The Lallantop

BCCI के फोन कॉल्स का जवाब नहीं दे रहे हैं विराट कोहली?

टीम के साथ क्वारंटाइन में नहीं हैं विराट

Advertisement
post-main-image
भारतीय टेस्ट कप्तान विराट कोहली (पीटीआई)
भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान विराट कोहली ने मुंबई में साउथ अफ्रीका दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम के साथ जुड़ने में एक और दिन की देरी कर दी है. खबर है कि विराट ने निजी कारणों के चलते टीम के बायो बबल को ज्वाइन नहीं किया है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) के एक अधिकारी का कहना है कि विराट सोमवार 13 दिसंबर को टीम के साथ जुड़ने वाले थे, लेकिन अब उन्हें एक दिन का समय और लगेगा. साउथ अफ्रीका दौरे पर जाने वाली भारतीय टीम इस समय मुंबई के किसी होटल में मौजूद है. जहां उन्हें तीन दिन के क्वारंटाइन में रहना होगा. हालांकि भारतीय कप्तान ने अभी तक टीम को ज्वाइन नहीं किया है. जिसपर BCCI के एक वरिष्ठ अधिकारी ने इनसाइड स्पोर्ट से बात करते हुए बताया,
'उन्हें आज क्वारंटाइन में शामिल होना था, लेकिन उन्होंने बताया है कि वे कुछ निजी कारणों की वजह से कल ज्वाइन करेंगे.'
इनसाइड स्पोर्ट को मिली जानकारी के मुताबिक विराट कप्तानी छिनने के चलते उदास हैं और पिछले कुछ दिनों से सिलेक्टर्स और BCCI के अधिकारियों के फ़ोन कॉल्स का जवाब नहीं दे रहे हैं. रविवार 12 दिसंबर को टीम के सभी खिलाड़ी मुंबई में लगे कैंप में इकट्ठा हुए थे. लेकिन भारतीय कप्तान ने कैंप ज्वाइन नहीं किया. इसके बाद BCCI के अधिकारी का कहना था कि विराट को इस बारे में बताया गया था कि उन्हें कैंप ज्वाइन करना है. रविवार को इनसाइड स्पोर्ट से बात करते हुए BCCI के अधिकारी ने कहा था,
'निश्चित रूप से विराट को सूचित किया गया था, लेकिन उन्होंने कैंप ज्वाइन नहीं किया है. हमे उम्मीद है कि वे कल टीम के साथ जुड़ेंगे. जोहान्सबर्ग जाने से पहले, खिलाड़ियों को तीन दिन के बायो बबल में रहना होगा.'
भारत का साउथ अफ्रीका दौरा 26 दिसंबर से शुरू हो रहा है. इसके लिए भारतीय टीम 16 दिसंबर को मुंबई से रवाना होगी. अफ्रीका जाने से पहले भारतीय टीम को 13 से 15 दिसंबर तक क्वारंटाइन में रहना है. सीरीज़ की शुरुआत तीन टेस्ट मैचों से होगी. पहला टेस्ट 26 दिसंबर से, दूसरा 3 जनवरी से और तीसरा टेस्ट मैच 11 जनवरी से खेला जाएगा. टेस्ट के बाद तीन वनडे मैच भी खेले जाएंगे जो 19, 21 और 23 जनवरी को होंगे.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement