बर्फ वाले टायर होंगे तो कितना सही रहेगा ना. जब पिघल जाए तब नए जमा लो. शार्क को कंट्रोल करने के लिए बटन होता, तो घर में ही पाल लेते. बारिश से बचने के लिए पेट में बांधने वाला रेन कोट कैसा रहेगा. आपको पक्का लग रहा होगा कि हमारा दिमाग खराब हो गया है! दिमाग हमारा नहीं बल्कि टेक दुनिया में अजीब-अजीब आविष्कार करने वालों का खराब हुआ. ऐसे-ऐसे प्रोडक्टस बनाए कि आप माथा पकड़ लेंगे!
बर्फ के टायर, शार्क कंट्रोल बटन, पेट में बंधने वाला रेनकोट, जब होशियारी के चलते कबाड़ा हो गया!
बड़ी-बड़ी कंपनियां अजीब प्रोडक्ट्स बनाने में बिल्कुल पीछे नहीं हैं.


अब आपको लग रहा होगा आज कुछ विशेष है, जो हम इसकी चर्चा कर रहे. जी बिल्कुल, क्योंकि दो दिन पहले ऐसा ही एक डोसा प्रिंटर सोशल मीडिया पर गदर काट रहा था या कहें डोसे छाप रहा था. इसलिए हमें लगा ऐसे ही कुछ और विचित्र टेक खोजों से आपका राबता कराते हैं.
बर्फ वाले टायरठंड के मौसम में और बर्फ पर गाड़ी चलाने के लिए कितने ही जतन करने पड़ते हैं. टायरों में मोटी-मोटी चेन बांधकर भी काम चलाना पड़ता है. ऐसे में मशहूर कार कंपनी Lexus ने इसका जबर तोड़ निकाला. कंपनी ने रबर के टायर को हटाकर बर्फ के टायर बना दिए. तीन महीने की खोज के बाद तैयार हुए टायर Lexus NX मॉडल में लगाए गए. पहली बार लंदन की सड़कों पर दौड़ने के लिए कार को भी माइनस 30 डिग्री पर पांच दिन के लिए रखा गया. और तो और टायरों में एलईडी भी लगाई गई. अब आगे क्या हुआ, वो बताने की जरूरत नहीं. कुछ हुआ होता, तो हम आपको क्यों बता रहे होते. क्योंकि दुनिया जहान में इसकी खबर फैली होती. कल्पना कीजिए, जैसी गर्मी इस साल लंदन में पड़ी है, उसमें इन टायरों का क्या हाल होता.

An apple a day keeps the doctor away के जैसा कुछ साउंड करता है ये डिवाइस. जैसे एक एप्पल खाने से डॉक्टर दूर रहता है, वैसे ही ये शार्क बैंड समुंदर में नहाते हुए आपको शार्क से दूर रखने का दावा करता है. वैसे इसकी कंपनी नाम है sharkbanz और कीमत है 7,500 रुपये. कंपनी की बाकायदा वेबसाइट है, जिसमें बताया है कि इस बैंड से जो तरंगे निकलती हैं, वो शार्क को एक संदेश भेजती हैं. संदेश ये कि बैंड पहनने वाला व्यक्ति उनका भोजन नहीं है. गजब है भाई! कंपनी की वेबसाइट पर बाकायदा वीडियो हैं, जिसमें शार्क को इंसान के पैरों के पास से दूर जाता दिखाया गया है. पैरों के पास से क्यों ? क्योंकि sharkbanz को पैर में पहनना पड़ता है. क्या आप इसको पहनकर तैरना चाहेंगे?

बारिश आई, छाता लगा लिया. ज्यादा है तो रेन कोट पहन लिया. लेकिन फुटवेयर ब्रांड Nike को लगा कुछ और होना चाहिए. कुछ ऐसा बनाओ, जिसको पहनकर इंसान खेत में पक्षी भगाने वाले जैसा लगे. बिल्कुल बिजूका या काक भगोड़ा टाइप. कंपनी ने Tom Sachs के साथ मिलकर बनाया exploding poncho. अपने नाम के हिसाब से ये खोलते ही एक्सप्लोड हो जाता है. फटता नहीं बल्कि पूरा शरीर ढक लेता है. कीमत है मात्र 31,800 रुपये और इसको रखने का कोई जुगाड़ नहीं. आपको अपनी कमर में बांधना पड़ेगा. ऐसा लगेगा, जैसे पेट पर पत्थर बांध रखा हो.
Dosa printerसोशल मीडिया के धुरंधरों को इसके बारे में पता होगा. अगर नहीं पता, तो हमसे जान लीजिए. डोसा बनाना बहुत मुश्किल काम होता है. कभी डोसा तवे पर चिपक जाता है तो कभी पलटते वक्त बीच से टूट जाता है. डोसा बनाने वाला यह 'प्रिंटर' इवोशेफ (Evochef) नाम की कंपनी ने बनाया है. जिसे उन्होंने 'डोसा प्रिंटर' नाम दिया है. ग्राहक इस मशीन के जरिए डोसे को पतला मोटा और कुरकुरा, अपने मन-मुताबिक कर सकते हैं. आपको बस इतना करना है कि बढ़िया सा बैटर (घोल) तैयार करना है और फिर उसे इस क्लासिक स्टाइल 'प्रिंटर' मशीन में डाल देना है. बस पैसे थोड़े ज्यादा हैं. तकरीबन 15,000 रुपये.
वीडियो: आंखों में दिखेगी पूरी दुनिया, फेसबुक कस्टमर केयर नंबर ला रहा



















