहीं लगाते. लेकिन कभी-कभार आपसे गुजारिश करते हैं कि यदि आप हमारी पेड सर्विस लेते हैं तो आपका अनुभव और अच्छा हो जाएगा. कई सारे नए फीचर्स और मिल जायेंगे अलग से. हम आज दूसरे वाले की बात करेंगे. YouTube Premium जीवन की गाड़ी कही भी फंस जाए, जैसे कि बच्चे की नैपी कैसे बदलनी है, डलगोना कॉफी कैसे बनानी है या वीडियो नाम के शब्द भर का जिक्र हो तो सबसे पहले आप पहुंच जाते हैं यूट्यूब पर. YouTube निराश भी नहीं करता और जो चाहिए वो हाजिर. आपके कहने पर जो चाहिए वो मिल जाता है, लेकिन वीडियो प्ले होने से पहले एक विज्ञापन आता है और लिखा होता है "वीडियो विल प्ले आफ्टर डिस ऐड" या फिर "यू केन स्किप दिस ऐड आफ्टर 5 सेकेंड". अब मजबूरी है ऐड देखते रहने की. लेकिन असली छटपटाहट तब होती है जब आप कोई बढ़िया वीडियो देख रहे होते हैं और ऐड आ जाता है और आप चाह कर भी उसको स्किप नहीं कर सकते. इसके लिए आपको यूट्यूब को कोसने की जरूरत नहीं. क्योंकि आपने तो उस वीडियो को देखने के लिए एक रुपये नहीं खर्चा तो गूगल के इस प्लेटफॉर्म को कहीं न कहीं से कमाई करनी ही होगी. अगर आप इन सारे विज्ञापन से छुटकारा चाहते हैं और साथ में प्रीमियम अनुभव भी तो यूट्यूब की सर्विस है "YouTube Premium".
आपने शायद यूट्यूब चलाते वक्त इसका पॉप अप जरूर देखा होगा. नहीं देखा तो हम आपको बताते हैं कि क्या है ये यूट्यूब प्रीमियम सर्विस और कितने पैसे लगेंगे. यूट्यूब प्रीमियम दरअसल नॉर्मल यूट्यूब जैसा है लेकिन उसमें परेशान करने वाले विज्ञापन नहीं आते. वीडियो पर सबसे बड़े दर्द से छुटकारे के बाद दूसरा फायदा आप यूट्यूब म्यूजिक भी बिना विज्ञापन के सुन सकते हैं. विज्ञापन से मुक्ति मिल गई अब अगला प्रीमियम अनुभव है बैकग्राउंड में वीडियो चलने का. आप पॉपअप स्क्रीन पर वीडियो देखते हुए फोन पर दूसरे काम कीजिए या फिर सिर्फ ऑडियो की तरह सुनना चाहें तो स्क्रीन लॉक करके जेब में डालकर ईयरफोन्स लगाकर सुनिए. इतना सब तो मिलेगा ही, आप यूट्यूब ओरिजनल जिसमें यूट्यूब सीरीज या वीडियो होते हैं उनको सबसे पहले देख सकते हैं. कोई नया फीचर आएगा वो भी आपको सबसे पहले मिलेगा. प्रीमियम सब्सक्रिप्शन में आपको यूट्यूब किड्स और यूट्यूब म्यूजिक भी मिलेगा. साथ में आप फुल एचडी में वीडियो डाउनलोड भी कर सकते हैं. फ्री वाले वर्जन के साथ आप सिर्फ मीडियम क्वालिटी 360p और 144p पर ही वीडियो डाउनलोड कर पाते हैं.

YouTube Premium
आज की तारीख में यूट्यूब प्रीमियम सर्विस के सिर्फ प्रीपेड प्लान्स हैं. एक महीने का प्रीपेड प्लान 139 रुपये का है और 3 महीने का प्लान 399 रुपये का. गौर करने वाली बात है कि YouTube Premium की पोस्टपेड प्रीमियम सर्विस भी है. इसमें आपको अपने कार्ड का ब्योरा गूगल से शेयर करना होता है और पैसे अपने आप हर महीने कट जाते है. इसके सर्विस को लेकर थोड़ी असमंजस की स्थिति है. क्योंकि गूगल की वेबसाइट पर साफ-साफ लिखा है कि RBI द्वारा ई-मैंडेट में किए गए बदलाव के बाद गूगल ने फ्री, स्टूडेंट और फैमिली प्लान को अस्थाई तौर पर रोक दिया है. हालांकि, हमने जब अपनी टीम के अन्य साथियों के डिवाइस पर चेक किया तो पाया कुछ में सब्सक्राइब करने पर दो महीने की मुफ्त सुविधा देने की बात की जा रही है. तो कुछ में 189 रुपये प्रति महीने का प्लान उपलब्ध है. बताते चलें कि पहले 129 रुपये प्रति महीने में यूट्यूब प्रीमियम सब्सक्रिप्शन मिल जाता था और फैमिली प्लान (5 सदस्यों का) 189 रुपये प्रति महीने का था. Truecaller फोन लेने के बाद यदि सबसे पहले कोई ऐप डाउनलोड होता है तो वो है Truecaller. स्पैम कॉल हो या एसएमएस. कॉन्टेक्ट की जन्मकुंडली हो या किसी अवांछित सेल्समेन को ब्लॉक करना. सबके लिए एक ही नाम है...ट्रूकॉलर. ट्रूकॉलर क्या करता है और कैसे? उस पर हम कई बार विस्तार में बात कर चुके हैं. अब तक हमने आपको ट्रूकॉलर के जिन फीचर्स के बारे में बताया है उनमें से ज़्यादातर आपको फ्री वर्ज़न पर मिल जाएंगे. लेकिन Truecaller का पेड वर्जन भी होता है. अगर आप प्रीमियम वर्ज़न का सब्सक्रिप्शन लेते हैं तो किसी अन्य पेड ऐप्स की तरह विज्ञापन से मुक्ति मिल जाएगी. फ्री वर्जन में आपको कॉल के पहले या बाद में विज्ञापन का पॉप अप दिखता है. वो पेड वर्जन में हमेशा के लिए बंद हो जाता है. आपकी प्रोफाइल कौन देखेगा? कितना डिटेल में देखेगा? उस पर आप कंट्रोल कर सकते हैं पेड वर्जन में. अभी आप किसी भी नंबर का डिटेल देखते हैं तो सामने वाले को पता चल जाता है लेकिन प्रीमियम वर्जन में आप इसको कंट्रोल कर सकते हैं.
ट्रूकॉलर का पेड वर्जन आपको ब्लॉक करने के कई और फीचर देता है, जैसे कि कोई इंटरनेशनल नंबर की सीरीज. स्पैम प्रोटेक्शन भी और मजबूत हो जाता है. साथ में आपकी प्रोफाइल पर प्रीमियम का बैज भी लग जाएगा. मतलब साफ पता चलेगा कि आप ट्रूकॉलर प्रीमियम यूज कर रहे हैं. नए फीचर भी सबसे पहले पेड वर्जन पर आते हैं जैसे कि कॉल रिकॉर्डिंग जो अब सभी यूज़र के लिए उपलब्ध है. Truecaller Premium सब्सक्रिप्शन सालाना 549 रुपये और मासिक 79 रुपये में उपलब्ध है. वैसे कई बार ऑफ़र में कीमत काफी कम हो जाती है. उसके लिए आप इस ऐप पर नज़र बनाए रखें.

