विराट कोहली. इस IPL में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे हैं. कोहली अपनी पहली चार इनिंग्स में तीन पचासे मार चुके हैं. कोहली ने 15 अप्रैल, शनिवार को दिल्ली के खिलाफ़ बेहतरीन फिफ्टी जड़ी. उन्होंने 33 गेंदों में पचासा पूरा किया. इस पारी में छह चौके और एक छक्का शामिल रहा. और इस पारी के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच भी चुना गया.
विराट ने बताया, आउट ना होते तो दिल्ली के बोलर्स के साथ क्या करते!
विराट ने बता दिया अपना प्लान.


कोहली ने इस मैच में तीन कैच भी लिए. DC को हराने के बाद कोहली ने सबसे पहले अपने कैच पर बात की. उन्होंने कहा,
'पहला कैच थोड़ा ट्रिकी था क्योंकि गेंद काफी ऊपर गई थी. सबसे पहले तो मैंने पक्का किया कि कोई मेरे आसपास ना हो, जिससे मेरे पास गेंद को जज करने का स्पेस रहे. ये वाला थोड़ा मुश्किल था, लेकिन बाकी दोनों आसान थे. मैं थोड़ा निराश था कि मैं एक फुल टॉस पर आउट हो गया.
मैं सच में अच्छा खेल रहा था और जब मैं 50 पर आउट हुआ, तो मैं अगली 10 गेंदों पर 30-35 रन बनाना चाह रहा था. मैं ऐसे ही खेलता हूं और इससे हमें 200 के पार जाने में मदद मिलती. ड्रेसिंग रूम में मैंने कहा था कि इस पिच पर 175 ठीक स्कोर है. लग रहा था कि पिच स्लो हो गई है.'
मैच की बात करें तो दिल्ली के कप्तान डेविड वॉर्नर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग का फैसला किया. विराट कोहली और फाफ डु प्लेसी ने RCB को अच्छी शुरुआत दिलाई. उन्होंने 4.4 ओवर्स में 42 रन जोड़ डाले. और इसी स्कोर पर डु प्लेसी 22 रन बनाकर आउट हुए. मिच मार्श की गेंद पर उनका बेहतरीन कैच अमान खान ने पकड़ा.
नंबर तीन पर आए महिपाल लोमरोर ने 18 गेंदों पर 26 रन बनाए. जबकि ग्लेन मैक्सवेल ने 14 गेंदो पर 24 रन बनाए. शहबाज़ अहमद 12 गेंदों पर 20 रन बनाकर नाबाद लौटे. जबकि अनुज रावत ने 22 गेंदों पर 15 रन बनाए. विराट कोहली ने टीम के लिए सबसे ज्यादा 50 रन की पारी खेली. उन्होंने यह रन 34 गेंदों पर बनाए. RCB ने 20 ओवर्स में छह विकेट खोकर 174 रन बनाए.
दिल्ली के लिए मिच मार्श और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट निकाले. जबकि अक्षर पटेल और ललित यादव के हिस्से एक-एक विकेट आया.
जवाब में दिल्ली की शुरुआत बहुत ही खराब हुई. उन्होंने सिर्फ़ दो रन पर तीन विकेट गंवा दिए. पृथ्वी शॉ को अनुज रावत ने अपनी बेहतरीन फील्डिंग का शिकार बनाया. जबकि मिच मार्श को वेन पर्नेल की गेंद पर कोहली ने लपका. और यश धुल चार गेंद पर एक रन बनाकर मोहम्मद सिराज की गेंद पर LBW हुए. 30 के टोटल तक डेविड वॉर्नर भी लौट गए. जबकि 53 पर अभिषेक पोरेल आउट हुए. मनीष पांडेय ने दिल्ली के लिए 38 गेंदों पर 50 रन की पारी खेली.
अक्षर पटेल ने 21, अनरिख नॉर्क्या ने 23 और अमान खान ने 18 रन बनाए. RCB के लिए डेब्यू कर रहे विजय कुमार ने सबसे ज्यादा तीन विकेट निकाले. जबकि मोहम्मद सिराज को दो विकेट मिले. पर्नेल, वानिंदु हसरंगा और हर्षल पटेल ने एक-एक विकेट निकाला.
वीडियो: RCB के हर्षल पटेल इस रूल की वजह से रनआउट नहीं कर पाए






















