The Lallantop

विनेश फोगाट अब कुश्ती लड़ेंगी या नहीं? रेसलर का ये जवाब सुन फैन्स झूम उठेंगे!

Vinesh Phogat: गोल्ड मेडल से चूकीं पहलवान विनेश फोगाट देश वापस आ गई हैं. इस दौरान उनका जोरदार स्वागत हुआ. उन्होंने संन्यास के अपने फैसले पर भी बात की है.

Advertisement
post-main-image
विनेश फोगाट (फोटो - पीटीआई )

भारतीय रेसलर विनेश फोगाट ने अपने संन्यास लेने के फैसले को लेकर कुछ भी तय नहीं किया है. विनेश ने पेरिस ओलंपिक्स में अयोग्य घोषित होने के बाद अचानक से कुश्ती से संन्यास लेने का फैसला किया था. 8 अगस्त की सुबह फोगाट ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अपने रिटायरमेंट की घोषणा की थी. विनेश ने पेरिस में शानदार प्रदर्शन किया था और फाइनल में पहुंचने में सफल रही थीं. वो पहली भारतीय महिला पहलवान थीं जो ओलंपिक्स के फाइनल तक पहुंची थीं. लेकिन स्वर्ण पदक मुकाबले से ठीक पहले उनका वजन तय मानकों से 100 ग्राम ज्यादा पाया गया था. और उन्हें अयोग्य घोषित कर दिया गया था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, 17 अगस्त को विनेश पेरिस से भारत लौट आईं. जब वो दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पहुंचीं, तो उनका जोरदार स्वागत किया गया. हरियाणा में अपने गांव बलाली पहुंचने पर विनेश ने कहा कि वह अपने संन्यास के फैसले को लेकर अनिश्चित हैं. उन्होंने हालांकि इस मामले में ज्यादा कुछ नहीं बोला, लेकिन आश्वासन दिया कि उनकी लड़ाई जारी रहेगी. विनेश ने कहा,  

‘ओलंपिक पदक से चूकना एक गहरा जख्म है जिससे उबरने में समय लगेगा. लेकिन मैं देशवासियों, परिवार और गांव वालों का धन्यवाद देती हूं जिन्होंने मुझे इतना प्यार दिया और इस दुख से उबरने में मेरी मदद की. मुझे लगा कि मैं कुश्ती छोड़ दूंगी, लेकिन फिलहाल कुछ नहीं कह सकती कि मैं कुश्ती छोड़ूंगी या इसे जारी रखूंगी.’

Advertisement

उन्होंने आगे कहा, 

‘आपने मुझे जो भी साहस दिया है, उसे मैं सही दिशा में ले जाना चाहती हूं. हमारी लड़ाई खत्म नहीं हुई है. मैंने अभी इसका एक हिस्सा पार किया है लेकिन वह भी पूरा नहीं हो सका. यह एक लंबी लड़ाई है. हम पिछले एक साल से इसे लड़ रहे हैं और यह जारी रहेगी. मैं ईश्वर से प्रार्थना करती हूं कि सत्य की जीत हो.’

विनेश ने पेरिस ओलंपिक्स में अयोग्य करार दिए जाने के फैसले के खिलाफ कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन फॉर स्पोर्ट (CAS) में अपील की थी. विनेश ने अपनी अपील में उन्हें संयुक्त रूप से रजत पदक देने की मांग की थी. हालांकि, उनका यह प्रयास भी काम नहीं आया क्योंकि CAS ने उनकी अपील खारिज कर दी थी जिससे उनका पदक जीतने का सपना टूट गया था.

Advertisement

वीडियो: राहुल द्रविड़ के बेटे समित ने जड़ा शानदार छक्का, महाराजा T20 ट्रॉफी मैच का बैटिंग वीडियो वायरल!

Advertisement