The Lallantop

वैभव सूर्यवंशी का टीम इंडिया का टिकट पक्का? सिलेक्टर्स ये आंकड़े इग्नोर नहीं कर पाएंगे

क्रिकेट इतिहास में कुछ पारियां ऐसी होती हैं, जो अमर हो जाती हैं. 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने ऐसी ही एक पारी इंग्लैंड के ख‍िलाफ U19 वर्ल्ड कप के फाइनल में खेल दी है. उन्होंने महज 80 गेंदों में 175 रन बनाए हैं.

Advertisement
post-main-image
वैभव सूर्यवंशी ने U19 वर्ल्ड कप के फाइनल में इंग्लैंड के ख‍िलाफ बनाए 175 रन. (फोटो-BCCI)

वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) ने हरारे में कमाल कर दिया. U-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में वैभव ने ताबड़तोड़ पारी खेलते हुए महज 80 गेंदों में 175 रन बना दिए. इंग्लैंड के ख‍िलाफ उनकी इस धुआंधार पारी के दम पर भारतीय टीम ने 9 विकेट पर 411 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया. ये U19 वर्ल्ड कप के फाइनल के इतिहास का सबसे बड़ा टोटल है.  

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

वैभव ने अपनी पारी के दौरान 15 चौके और इतने ही छक्के जड़ दिए. यानी 175 रन की पारी में वैभव ने 150 रन तो सिर्फ बाउंड्री से बटोर लिए. इस दौरान वैभव ने महज 55 गेंदों पर अपनी सेंचुरी पूरी कर ली. इसी के साथ वह टूर्नामेंट इतिहास के दूसरे सबसे तेज सेंचुरियन बन गए. वैभव के 175 रन U19 वर्ल्ड कप के फाइनल में अब तक का सबसे बड़ा इंडिविजुअल स्कोर भी है.

ओपनिंग करते हुए वैभव ने शुरुआत संभलकर की. लेकिन, एक बार सेट होने के बाद उन्होंने इंग्लैंड के गेंदबाज़ों की खूब खबर ली. वैभव को अपनी फिफ्टी पूरी करने में 32 गेंदें लगीं. लेकिन, एक बार आंखें जमने के बाद उन्होंने 50 से 100 तक पहुंचने के लिए महज 23 बॉल्स ली. सेंचुरी पूरी होने के बाद भी वैभव नहीं रुके. उन्होंने महज 25 गेंदों में इसके बाद 75 रन जोड़ दिए.

Advertisement
रिकॉर्ड्स की लगाई झड़ी

वैभव ने U-19 क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया.  उन्होंने 71 गेंदों में ये माइलस्टोन पूरा किया. इससे पहले, यह रिकॉर्ड इंग्लैंड के बेन मेयस के नाम था, जिन्होंने इसी टूर्नामेंट में 98 गेंदों में 150 रन बनाए थे. वैभव की आक्रामक पारी का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि वेदांत त्रिवेदी ने वैभव के 100 और 150 रन के बीच महज चार गेंदें खेलीं.

वैभव की बल्लेबाज़ी का असर ऐसा था कि 25 ओवर के बाद भारत ने 250 रन बना लिए थे. स्कोर प्रीडिक्टर 500 रन दिखा रहा था. हालांकि, 26वें ओवर में वह मैनी लम्सडन की बॉल पर स्कूप करने की कोशिश में आउट हो गए. गेंद उनके ग्लव्स से लगकर विकेटकीपर थॉमस रेव के हाथों में चली गई. उनके आउट होते ही इंग्लैंड के गेंदबाजों ने राहत की सांस ली. कई प्लेयर मैदान पर ही वैभव को बधाई देते नजर आए. क्योंकि ये एक ऐसी पारी थी, जो वर्ल्ड कप फाइनल में कम ही देखने को मिलती है.

