The Lallantop

विराट की तारीफ़ पर यशस्वी ने दिया दिल जीतने वाला जवाब!

यशस्वी तो छाए हुए हैं.

Advertisement
post-main-image
यशस्वी ने विराट को कहा शुक्रिया (पीटीआई, स्क्रीनग्रैब)

यशस्वी जायसवाल. 11 मई, गुरुवार को इस लड़के ने बवाल मचा दिया. राजस्थान रॉयल्स के लिए ओपन करते हुए उन्होंने कोलकाता नाइट राइडर्स के बोलर्स को खतरनाक अंदाज में धुना. और ऐसी बैटिंग के बाद उनकी तारीफ़ होनी ही थी. खूब हुई भी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

यशस्वी की तारीफ़ करने वालों में बैटिंग लेजेंड विराट कोहली भी शामिल रहे. उन्होंने तो दो बार इंस्टाग्राम स्टोरीज के जरिए यशस्वी को बधाई दी. हां, ठीक है बधाई तो पहली स्टोरी में ही आ गई थी. लेकिन फिर वो डिलीट भी तो हो गई थी ब्रो. हां, तो यशस्वी ने अपनी बैटिंग के लिए तमाम अवॉर्ड्स बटोरने के बाद कोहली को धन्यवाद कहा है.

KKR के खिलाफ़ यशस्वी ने सिर्फ 13 गेंदों पर पचासा पूरा कर लिया था. यह IPL का रिकॉर्ड है. और उनकी ये धुनाई देख कोहली ने इंस्टाग्राम पर लिखा,

Advertisement

'वाह, ये हाल के दिनों में मेरे द्वारा देखी गई बेस्ट बैटिंग में से एक है. यशस्वी जायसवाल क्या कमाल के टैलेंट हैं.'

मैच के बाद यशस्वी ने विराट की स्टोरी को रीशेयर करते हुए लिखा,

'थैंक यू भैया. मेरे लिए यह बहुत मायने रखता है.'

Advertisement
यशस्वी ने विराट को कहा, थैंक्यू

जायसवाल ने इस पारी में सिर्फ़ 47 गेंदों में 98 रन बनाए. और मैच के बाद बताया कि कैसे धोनी और विराट जैसे लेजेंड्स के साथ बातचीत कर उन्होंने अपनी स्किल्स इंप्रूव की. जायसवाल ने कहा,

'मैं हमेशा ही ज़ोन में रहने की कोशिश करता हूं. मेरे पास बहुत सारे अनुभवी लेजेंडरी प्लेयर्स हैं. जब भी मुझे मौका मिलता है मैं एमएस भाई, विराट भाई, रोहित भाई, जॉस भाई, संजू भाई से बात करता रहता हूं कि मैं अपना दिमाग कैसे शांत रखूं और क्या सोचूं.'

यशस्वी ने अपनी पारी में केएल राहुल का रिकॉर्ड तोड़ा. इससे पहले IPL की सबसे तेज फिफ्टी का रिकॉर्ड राहुल और पैट कमिंस के नाम था. दोनों ने ही 14 गेंदों में पचासा जड़ा था. राहुल ने भी इस फिफ्टी के बाद यशस्वी की तारीफ़ की. यशस्वी इस सीजन कमाल की फॉर्म में हैं.

IPL2023 में अब तक उनके नाम 575 रन हैं. वह ऑरेंज कैप की रेस में सिर्फ़ RCB कैप्टन फाफ डु प्लेसी से पीछे हैं. इस सीजन यशस्वी ने एक शतक और सात पचासे लगाए हैं. इस मैच पर लौटें तो राजस्थान को जीत के लिए 150 रन बनाने थे. और यशस्वी ने पहले ओवर में ही बता दिया कि ये मैच बहुत जल्दी खत्म होने वाला है.

उन्होंने विपक्षी कप्तान नितीश राणा द्वारा फेंके गए इस ओवर में 26 रन कूट डाले. मैच खत्म होने के बाद देखा गया कि 21 साल के यशस्वी की पारी में 12 चौके और पांच छक्के हैं. वह सिर्फ़ दो रन से अपनी दूसरी IPL सेंचुरी बनाने से चूक गए. बाद में उन्होंने कहा कि वह सेंचुरी के बारे में सोच भी नहीं रहे थे. यशस्वी के साथ कप्तान संजू सैमसन भी पचासा मारकर नाबाद लौटे. जबकि जॉस बटलर बिना खाता खोले आउट हुए. राजस्थान ने यह मैच नौ विकेट से जीता.

वीडियो: यशस्वी जयसवाल के शतक पर फ़ैन्स ने सोशल मीडिया पर मौज़ कर दी!

Advertisement