Truecaller Premium
Medicine Apps (ऑनलाइन दवा मंगाने के लिए ) आजकल Medicine Apps सुविधा से ज्यादा जरूरत बन गए हैं. डिस्काउंट तो ज्यादा मिलता ही है, दवाई भी सुरक्षित मिल जाती है. दवाइयों का रिमाइंडर्स और कई सारी सर्विस मिलती हैं वो अलग. Medicine Apps में विज्ञापन के पॉपअप वाली मुसीबत तो नहीं है, लेकिन आमतौर पर डिलिवरी चार्ज देना पड़ता है यदि आप थोड़ी बहुत दवाइयां लेते हैं. जब दवाइयां ज्यादा कीमत की होती हैं तब भले ये चार्ज नहीं लगता. ऐसे में काम आती है इन Medicine Apps की पेड सर्विस या मेंबरशिप.
Medicine Apps में मेंबरशिप सिर्फ 199 रुपये शुरू होती है वो भी 6 महीने के लिए. आपको इसके बाद डिलिवरी चार्ज नहीं देना पड़ता. अतिरिक्त डिस्काउंट भी मिलने लगता है. किसी भी प्रकार की जांच कराने पर भी डिस्काउंट मिलता है. इन सबसे बढ़कर जो सुविधा मिलती है वो है डॉक्टर से फ्री कंसलटेशन. आजकल डॉक्टर भी बहुत जरूरत ना हो तो मरीज को क्लिनिक पर देखने से बचते हैं और मरीज भी यही चाहते हैं. ऐसे में मुफ्त वीडियो कंसलटेशन एक बेहतरीन उपाय है. हम यहां किसी खास ऐप के बारे में नहीं बता रहें हैं, क्योंकि तकरीबन सभी Medicine Apps एक जैसी सुविधा देते हैं. आप कौन सा लेना चाहते हैं वो आप पर निर्भर करेगा. Nova Launcher एंड्रॉयड स्मार्टफोन में हर कंपनी का अपना नेटिव लॉन्चर होता है जैसे कि पिक्सल फोन में गूगल लॉन्चर. और आपने कई बार सुना होगा कि स्टॉक एंड्रॉयड के अनुभव के लिए गूगल लॉन्चर को इस्तेमाल करना ज़रूरी है. इसके अलावा कई बार आप अपने फोन के नेटिव लॉन्चर से बोर हो जाते हैं और कुछ नया चाहते हैं तो Nova Launcher सबसे पहले दिमाग में आता है. हम अकेले नहीं है जो ऐसा कह रहे बल्कि Realme जैसी कंपनी भी ऐसा कहती है. Nova Launcher वैसे तो मुफ़्त में प्ले स्टोर पर मिल जाता है और फीचर्स भी झोला भरकर हैं.
आपमें से कई लोगों ने Nova Launcher यूज भी किया होगा, लेकिन क्या कभी पेड वर्जन इस्तेमाल किया है. Nova Launcher के पेड या प्राइम वर्जन में आपको नए जेसचर जैसे स्वाइप, पिन्च, डबल टैप मिल जाते है कस्टम कमांड के लिए. ऐप ड्रॉअर में आप अपने हिसाब से टैब्स या ग्रुप बना सकते हैं. आप बिना अनइंस्टॉल किए किसी भी ऐप को छिपा सकते हैं. स्वीप जेसचर को आप अपने हिसाब से कमांड देने के लिए सेट कर सकते हैं. नए स्क्रॉल इफेक्ट और अनरीड काउंट भी प्राइम के साथ आते हैं. Nova Launcher प्राइम वैसे तो अभी प्ले स्टोर पर 99 रुपये में उपलब्ध है लेकिन आप यकीन नहीं करेंगे कि हमने इसको सिर्फ एक रुपये में भी खरीदा है.

Nova Launcher Prime






