वैभव को म्हात्रे का मिला साथ 

इससे पहले, वैभव ने कप्तान आयुष म्हात्रे के साथ दूसरे विकेट के लिए 19 ओवर में 142 रन की पार्टनरश‍िप की. म्हात्रे ने इस दौरान 51 गेंदों में 53 रन बनाए और अर्धशतक पूरा करने के तुरंत बाद आउट हो गए. वहीं, वैभव की बात करें तो, उन्होंने टूर्नामेंट में कुल 30 छक्के जड़े. इसी के साथ उन्होंने 2022 से चले आ रहे दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस के 18 छक्कों का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. वह टूर्नामेंट इतिहास के सबसे कम उम्र के सेंचुरियन भी बन गए.  

Advertisement

वहीं, मैच की बात करें तो, वैभव के आउट होने के बाद अभिग्यान कुंडू के 40 रन, वेदांत त्रिवेदी के 32 रन, विहान मल्होत्रा के 30 रन और कनिष्क चौहान के 37 रन के दम पर टीम 400 के पार पहुंच गई. इंग्लैंड ने बीच के ओवरों में वापसी की कोशिश की, लेकिन भारत को 400 का आंकड़ा पार करने से रोक नहीं पाया.

ये भी पढ़ें : 15 छक्के, 15 चौके, 175 रन... 14 साल के वैभव ने 'अंग्रेजों को बैटिंग सिखा दी'

यूथ ODI में बढ़ रहा वैभव का दबदबा

वहीं, यूथ ODI की बात करें तो, वैभव सूर्यवंशी का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है. उन्होंने महज 25 पारियों में 110 छक्के जड़ दिए हैं. उनके बाद दूसरे नंबर पर बांग्लादेश के ज़वाद अबरार हैं. अबरार ने 33 पारियों में 55 छक्के ही लगाए हैं. यानी वैभव उनसे ठीक दोगुना छक्के लगा चुके हैं. फाइनल में जबरदस्त पारी के दौरान वैभव ने हरारे स्पोर्ट्स क्लब के मैदान को अपना निजी मैदान बना लिया था. इस दौरान उन्होंने यूथ ODI क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया. वैभव ने अपने ही 14 छक्कों के पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया.  

व‍िजय जोल का भी टूटा र‍िकॉर्ड

वैभव इसी के साथ U19 ODI क्रिकेट में भारत की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर भी बन गए. U19 ODI में अब वैभव के 1412 रन हो गए हैं. उन्होंने इस मामले में विजय जोल को पीछे छोड़ दिया. विजय के नाम U19 ODI में 1404 रन हैं.  

फाइनल में आई वैभव की इस धमाकेदारी पारी की बदौलत भारतीय टीम U19 वर्ल्ड कप के प्लेऑफ मुकाबले में 350+ स्कोर बनाने वाली पहली टीम बन गई. इससे पहले यह रिकॉर्ड भी भारत के ही नाम था. भारत ने जब 2016 के क्वार्टर फाइनल में नामीबिया के खिलाफ 6 विकेट पर 349 रन बनाए थे. उस मैच में भारतीय टीम की ओर से ऋषभ पंत ने 96 गेंदों में 111 रन ठोके थे.

सबसे बड़े टोटल का भी टूटा रिकॉर्ड

वहीं, U19 वर्ल्ड के फाइनल मुकाबले में इससे पहले सबसे बड़ा स्कोर ऑस्ट्रेलिया का था. 2024 में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने भारत के खिलाफ 7 विकेट पर 253 रन बनाए थे. वहीं, U19 वर्ल्ड कप इतिहास में भारत का ये तीसरा 400+ स्कोर है. किसी भी अन्य टीम ने अब तक एक से ज्यादा बार 400 का आंकड़ा नहीं छुआ है. U19 वर्ल्ड कप में सबसे बड़ा रन चेज़ 311 रन का है. भारतीय टीम ने ही इस बार सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ ये लक्ष्य हासिल किया था.

वीडियो: वैभव सूर्यवंशी ने U-19 एशिया कप के पहले मैच में मारे 171 रन

Advertisement