The Lallantop

'गुरु रह गया गुड़ और चेला बन गया शक्कर,' दिग्विजय सिंह ने जीतू पटवारी पर भरे मंच से तंज कसा

Digvijaya Singh एससी विभाग के प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्ष की बैठक को संबोधित कर रहे थे. बैठक के दौरान दिग्विजय सिंह ने प्रदेश कांग्रेस संगठन के भीतर वाल्मीकि और बसोर समाज के सदस्यों के न होने का मुद्दा उठा.

Advertisement
post-main-image
दिग्विजय सिंह (बाएं) ने जीतू पटवारी (दाएं) पर कसा तंज. (ITG)

मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में कांग्रेस की ओर से अनुसूचित जाति विभाग की एक बैठक हुई. सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत कांग्रेस पार्टी के कई नेता शामिल हुए. बैठक के दौरान दिग्विजय सिंह मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी (MPCC) के अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तंज कसते हुए नजर आए. दिग्विजय सिंह ने जीतू पटवारी को कांग्रेस के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल का सबसे ‘खास’ बताया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

शुक्रवार, 1 मई को दिग्विजय सिंह एससी विभाग की प्रदेश कार्यकारिणी और जिला अध्यक्ष की बैठक को संबोधित कर रहे थे. इंडिया टुडे से जुड़े धर्मेंद्र साहू की रिपोर्ट के मुताबिक, बैठक के दौरान उन्होंने प्रदेश कांग्रेस संगठन के भीतर वाल्मीकि और बसोर समाज के सदस्यों के न होने का मुद्दा उठा.

दिग्विजय ने मंच से कहा,

Advertisement

"संगठन के स्वरूप पर ध्यान देने की आवश्यकता है. आज बहुत सारे लोगों ने मुझे बताया कि वाल्मीकि और बसोर समाज का प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अंदर कोई सदस्य नहीं है. जीतू भाई! अरे अपॉइंट कर दो. अरे केसी वेणुगोपाल से तो आप जो कहोगे वो लिखवाकर ले आओगे. आप पर हमको भरोसा है."

दिग्विजय सिंह ने आगे अपने संबोधन में कहा,

"आप जितने प्रिय केसी वेणुगोपाल के हो… कोई PCC प्रेसिडेंट पूरे देश में नहीं मिलेगा. आपका कहा कोई टालता है क्या? यहां राजेंद्र गौतम जी बैठे हैं, कभी इन्होंने आपकी बात टाली है क्या? अरे! आपकी जो पकड़ AICC में है, हम लोगों की थोड़ी ना है यार. इसलिए जोड़ दो ठीक है."

Advertisement

वहीं, दिग्विजय सिंह के संबोधन के दौरान ही जीतू पटवारी ने भी बड़ी सहजता से उनके तंज का जवाब दिया. पटवारी ने कहा,

‘सर, मैं तो आप ही का चेला हूं.’

जीतू पटवारी के इस जवाब पर सिंह ने कहा, “मेरे चेले हो, लेकिन गुरु रह गया गुड़ और चेला बन गया शक्कर.”

दिग्विजय के इस बयान के बाद बैठक में मौजूद सभी नेता ठहाके मारकर हंसने लगे. बाद में शुक्रवार, 1 मई की देर शाम जीतू पटवारी पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के सरकारी आवास पर पहुंचे. जानकारों का मानना है कि जीतू को यह पता है कि अगर दिग्विजय नाराज होंगे, को काफी नुकसान हो सकता है.

BJP ने कांग्रेस को घेरा

वहीं, दिग्विजय सिंह के जीतू पटवारी पर तंज कसने के बाद सूबे में सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से भी टिप्पणी सामने आई है. BJP प्रवक्ता दुर्गेश केसवानी ने पूरे मामले में पार्टी की राय रखी. उन्होंने कहा,

‘कांग्रेस के संगठन सृजन कार्यक्रम का विसर्जन करते हुए दिग्विजय सिंह दिख रहे हैं. दिग्विजय सिंह का स्वभाव पूर्व में भी जब कमलनाथ की सरकार थी, तो वह उसमें भी दखल देते थे. दिग्विजय सिंह को इस बात की टीस है कि जीतू पटवारी ने उनके पुत्र को जिला अध्यक्ष बनाकर उनका कद कम कर दिया है. वह लगातार जीतू पटवारी को आड़े हाथों लेते आ रहे हैं.’

कांग्रेस की BJP को नसीहत

वहीं, मध्यप्रदेश कांग्रेस ने दिग्विजय सिंह और जीतू पटवारी के बीच हुई इस टीका-टिप्पणी को सामान्य करार दिया. कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री पीसी शर्मा ने कहा कि मंच पर हुआ यह संवाद दोनों नेताओं के बीच बेहतर तालमेल और मजबूत नेतृत्व को दर्शाता है. उन्होंने बीजेपी को अपने संगठन पर ध्यान देने की सलाह दी. वहीं कार्यक्रम के बाद जब मीडिया ने जीतू पटवारी से दिग्विजय सिंह की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया चाही, तो उन्होंने कुछ भी बोलने से से इनकार कर दिया.

वीडियो: जबलपुर क्रूज हादसे में जीवित बचे यात्रियों ने क्या बताया?

Advertisement