फिर फंसे शोएब. (फोटो - ट्विटर)
T20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान शानदार प्रदर्शन कर रहा है. मंगलवार, 26 अक्टूबर को पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराकर अपनी दूसरी जीत हासिल कर ली है. टीम में शामिल खिलाड़ी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन चर्चा अब भी बाहर बैठे पूर्व खिलाड़ियों के हिस्से में जा रही है. और इन खिलाड़ियों के लीड कर रहे हैं शोएब अख्तर. भारत के खिलाफ पाकिस्तान की जीत के बाद भज्जी को ट्रोल कर चर्चा में आए थे. और अब न्यूज़ीलैंड के खिलाफ खत्म हुए मैच के बाद शोएब फिर सोशल मीडिया पर ट्रेंड हो गए हैं.
# क्या है मामला?
दरअसल, शोएब अख्तर पीटीवी स्पोर्ट्स के शो पर गेस्ट के रूप में गए थे. और इसमें पाकिस्तान बनाम न्यूज़ीलैंड मुकाबले पर चर्चा हो रही थी. शोएब अख्तर के साथ शो में सर विवियन रिचर्ड्स, डेविड गावर, राशिद लतीफ, उमर गुल, आकिब जावेद और पाकिस्तान वुमन टीम की कप्तान सना मीर भी शामिल थी. शो के होस्ट नौमान नियाज़ ने शोएब से एक सवाल किया था, जिसको पूरी तरीके से इग्नोर करते हुए शोएब न्यूजीलैंड के खिलाफ शानदार गेंदबाजी कर चार विकेट लेने वाले हारिस रउफ के बारे में बात करने लगे. शोएब ने PSL और वहां खेलने वाली हारिस की टीम लाहौर कलंदर्स और हारिस को खोजने और सपोर्ट करने के लिए टीम के कोच आकिब की तारीफ करने लगे. पूर्व टेस्ट पेसर आकिब की तारीफ करते हुए शोएब बोले,
‘यही वो व्यक्ति हैं जिनको सारा क्रेडिट का जाना चाहिए. यह लाहौर कलंदर्स था जिसने हमें हारिस रऊफ दिया.’
नौमान ने शोएब की बात को कई बार काटने की कोशिश की. साथ ही कहा कि शोएब उनके साथ दुर्व्यवहार कर रहे हैं. वो इस व्यवहार को कतई बर्दाश्त नहीं करेंगे. ऐसी परिस्थिति में बेहतर है कि वो शो छोड़कर चले जाएं. नौमान ने कहा,
‘तुमने मेरे साथ दुर्व्यवहार किया है और मैं तुमसे कह रहा हूं कि तुम अब शो छोड़ सकते हो’.
यही कहकर नौमान ने एक ब्रेक ले लिया. और जब ब्रेक के बाद वापस आए तो शोएब वहां नहीं थे. और इस बात से होस्ट नौमान को तो कोई फ़र्क नहीं पड़ा, लेकिन शो के बाकी गेस्ट थोड़े हैरान नज़र आए. शोएब ने भी बाकी गेस्ट से माफी मांगी और चैनल के साथ अपने कॉन्ट्रैक्ट को खत्म कर दिया. शोएब ने कहा,
‘इसके लिए मुझे खेद है लेकिन मैं पीटीवी स्पोर्ट्स से तुरंत इस्तीफा दे रहा हूं, क्योंकि देश के सामने लाइव टेलीविजन पर मेरा अपमान किया गया. और मेरे साथ बुरा व्यवहार किया गया है.’
# सोशल मीडिया पर सफाई बीच शो से शोएब के जाने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने शो के होस्ट नौमान नियाज़ से माफी मांगने की अपील शुरू कर दी. शोएब का वीडियो सोशल प्लेटफॉर्म पर खूब वायरल होने लगा. जिसके बाद शोएब ने खुद आकर जवाब दिया. शोएब ने कहा,
‘सोशल मीडिया पर कई क्लिप वायरल हो रही हैं तो मैंने सोचा कि मैं स्पष्ट कर दूं.- ‘डॉ. नौमान घृणित और असभ्य थे, उन्होंने मुझे शो छोड़ने के लिए कहा, यह शर्मनाक था. खासकर तब, जब सेट पर विवियन रिचर्ड्स और डेविड गावर जैसे लेजेंड्स के साथ कुछ ऐसे लोग भी बैठे हों, जिन्होंने मेरे साथ ही खेला है.’
अपनी बात आगे बढाते हुए शोएब ने कहा,
‘और सीनियर्स और लाखों लोग आपको देख रहे हैं. मैंने यह कहकर सभी को शर्मिंदगी से बचाने की कोशिश की, कि मैं आपसी समझ को देखते हुए डॉ नौमान की टांग खींच रहा हूं. डॉ नौमान भी शांति से माफी मांग लेंगे और शो आगे बढ़ जाएगा. लेकिन उन्होंने ऐसा करने से मना कर दिया. और फिर मेरे पास कोई रास्ता नहीं बचा.’
बता दें कि शोएब अख्तर पाकिस्तान के लेंजेंडरी क्रिकेटर्स में शामिल होते है. वो पाकिस्तान के लिए 46 टेस्ट और 163 वनडे मुकाबले खेल चुके हैं.